
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को कहा कि उत्तर प्रदेश तेज़ी से इन्वेस्टमेंट, इनोवेशन और इंडस्ट्री के प्रमुख केंद्र के रूप में उभर रहा है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट साझा करते हुए प्रदेशवासियों को वर्ष 2017 के बाद राज्य में आए बदलावों की जानकारी दी।
इसे भी पढ़ें- कभी बेटियों का स्कूल जाना था मुश्किल, आज रात दो बजे भी बेखौफ लौटती हैं घर: सीएम योगी
पूर्ववर्ती सरकार पर निशाना
मुख्यमंत्री ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि, वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में वैश्विक निवेश को आकर्षित करने के लिए न तो कोई स्पष्ट दृष्टि थी और न ही कोई ठोस कार्ययोजना। उनके अनुसार, डबल इंजन की सरकार ने इस स्थिति को पूरी तरह बदल दिया है। उन्होंने कहा कि, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के यशस्वी नेतृत्व में ‘रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म’ के मंत्र पर चलते हुए प्रदेश में निवेश और औद्योगिक विकास की नई कार्य-संस्कृति विकसित की गई है। इसी संस्कृति ने उत्तर प्रदेश को निवेशकों की पसंदीदा मंज़िल बनाने की नींव रखी।
कानून-व्यवस्था और पारदर्शी नीतियों का असर
मुख्यमंत्री ने कहा कि, बेहतर कानून-व्यवस्था, पारदर्शी नीतियों और निवेश के अनुकूल वातावरण के कारण आज उत्तर प्रदेश देश और दुनिया के निवेशकों के लिए भरोसेमंद गंतव्य बन चुका है। उन्होंने कहा कि, इसी का परिणाम है कि प्रदेश इन्वेस्टमेंट, इनोवेशन और इंडस्ट्री का प्रमुख केंद्र बनता जा रहा है।
सिंगापुर प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक आज
इसी बढ़ते वैश्विक विश्वास को और ऊंचाई देने की दिशा में गुरुवार को नहीं, बल्कि आज ही सिंगापुर के प्रतिनिधिमंडल के साथ मुख्यमंत्री की बैठक प्रस्तावित है। बैठक में उत्तर प्रदेश में निवेश की नई संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा होगी। इसके साथ ही चल रही परियोजनाओं को गति देने और निवेश को धरातल पर उतारकर उत्पादन शुरू कराने के उपायों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।
‘हर निवेश से उद्योग, हर उद्योग से रोज़गार’
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि हर निवेश से नया उद्योग स्थापित होगा, हर उद्योग से नया रोज़गार सृजित होगा और हर रोज़गार से परिवारों में खुशहाली आएगी। इसी संकल्प के साथ उत्तर प्रदेश वन ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है।
इसे भी पढ़ें- योगी कैबिनेट: 4 लिंक एक्सप्रेसवे, रोबोटिक्स पार्क और साइबर सुरक्षा केंद्र समेत 22 प्रस्ताव पास



