मेरठ कॉलेज में खूनी संघर्ष, राष्ट्रीय खिलाड़ी को दबंग छात्रों ने लाठी-डंडों से पीटा, ताना असलहा

मेरठ। जिले में गुंडागर्दी और कैंपस हिंसा का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां के प्रतिष्ठित मेरठ कॉलेज में मामूली सी कहासुनी ने उस वक्त खूनी संघर्ष का रूप ले लिया, जब छह दबंग छात्रों ने मिलकर राष्ट्रीय स्तर के कुश्ती खिलाड़ी मुकुल धामा को लाठी-डंडों से पीट-पीट कर लहूलुहान कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने न केवल खिलाड़ी को बेरहमी से पीटा, बल्कि कैंपस के भीतर तमंचा लहराते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। इस घटना ने कॉलेज प्रशासन की सुरक्षा और पुलिस की तत्परता, दोनों को कठघरे में खड़ा कर दिया है।

इसे भी पढ़ें- जनता के लिए जल्द खुलेगा गंगा एक्सप्रेसवे, कम होगी मेरठ से प्रयागराज की दूरी

 ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी प्रतियोगिता में हुआ है चयन

घटना सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे की है। बागपत के बिनौली गांव निवासी मुकुल धामा, जो मेरठ कॉलेज में B.P.E.S. (बैचलर ऑफ फिजिकल एजुकेशन एंड स्पोर्ट्स) प्रथम वर्ष के छात्र हैं, अपनी प्रयोगात्मक परीक्षा के सिलसिले में कॉलेज आए थे। मुकुल कोई साधारण छात्र नहीं, बल्कि एक उभरते हुए राष्ट्रीय स्तर के पहलवान हैं।

Meerut

अभी हाल ही में 12 मार्च को बड़ौत के दिगंबर जैन डिग्री कॉलेज में आयोजित अंतर-महाविद्यालय सर्किल स्टाइल कबड्डी प्रतियोगिता में उनके शानदार प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी प्रतियोगिता के लिए हुआ है। मुकुल को इसके लिए हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जंभेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय जाना था, लेकिन उससे पहले नियति ने उनके सामने कॉलेज की गैलरी में एक भयानक चुनौती खड़ी कर दी।

कंधा टकराने पर हुआ विवाद 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मुकुल अपनी फाइल चेक कराने के लिए कॉलेज की गैलरी से गुजर रहे थे। इसी दौरान बीए एलएलबी के छात्र नमन कुमार से उनका कंधा टकरा गया। कॉलेज कैंपस में अक्सर होने वाली इस सामान्य सी घटना पर नमन उग्र हो गया। दोनों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। मुकुल ने इसे महज एक इत्तेफाक मानकर टालना चाहा, लेकिन आरोप है कि नमन ने इसे अपनी प्रतिष्ठा का सवाल बना लिया।

नमन ने तुरंत फोन कर अपने साथियों अवि कुमार, अभिनव मल्लापुर, भारत कुमार, प्रशांत शर्मा और हर्षित वर्मा को मौके पर बुला लिया। चंद मिनटों में गैलरी एक अखाड़े में तब्दील हो गई। इन छात्रों ने बिना सोचे-समझे मुकुल पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।

हमले की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि हमलावरों ने मुकुल को संभलने का मौका तक नहीं दिया। सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर लाठियां बरसाई गईं। हद तो तब हो गई जब आरोपियों में से एक ने मुकुल पर तमंचा तान दिया। भीड़भाड़ वाले कॉलेज परिसर में सरेआम असलहा लहराने से छात्रों के बीच भगदड़ मच गई। हमलावरों ने चीखते हुए मुकुल को जान से मारने की धमकी दी।

5 मिनट की दूरी पर है थाना, पर नहीं आई पुलिस

मौके पर मौजूद कुछ साहसी छात्रों ने बीच-बचाव कर मुकुल को हमलावरों के चंगुल से छुड़ाया, वरना कोई बड़ी अनहोनी घट सकती थी। घायल मुकुल को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां उनके घावों पर टांके लगाने पड़े और प्राथमिक उपचार दिया गया।

इस पूरी घटना में सबसे चौंकाने वाला पहलू पुलिस की भूमिका रही। मेरठ कॉलेज से महज 5 मिनट की दूरी पर लालकुर्ती थाना स्थित है। छात्रों और कॉलेज स्टाफ का आरोप है कि घटना की तुरंत जानकारी देने के बावजूद पुलिस करीब एक घंटे की देरी से पहुंची। पुलिस की इस कार्यप्रणाली से छात्रों में भारी आक्रोश है।

Meerut

छात्रों का कहना है कि अगर पुलिस समय पर आती, तो हमलावरों को मौके से ही दबोचा जा सकता था। हमलावर भले ही मौके से फरार हो गए, लेकिन उनकी पूरी करतूत कॉलेज परिसर में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि किस तरह छह छात्रों ने मिलकर एक खिलाड़ी को घेरकर पीटा।पुलिस के आला अधिकारियों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सख्त रुख अपनाया है।

छह लोग नामजद

सीओ नवीना शुक्ला ने बताया कि, मुकुल धामा की तहरीर पर छह लोगों नमन कुमार, अवि कुमार, अभिनव मल्लापुर, भारत कुमार, प्रशांत शर्मा और हर्षित वर्मा के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर सभी की पहचान की जा हो चुकी है। गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

प्रतियोगिता में भाग लेने पर संशय

बता दें कि, मुकुल धामा का ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी प्रतियोगिता के लिए चयन होना उनके और उनके परिवार के लिए बड़े गर्व की बात थी, लेकिन इस हमले के बाद लगी चोटों ने उनकी भागीदारी पर संशय होने लगा है। एक खिलाड़ी के लिए शारीरिक फिटनेस सबसे महत्वपूर्ण होती है और इस तरह की हिंसक झड़प न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक रूप से भी खिलाड़ी को तोड़ देती है। बिनौली (बागपत) में मुकुल के परिवार वाले इस घटना से सदमे में हैं और उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त सजा की मांग की है।

 

इसे भी पढ़ें- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मेरठ में नमो भारत और मेट्रो को दिखाई हरी झंडी

Related Articles

Back to top button