
देहरादून। उत्तराखंड में कानून-व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि, प्रदेश में अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और कानून व्यवस्था से किसी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मुख्यमंत्री आवास में बुधवार को आयोजित उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में सीएम धामी ने डीजीपी सहित वरिष्ठ अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि, सभी अपराधों पर तत्काल मुकदमे दर्ज किए जाएं और दोषियों के खिलाफ कठोर एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इसे भी पढ़ें- सीएम धामी ने लॉन्च किया TMS पोर्टल, क्षेत्रीय जरूरत के हिसाब से दी जाएगी ट्रेनिंग, रुकेगा पलायन
गश्त और निगरानी बढ़ाई जाए
बैठक में मुख्य सचिव, गृह सचिव, एडीजीपी (कानून व्यवस्था), गढ़वाल कमिश्नर और अन्य वरिष्ठ पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि आदतन अपराधी और संगठित अपराध में लिप्त तत्वों पर सतत निगरानी रखी जाए। ऐसे तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ विधिक प्रावधानों के तहत सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि समाज में कानून का भय स्थापित हो और आमजन सुरक्षित महसूस करे। उन्होंने जोर दिया कि, पुलिस पूरी सक्रियता, सतर्कता और जवाबदेही के साथ काम करे। थानों और चौकियों की कार्यप्रणाली को मजबूत किया जाए तथा संवेदनशील इलाकों में गश्त और निगरानी बढ़ाई जाए।
लापरवाही बर्दाश्त नहीं
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बैठक में अपनी सरकार के ‘अपराध मुक्त उत्तराखंड’ के संकल्प को दोहराया। उन्होंने कहा कि, प्रदेश की शांति, सुरक्षा और सुशासन सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना शासन की मूल जिम्मेदारी है और इसमें किसी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि परिणाम धरातल पर दिखाई दें और जनता को सुरक्षा का वास्तविक अनुभव हो। उन्होंने कहा कि, कानून हाथ में लेने वाले, असामाजिक तत्व और शांति भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।
इसे भी पढ़ें- उत्तराखंड पहुंचे राजनाथ सिंह और योगी आदित्यनाथ, सीएम धामी ने एयरपोर्ट पर किया स्वागत
सीएम धामी ने शहरी क्षेत्रों में यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस को निर्देशित किया कि, संवेदनशील क्षेत्रों में रात्रि गश्त बढ़ाई जाए, आमजन से संवेदनशील व्यवहार अपनाया जाए और पुलिस स्टेशनों की कार्यक्षमता में सुधार लाया जाए। बैठक में कानून व्यवस्था से जुड़े मामलों की नियमित समीक्षा करने और हर स्तर पर जवाबदेही तय करने पर भी जोर दिया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जीरो टॉलरेंस की नीति लागू रहेगी और लापरवाही पर कोई समझौता नहीं होगा।
अपराधियों को चेतावनी
मुख्यमंत्री ने बैठक में अपराधियों को चेतावनी देते हुए कहा कि, अब कोई अपराधी बच नहीं पाएगा। उन्होंने पुलिस को सक्रिय एवं परिणामोन्मुखी कार्यवाही के आदेश दिए। विशेष रूप से संगठित अपराध, आदतन अपराधियों और ऐसे तत्वों पर फोकस करने को कहा गया जो प्रदेश की शांति को भंग करने की कोशिश करते हैं। सीएम धामी ने जोर दिया कि कानून का राज मजबूत हो, तभी विकास और सुशासन संभव है।
यह बैठक हाल के कुछ आपराधिक घटनाओं के बाद हुई है, जिसमें मुख्यमंत्री ने कानून व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए सख्त कदम उठाने का फैसला किया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि अपराधों की रोकथाम के लिए समन्वित प्रयास किए जाएं और जनता की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई हो। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बैठक के बाद कहा कि उनकी सरकार जनता की सुरक्षा और अपराध मुक्त प्रदेश बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने सभी स्तरों पर अधिकारियों से सहयोग की अपील की और कहा कि परिणाम दिखने चाहिए, अन्यथा जवाबदेही तय की जाएगी।
इसे भी पढ़ें- पुष्कर सिंह धामी ने किया शारदा कॉरिडोर का शिलान्यास, माघ खिचड़ी में भी हुए शामिल



