मथुरा। यमुना एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसे में छह यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा मथुरा जिले के सुरीर थाना क्षेत्र में रात करीब 2:45 बजे हुआ, जब नोएडा से कानपुर जा रही एक बस को एक्सप्रेसवे पर रोका गया था।
पुलिस के अनुसार, बस को इसलिए रोका गया था क्योंकि एक यात्री शौचालय जाने के लिए नीचे उतरा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार कंटेनर ट्रक ने बस के किनारे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस से उतरकर सड़क किनारे खड़े छह यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया।
सुरीर थाना प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान औरैया निवासी सोनू (32), अनुराग (27), बस्ती निवासी देवेश (32), कन्नौज निवासी असलम (27), दिल्ली निवासी संतोष (45) और फिरोजाबाद निवासी प्रमोद (35) के रूप में हुई है।गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की पहचान औरैया निवासी शिवकांत दुबे (46) के रूप में की गई है, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत स्थिर लेकिन चिंताजनक बनी हुई है।
हादसे के बाद बस और कंटेनर दोनों के चालक मौके से फरार हो गए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने बताया कि इस दुर्घटना में कुल तीन लोग घायल हुए थे, जिनमें से दो को मामूली चोटें आईं, जबकि एक की हालत गंभीर है। फरार कंटेनर चालक की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
जिलाधिकारी चंद्रप्रकाश सिंह ने बताया कि मृतकों के शवों का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है और सभी मृतकों व घायलों के परिजनों को शासन की ओर से नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। हादसे के बाद बस में सवार अन्य यात्रियों को उनके गंतव्य तक सुरक्षित भेजने की व्यवस्था की गई है।
इस हादसे ने एक बार फिर यमुना एक्सप्रेसवे पर रात के समय तेज रफ्तार और सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की गहन पड़ताल की जा रही है।



