
जम्मू। जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में एक यात्री बस पर हमले के लिए जिम्मेदार आतंकवादियों को पकड़ने के लिए सुरक्षा बलों ने सोमवार को घेराबंदी और तलाशी अभियान शुरू किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। इस हमले में नौ लोगों की मौत हुई है। उत्तर प्रदेश और दिल्ली के तीर्थयात्रियों को ला रही बस पर रविवार शाम आतंकवादियों ने घात लगाकर हमला किया, जिसके कारण वाहन गहरी खाई में गिर गया।
बस शिव खोड़ी मंदिर से कटरा स्थित माता वैष्णो देवी मंदिर जा रही थी और इसी दौरान पोनी इलाके के तेरयाथ गांव के पास हमला किया गया और 53 सीट वाली बस गोलीबारी के बाद गहरी खाई में गिर गई। अधिकारियों ने बताया कि सेना, पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) समेत सुरक्षा बलों ने राजौरी जिले की सीमा से लगे तेरयाथ-पोनी-शिव खोड़ी इलाके में घेराबंदी कर दी है।
उन्होंने बताया कि ड्रोन और खोजी कुत्तों समेत निगरानी उपकरणों से लैस सुरक्षा बलों ने जिले और आसपास के इलाकों में व्यापक खोज अभियान शुरू किया है। सूत्रों ने बताया कि हमले में शामिल आतंकवादियों के राजौरी और रियासी के ऊपरी इलाकों में छिपे होने की आशंका है। उन्होंने बताया कि इस इलाके में घने जंगल और गहरी खाइयां हैं। रियासी की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मोहिता शर्मा ने बताया, इलाके में खोज अभियान शुरू कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र में ग्राम रक्षा समितियों को भी तैयार कर लिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि हमले में 40 से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिनमें से 10 लोगों को गोली लगी है।
- दांतों की सेंसिटिविटी से हैं परेशान? सॉफ्ट ब्रश से सेंसिटिव टूथपेस्ट तक अपनाएं ये उपाय
- टाइगर श्रॉफ पर हमले से सहमा बॉलीवुड, सितारे बोले- ‘ईश्वर ने की रक्षा, दोषियों को मिले कड़ी सजा’
- ओपी राजभर का अखिलेश यादव पर बड़ा हमला, बोले- ’27 में सपा साफ, टूटी साइकिल का फटेगा टायर’
- अखिलेश पर राजभर का तंज, जिस कन्नौज से सांसद, वहीं की जनता ने दिखा दी हैसियत
- कन्नौज की खाली कुर्सियों ने खोली सपा संगठन की पोल: असीम अरुण



