
लखनऊ। राजधानी लखनऊ स्थित सीमांत मुख्यालय, सशस्त्र सीमा बल (SSB) में 20वीं अंतर-सीमांत लॉन टेनिस चैम्पियनशिप-2026 का भव्य शुभारंभ किया गया। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के शुभंकर ‘लक्ष्य’ का अनावरण SSB सीमांत मुख्यालय की महानिरीक्षक मीनू चौधरी (भा.पु.से.) की उपस्थिति में किया गया था।
इसे भी पढ़ें- लखनऊ को बनाएंगे डीप टेक हब, एचसीएल के स्थापना दिवस समारोह में बोले सीएम योगी
स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं खेल

28 से 30 अक्टूबर तक आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर महानिरीक्षक द्वारा टॉस कर विधिवत आगाज़ किया गया। इस अवसर पर उन्होंने खेलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि खेलकूद अनुशासन, शारीरिक दक्षता, टीम भावना और आपसी सौहार्द को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस प्रकार की प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने का अवसर प्रदान करती हैं।
विभिन्न सीमांतों के खिलाड़ी ले रहे हिस्सा

20वीं अंतर-सीमांत लॉन टेनिस प्रतियोगिता–2026 का मुख्य उद्देश्य बल के कार्मिकों के बीच खेल संस्कृति को प्रोत्साहित करना और उत्कृष्ट प्रदर्शन, टीम भावना एवं आपसी सहयोग की भावना को मजबूत बनाना है। इस प्रतियोगिता में विभिन्न सीमांतों से आए खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा, तकनीकी कौशल, अनुशासन और उत्कृष्ट खेल भावना का शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं।
सकारात्मक उर्जा का संचार

यह आयोजन बल के कार्मिकों और खिलाड़ियों के बीच आपसी सौहार्द, टीम भावना एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने के साथ-साथ खेल उत्कृष्टता को प्रोत्साहित करने का एक बेहद महत्वपूर्ण अवसर साबित हो रहा है। इस तरह के आयोजनों से सुरक्षा बलों के जवानों में मानसिक और शारीरिक मजबूती के साथ-साथ एक सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है, जो उनके पेशेवर जीवन में भी अत्यंत सहायक सिद्ध होता है।
इसे भी पढ़ें- अब लखनऊ में ही रोबोटिक सर्जरी, चरक हॉस्पिटल ने शुरू की अत्याधुनिक सेवा



