खालिस्तानी आतंकी ने मुख्यमंत्री को दी ध्वज न फहराने की धमकी, सतर्क हुई सुरक्षा एजेंसियां

खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू के नाम से हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल को धमकी दी गई है। मुख्यमंत्री को 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ध्वज न फहराने की चेतावनी दी गई है। इस फोन कॉल के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। मंगलवार को दिनभर मुख्यमंत्री मनोहर लाल के चंडीगढ़ में ही कार्यक्रम हैं।

खालिस्तानी आतंकी पहले भी दे चुका है धमकी

मंगलवार को खालिस्तानी आतंकी पन्नू की तरफ से वायस कॉल मैसेज आए। यह फोन हरियाणा की आम जनता को आ रहे हैं जिसमें हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर को ध्वज न फहराने की चेतावनी देते हुए हरियाणा के लोगों को किसानों के समर्थन में एकजुट होने तथा 15 अगस्त को खालिस्तानी झंडे फहराने की अपील की जा रही है।

खालिस्तानी पन्नू भारत सरकार द्वारा जारी की गई काली सूची का आतंकी है। इसी साल 26 जनवरी से पहले भी हरियाणा में इस तरह के फोन आए थे। इसके बाद हरियाणा के सिरसा जिला में दो लोगों द्वारा खालिस्तानी झंडा लगाया गया था।

यह भी पढ़ें: भारतीय जवानों ने लश्कर को दिया बड़ा झटका, शीर्ष पाकिस्तानी आतंकी को किया ढेर

आज फोन कॉल आने के बाद पुलिस के सीआईडी तथा इंटेलीजेंस विंग द्वारा जांच शुरू कर दी गई है। इस बीच मुख्यमंत्री खट्टर चंडीगढ़ स्थित हरियाणा निवास में हुई हाईपावर परचेज कमेटी की बैठक में शामिल होने के लिए पहुंचे, जहां उन्हें चंडीगढ़ पुलिस द्वारा भी सिक्योरिटी कवर दिया गया। बहरहाल हरियाणा पुलिस और अन्य जांच एजेंसियां पूरी तरह से अलर्ट हैं और इसका सुराग लगाने में लगी हुई हैं।

Related Articles

Back to top button