
मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में एक हृदय विदारक घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। महावन तहसील के अंतर्गत ग्राम खप्पर पुर में एक किसान परिवार के पांच सदस्यों ने जहरीला पदार्थ खाकर सामूहिक आत्महत्या कर ली। मृतकों में 35 वर्षीय किसान मनीष, उनकी पत्नी सीमा (32), दो बेटियां हनी (बड़ी) और प्रियांशी और मात्र दो वर्षीय बेटा पंकज शामिल है।
इलाके में फैली दहशत
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और जांच पड़ताल करके घर सील कर दिया। साथ ही आस पड़ोस से पूछताछ करके परिवार के बारे में अधिक जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है। घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जुट गई है और इलाके में दहशत का माहौल है।
इसे भी पढ़ें- उत्तर प्रदेश के संत कबीर नगर में आंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त, प्राथमिकी दर्ज
भयानक नजारा देख सहमे लोग

बताया जा रहा है कि,घटना की खबर पड़ोसियों को तब हुई, जब सुबह काफी देर तक घर से कोई नहीं निकला और न ही कोई आवाज आ रही थी, तो उन्होंने दरवाजा खटखटाया, लेकिन दरवाजा भी नहीं खुला। इसके बाद पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। घटना की खबर मिलते ही महावन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा खुलवाने की कोशिश की, कई बार आवाज देने के बाद जब दरवाजा नहीं खुला, तो उसे तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया। अंदर जाते ही भयानक नजारा दिखा। सभी पांचों सदस्यों के शव कमरे में पड़े थे और जहरीले पदार्थ की दुर्गन्ध भी फैली थी।
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया ये मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। सभी ने जहरीला पदार्थ खाकर ख़ुदकुशी की है। शवों पर कोई बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए। फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है, ताकि जहर की प्रकृति और मौत के सटीक कारण का पता लगाया जा सके।
दीवार पर लिखा था सुसाइड नोट
पुलिस जांच में सबसे महत्वपूर्ण सुराग घर की दीवार पर लिखा संदेश मिला है। इस संदेश में लिखा है “हम अपनी इच्छा से आत्महत्या कर रहे हैं।” यह शब्द दीवार पर सफेद चॉक या मार्कर से लिखे गए थे, जो स्पष्ट रूप से परिवार की ओर से लिखित सुसाइड नोट माने जा रहे हैं। इसके अलावा एक अलग सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, लेकिन उसमें विस्तृत वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हुई है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि, यह संदेश परिवार के मुखिया मनीष द्वारा लिखा गया प्रतीत होता है, लेकिन हैंडराइटिंग और अन्य सबूतों की जांच जारी है। मनीष खेती किसानी का काम करता था, इसी से उसके परिवार का भरण पोषण होता था। उनकी शादी आठ साल पहले मड़नई सादाबाद की रहने वाली सीमा से हुई थी। मनीष के दो भाई गांव में ही अलग-अलग घरों में रहते हैं। परिवार आर्थिक रूप से सामान्य स्थिति में था, लेकिन हाल के दिनों में कुछ पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है। सूचना मिलते ही सीमा के पिता विजेन्द्र घटनास्थल पर पहुंच गये।
इसे भी पढ़ें- एप्पल ने उत्तर प्रदेश के सबीह खान को सीओओ नियुक्त किया
भाई से चल रहा था विवाद

उन्होंने बताया कि, वे एक दिन पहले ही बेटी और दामाद से मिलने आए थे और बातचीत हुई थी, तब उन्होंने किसी तरह की कोई बड़ी समस्या का जिक्र नहीं किया। विजेन्द्र ने रोते हुए कहा, हालांकि कुछ समय से मनीष का अपने भाई बिल्लू से विवाद चल रहा था। उन्होंने यह भी कहा कि, परिवार में किसी ने ऐसा कदम उठाने का संकेत तक नहीं दिया था। पुलिस ने आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ शुरू कर दी है। ग्रामीणों का कहना है कि मनीष का परिवार हाल के महीनों में कुछ परेशान रहता था, लेकिन ठोस वजह किसी को नहीं पता। कुछ लोगों ने पारिवारिक कलह, आर्थिक तंगी या अन्य निजी मुद्दों का जिक्र किया, लेकिन कोई स्पष्ट कारण सामने नहीं आया।
दो एंगल से मामले की जांच कर रही पुलिस
फ़िलहाल, पुलिस दोनों एंगल (हत्या और आत्महत्या) से जांच कर रही है। हालांकि, दीवार का संदेश और कोई चोट न होना आत्महत्या की ओर इशारा कर रहा है। एसएसपी और डीआईजी स्तर के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और जांच की निगरानी कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक विश्लेषण के बाद ही मौत की सटीक वजह का पता चल पायेगा। इस घटना से इलाके में सनसनी फ़ैल गई है।
ग्रामीणों दहशत में हैं। कई लोगों के दिमाग में एक ही सवाल है कि एक खुशहाल दिखने वाले परिवार ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया होगा, आखिर ऐसी क्या वजह रही होगी। पुलिस परिवार के अन्य सदस्यों और रिश्तेदारों से बात कर रही है, ताकि पारिवारिक विवाद, आर्थिक स्थिति या मानसिक स्थिति का पता लगाया जा सके। पुलिस का कहना है कि जांच की जा रही है, जल्द ही मामले का खुलासा हो जाएगा। अगर इस मामले को कोई दोषी मिलता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इसे भी पढ़ें- किसान योजनाओं के लाभार्थी मात्र नहीं, उत्तर प्रदेश के विकास के भागीदार बनेंगे : मुख्यमंत्री योगी



