4 दिन की रिमांड में अतीक अहमद और अशरफ के तीनों हत्यारोपी, SIT क्राइम सीन करेगी रीक्रिएट

सीजेएम कोर्ट ने बुधवार को माफिया अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ के तीनों हत्यारोपियों की कस्टडी रिमांड मंजूर कर ली. एसआईटी को तीनों आरोपियों की चार दिन की कस्टडी रिमांड मिली है. वैसे एसआईटी की ओर से सीजेएम कोर्ट में अर्जी दाखिल कर 7 दिनों की कस्टडी रिमांड मांगी गई थी. अब एसआईटी आरोपियों को कस्टडी में लेकर अब पूछताछ करेगी और क्राइम सीन भी रीक्रिएट करेगी.

अतीक-अशरफ हत्याकांड में एसआईटी विवेचना के जरिए सबूत जुटाएगी और क्राइम सीन रीक्रिएट करेगी. आज शाम मोतीलाल नेहरू मंडलीय चिकित्सालय काल्विन ले जाकर एसआईटी क्राइम सीन रीक्रिएट कर सकती है. एसआईटी तीनों आरोपियों का बयान अदालत की अनुमति से दर्ज कर चुकी है. इससे पहले कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच तीनों आरोपियों लवलेश तिवारी, सनी सिंह और अरुण मौर्या को प्रतापगढ़ जेल से लाकर पुलिस ने सीजेएम कोर्ट में पेश किया. सीजेएम डीके गौतम की कोर्ट ने सुनवाई के बाद कस्टडी रिमांड मंजूर की. कस्टडी रिमांड पूरा होने के बाद 23 अप्रैल को आरोपियों को पुलिस कोर्ट में पेश करेगी. आरोपियों की पेशी को लेकर जिला कोर्ट में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे.

यह भी पढ़ें: समलैंगिक विवाह मामले में केंद्र ने दायर किया नया हलफनामा, सुप्रीम कोर्ट से की ये अपील

हत्या की आशंका को देखते हुए पुलिस ने भारी सुरक्षा के बीच तीनों आरोपियों को कोर्ट परिसर से दौड़ाते  हुए बाहर निकाला. पुलिस को ख़ुफ़िया विभाग से हमले की सूचना मिली थी. लिहाजा पुलिस ने को भी लापरवाही नहीं नारती. बता दें कि आरोपियों ने 15 अप्रैल की शाम मेडिकल कराने के लिए काल्विन अस्पताल गए माफिया अतीक अहमद और अशरफ की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी थी.

Related Articles

Back to top button