कल रुद्रपुर पहुंचेंगे सीएम धामी, जिले को देंगे 100 करोड़ से अधिक की योजनाओं की सौगात

रुद्रपुर (ऊधम सिंह नगर)। उत्तराखंड की तराई क्षेत्र की प्रमुख नगरी रुद्रपुर में विकास और संस्कृति का उत्सव शुरू होने जा रहा है। नगर निगम के सफल एक वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 14 फरवरी से 23 फरवरी तक यूएस नगर कार्निवल और सरस मेला का 10 दिवसीय भव्य आयोजन होगा। इस ऐतिहासिक उत्सव का शुभारंभ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी करेंगे, जो रुद्रपुरवासियों को 100 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करके बड़ी सौगात देंगे।

इसे भी पढ़ें- सीएम धामी ने लॉन्च किया TMS पोर्टल, क्षेत्रीय जरूरत के हिसाब से दी जाएगी ट्रेनिंग, रुकेगा पलायन

ऐतिहासिक होगा उत्सव

इस बात की जानकारी देते हुए मेयर विकास शर्मा ने बृहस्पतिवार को भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि “एक साल बेमिसाल उत्सव” के रूप में यह कार्यक्रम शहर की सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और विकास यात्रा को नई ऊर्जा देगा।

उन्होंने कहा, यह उत्सव ऐतिहासिक होगा। हमने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। मुख्यमंत्री के आगमन से रुद्रपुर में विकास की रफ्तार और तेज होगी। मेयर ने बताया कि 14 फरवरी को दोपहर ढाई बजे सीएम धामी रुद्रपुर पहुंचेंगे। सबसे पहले वे इंदिरा चौक (अब त्रिशूल चौक) पर नवनिर्मित भव्य त्रिशूल का लोकार्पण करेंगे। यह त्रिशूल न केवल भगवान शिव की आस्था का प्रतीक है, बल्कि शहर की सांस्कृतिक पहचान का नया केंद्र बनेगा। कुमाऊं के प्रवेश द्वार पर स्थापित यह त्रिशूल बाहर से आने वालों को शक्ति और आध्यात्मिक चेतना का संदेश देगा।

कांवड़ियों का करेंगे स्वागत

त्रिशूल के लोकार्पण के बाद मुख्यमंत्री हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौटने वाले कांवड़ियों का स्वागत और सम्मान करेंगे। इसके बाद त्रिशूल चौक से एक विशाल शिव बारात निकाली जाएगी, जो नगर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए गांधी पार्क पहुंचेगी। बारात में हजारों भक्त और स्थानीय लोग शामिल होंगे।

गांधी पार्क पहुंचकर मुख्यमंत्री यूएस नगर कार्निवल और सरस आजीविका मेला का विधिवत शुभारंभ करेंगे। इस दौरान वे 100 करोड़ से अधिक की लागत वाली विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। ये योजनाएं सड़क, जलापूर्ति, पार्क, सार्वजनिक सुविधाएं, बुनियादी ढांचा और अन्य क्षेत्रों से जुड़ी होंगी, जो रुद्रपुर के समग्र विकास को गति देंगी।

 15 से 23 फरवरी तक होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम

उसी शाम श्री अमरनाथ जी सेवा मंडल की ओर से आयोजित विशाल शिव जागरण का भी शुभारंभ मुख्यमंत्री ज्योति प्रज्वलित करके करेंगे। जागरण रात भर चलेगा और भक्तों के लिए आध्यात्मिक अनुभव का अवसर प्रदान करेगा। 10 दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रमों की झलक 15 से 23 फरवरी तक गांधी पार्क में रोज शाम को विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे, जो शहर की प्रतिभाओं को मंच देंगे और पर्यटकों को आकर्षित करेंगे।

इसे भी पढ़ें- उत्तराखंड पहुंचे राजनाथ सिंह और योगी आदित्यनाथ, सीएम धामी ने एयरपोर्ट पर किया स्वागत

ये कार्यक्रम किये जाएंगे प्रस्तुत

15 फरवरी: संकल्प खेतवाल और हरीश भट्ट की लोकप्रिय प्रस्तुति।
16 फरवरी: सैंड आर्ट के साथ पंजाबी सुपरस्टार जस्सी गिल और बलराज राज (बलवल राय) अपने हिट गीतों से समां बांधेंगे।
17 फरवरी: इमान चक्रवर्ती की मधुर प्रस्तुति और एनसी सरकार का रोमांचक मैजिक शो।
18 फरवरी: हिमनात और बंटी राणा की जोड़ीदार परफॉर्मेंस।
19 फरवरी: रूपेश मिश्रा और श्वेता मेहरा का संगीतमय कार्यक्रम।
20 फरवरी: गोविंद दिगारी, खुशी दिगारी और फौजी ललित मोहन जोशी की लोक-देशभक्ति प्रस्तुति।
21 फरवरी: साधो बैंड की एनर्जेटिक परफॉर्मेंस और श्री राम कला केंद्र द्वारा रामलीला का भव्य मंचन।
22 फरवरी: पवनदीप राजन और जितेंद्र तोमक्याल का म्यूजिकल शो।
23 फरवरी: समापन पर पांडवा बैंड की धमाकेदार प्रस्तुति।

कार्यशालाएं भी लगेंगी

ये कार्यक्रम स्थानीय कलाकारों के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर के सितारों को जोड़ते हैं, जिससे उत्सव में रौनक बढ़ेगी। सरस मेला में आजीविका से जुड़े स्टॉल, हस्तशिल्प, ग्रामीण उत्पाद और कार्यशालाएं भी लगेंगी, जो स्थानीय महिलाओं और कारीगरों को बाजार प्रदान करेंगी।

यह आयोजन नगर निगम के एक वर्ष के कार्यकाल की उपलब्धियों को प्रदर्शित करने के साथ-साथ वन डिस्ट्रिक्ट-वन फेस्टिवल नीति के तहत ऊधम सिंह नगर जिले के सांस्कृतिक उत्सव का हिस्सा है। मुख्यमंत्री धामी के बार-बार ऐसे कार्यक्रमों में शामिल होने से राज्य सरकार की विकास और संस्कृति को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता दिखती है। मेयर विकास शर्मा ने बताया कि तैयारियां अंतिम चरण में हैं।

दिव्य-भव्य बनाने में जुटा नगर निगम

नगर निगम, भाजपा कार्यकर्ता, अमरनाथ सेवा मंडल और अन्य संगठन मिलकर इसे दिव्य-भव्य बनाने में जुटे हैं। DM और पुलिस प्रशासन भी सुरक्षा और यातायात व्यवस्था सुनिश्चित कर रहे हैं। रुद्रपुरवासी इस उत्सव को लेकर उत्साहित हैं। यह न केवल विकास की सौगात लाएगा, बल्कि शहर की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करेगा। 14 फरवरी से शुरू होने वाला यह 10 दिवसीय महोत्सव रुद्रपुर को उत्तराखंड का एक प्रमुख सांस्कृतिक केंद्र बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

 

इसे भी पढ़ें- सीएम धामी का बड़ा फैसला: विकास योजनाओं के लिए ₹508 करोड़ की धनराशि को मंजूरी

Related Articles

Back to top button