UP Weather Report: यूपी में वेस्टर्न डिस्टरबेंस से बदलेगा मौसम, आंधी-पानी के साथ 40 जिलों में वज्रपात का अलर्ट

लखनऊ। UP Weather Report:  उत्तर प्रदेश की सियासत ही नहीं यहां के मौसम में भी बार-बार बदलाव हो रहा। मार्च के आखिरी दिनों में जहां सूरज की तपिश से पसीने छूटने चाहिए थे, वहीं कुदरत के डबल गेम ने सबको हैरान कर दिया है। प्रदेश के आधे हिस्से में बादलों ने डेरा डाल रखा है और गरज-चमक के साथ बारिश का दौर जारी है, तो वहीं पूर्वी अंचल के कई जिलों में तीखी धूप लोगों का इम्तिहान ले रही है।

इसे भी पढ़ें- मौसम बदलते ही एक्टिव हुआ HMPV वायरस, जानें-लक्षण, इलाज और बचाव

लखनऊ में येलो अलर्ट

लखनऊ मौसम केंद्र ने आज नोएडा से लेकर आगरा और राजधानी लखनऊ तक येलो अलर्ट जारी किया है। 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली धूल भरी आंधी और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका ने किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें खींच दी हैं। आइए जानते हैं, अगले 72 घंटों में आपके शहर के मौसम का मिजाज कैसा रहने वाला है।

UP Weather

मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, आज प्रदेश का पश्चिमी संभाग सबसे ज्यादा प्रभावित रहने वाला है। दिल्ली-एनसीआर से सटे नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ और बुलंदशहर में सुबह से ही आसमान में काले बादलों का पहरा है। इन जिलों में धूल भरी आंधी के साथ मध्यम से तेज बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि, एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ की वजह से हवा की रफ्तार 40 से 50 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

पश्चिमी यूपी के अन्य जिलों जैसे मुजफ्फरनगर, बागपत, शामली, सहारनपुर और हापुड़ में भी मेघ गर्जन के साथ वज्रपात  का खतरा बना हुआ है। आगरा और मथुरा बेल्ट में भी धूल भरी आंधी चलने के आसार हैं, जिससे विजिबिलिटी कम हो सकती है। प्रशासन ने लोगों को सलाह दी है कि, आंधी के समय ऊंचे पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें।

 तेज सतही हवा चलने की चेतावनी

ब्रज क्षेत्र की बात करें तो मथुरा, अलीगढ़, आगरा, हाथरस, कासगंज, एटा, मैनपुरी और फिरोजाबाद में आज अनेक स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश की बौछारें पड़ेंगी। इन जिलों में भी तेज सतही हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है। वहीं, रूहेलखंड के बिजनौर, अमरोहा, संभल, बदायूं और मुरादाबाद में कुछ जगहों पर हल्की बारिश होने का अनुमान है।

कन्नौज, इटावा, औरैया और कानपुर जैसे औद्योगिक शहरों में भी मौसम के मिजाज तल्ख रहेंगे। यहां दिन के समय अचानक अंधेरा छा सकता है और तेज हवाओं के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। बुंदेलखंड के जालौन, हमीरपुर, झांसी, महोबा, बांदा और ललितपुर में भी छिटपुट बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट दिया गया है। नवाबों के शहर लखनऊ में आज मौसम काफी सुहावना, लेकिन अनिश्चित बना रहेगा।

मौसम विभाग के मुताबिक लखनऊ, उन्नाव, रायबरेली और फतेहपुर में अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। यहां दोपहर बाद तेज हवाओं के साथ बारिश होने का अनुमान है, जिससे तापमान में 3 से 4 डिग्री तक की गिरावट आ सकती है। इसके अलावा हरदोई, सीतापुर, और बाराबंकी में भी एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। जहां एक तरफ आधा यूपी बारिश से भीग रहा है।

इन जिलों में शुष्क रहेगा मौसम

वहीं, पूर्वी संभाग के कई जिलों में मौसम बिल्कुल शुष्क बना हुआ है। रामनगरी अयोध्या, बाबा विश्वनाथ की नगरी वाराणसी, संगम नगरी प्रयागराज और गोरखपुर में फिलहाल बारिश के आसार कम हैं। इन जिलों में आज तेज धूप निकलेगी और गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है। हालांकि, तराई के कुछ इलाकों जैसे श्रावस्ती और बहराइच में हल्की बूंदाबांदी की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता, लेकिन मुख्य रूप से यहां का मौसम साफ रहने की उम्मीद है।

UP Weather

मौसम में अचानक से आया ये बदलाव आम जनता को गर्मी से राहत तो दे रहा है, लेकिन अन्नदाताओं के लिए यह किसी आफत से कम नहीं है। इन दिनों रबी की फसलें (गेहूं, सरसों आदि) कटाई के कगार पर हैं या खलिहानों में रखी हैं। ऐसे में ओलावृष्टि, तेज आंधी और बारिश फसलों को भारी नुकसान पहुंचा सकती है। कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को सलाह दी है कि यदि संभव हो तो कटी हुई फसल को सुरक्षित स्थानों पर ढक कर रखें और फिलहाल सिंचाई या कीटनाशकों के छिड़काव से बचें।

गिरेगा तापमान

मौसम विभाग का कहना है कि आंधी और बारिश के इस सिलसिले की वजह से अगले तीन दिनों तक अधिकतम तापमान में क्रमिक गिरावट देखने को मिलेगी। तापमान में यह कमी 4 डिग्री सेल्सियस तक हो सकती है, जिससे लोगों को फिलहाल उमस भरी गर्मी से राहत मिलेगी। हालांकि, विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि 3-4 दिनों के बाद जैसे ही आसमान साफ होगा, सूर्य की तपिश फिर से बढ़ेगी और अप्रैल की शुरुआत में गर्मी अपने तीखे तेवर दिखाना शुरू कर देगी।

उत्तर प्रदेश में मौसम का यह अस्थिर दौर अगले कुछ दिनों तक जारी रहने वाला है। खासकर उन जिलों में जहां वज्रपात की चेतावनी दी गई है, वहां लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। बिजली चमकने पर सुरक्षित इमारतों में शरण लें और खुले मैदान में जाने से बचें। बदलते मौसम में सर्दी-जुकाम और वायरल बुखार का खतरा भी बढ़ जाता है, इसलिए स्वास्थ्य के प्रति भी सचेत रहें।

 

इसे भी पढ़ें- यूपी में बेमौसम बारिश-ओलावृष्टि ने मचाया कोहराम, फसलें नष्ट, रो पड़े किसान

Related Articles

Back to top button