
-
पिछड़ों की बात करने से पहले अखिलेश अपनी पार्टी में उन्हें बराबरी दें’, अग्रवाल का तंज
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिलदेव अग्रवाल ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर तीखा प्रहार किया है। उन्होंने सपा को एक परिवार की पार्टी करार देते हुए कहा कि, अखिलेश का PDA महज़ छलावा है। अग्रवाल ने कहा, सैफई से बाहर के नेताओं को न सम्मान मिलता है और न आगे बढ़ने का मौका। मंत्री ने कहा कि, पिछड़ों की दुहाई देने वाले अखिलेश को पहले अपनी पार्टी में गैर-यादव ओबीसी नेताओं को बराबर का अधिकार देना चाहिए।
इसे भी पढ़ें- PDA के नाम पर पिछड़ों को छल रही सपा, अनिल राजभर का अखिलेश पर तीखा प्रहार
गुंडों को मिलती थी सत्ता की छत्रछाया
अग्रवाल ने आरोप लगाया कि, सपा सरकार में अपराधी बेखौफ घूमते थे और सपा से जुड़े लोग दलितों की ज़मीनों पर कब्जा करते थे। उन्होंने कहा कि, अखिलेश के कार्यकाल में प्रदेश में माफिया राज चलता था और गुंडों को सत्ता की छत्रछाया मिलती थी। इसके उलट, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में आज यूपी में कानून का राज कायम है। माफिया खाक में मिल चुके हैं और अपराधियों का मनोबल टूट गया है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश की बेटियां सुरक्षित हैं, जबकि अखिलेश के शासन में वे घर से निकलने में भी डरती थीं।
मंत्री ने आरोप लगाया कि, सपा शासन में भर्ती का विज्ञापन निकलते ही वसूली का खेल शुरू हो जाता था। वहीं योगी सरकार में अब तक 9.50 लाख से ज़्यादा युवाओं को बिना किसी भेदभाव के सरकारी नौकरी मिल चुकी है।
जनता देगी अखिलेश को जवाब
अग्रवाल ने कहा कि, अखिलेश यादव ने चौधरी चरण सिंह और अजित सिंह के खिलाफ जो अपमानजनक बातें कही हैं, उसका जवाब प्रदेश की जनता चुनाव में देगी। उनका कहना था कि, अखिलेश जिस तरह लगातार बेतुके बयान दे रहे हैं, उससे साफ है कि वे निराश हो चुके हैं और उन्हें अपनी हार सामने दिख रही है। मंत्री ने दावा किया कि आने वाले विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में एक बार फिर भारी बहुमत के साथ एनडीए की सरकार बनेगी।
इसे भी पढ़ें- सपा शासन में दलितों की अनदेखी, भाईचारे की बात न करें अखिलेश: संजय निषाद



