
प्रतापगढ़। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज अपने प्रतापगढ़ दौरे के दौरान जिले को विकास की एक बड़ी सौगात दी। मुख्यमंत्री ने जनपद प्रतापगढ़ की विधानसभा सदर तथा विधानसभा विश्वनाथगंज क्षेत्र में कुल 384.71 करोड़ रुपये की लागत वाली 111 परियोजनाओं का बटन दबाकर लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें प्रतापगढ़ सदर की 42 परियोजनाओं और विश्वनाथगंज की 13 परियोजनाओं का लोकार्पण किया गया, जबकि प्रतापगढ़ सदर की 45 और विश्वनाथगंज विधानसभा क्षेत्र की 11 परियोजनाओं का शिलान्यास भी इसी कार्यक्रम में संपन्न हुआ।
इसे भी पढ़ें- अब परशुरामपुरी हुआ शाहजहांपुर का जलालाबाद, योगी कैबिनेट में हुआ फैसला
आध्यात्मिक महत्ता का किया जिक्र
इस मौके पर जनसमूह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जनपद प्रतापगढ़ आंवला उत्पादन के लिए खास पहचान रखता है और इसीलिए इसे ‘आंवला नगरी’ के नाम से भी जाना जाता है। उन्होंने इस भूमि की आध्यात्मिक महत्ता का भी जिक्र करते हुए कहा कि इसे जगतगुरु धर्मसम्राट स्वामी करपात्री जी महाराज और जगतगुरु कृपालु जी महाराज जैसे महान संतों की पुण्यभूमि होने का गौरव प्राप्त है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतापगढ़ पौराणिक काल से लेकर आधुनिक युग तक अपनी समृद्ध आध्यात्मिक संस्कृति के लिए जाना जाता है, और मां बेल्हा देवी धाम, मां चंद्रिका देवी धाम, भयहरणनाथ धाम तथा घुसमेश्वरनाथ धाम जैसे प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों का आशीर्वाद यहां के निवासियों को प्राप्त है।
सेवा भावना से ही होगा विकास
मुख्यमंत्री ने प्रतापगढ़ के ऐतिहासिक महत्व को याद करते हुए बताया कि 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में यहां के बाबू गुलाब सिंह ने शंखनाद कर विद्रोह का बिगुल बजाया था। उन्होंने यह भी बताया कि भारत की संविधान सभा के सदस्य रहे पंडित मुनीश्वरदत्त उपाध्याय, मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री बाबू लाल तथा प्रसिद्ध साहित्यकार हरिवंश राय बच्चन की जन्मभूमि होने का गौरव भी इसी जिले को प्राप्त है।
उन्होंने कहा कि प्रतापगढ़ के आंवला किसानों ने जिस अमृत फल को उगाया है, उससे बनने वाले तमाम उत्पाद स्वास्थ्य के लिहाज से बेहद लाभदायक साबित हो रहे हैं, और इसी वजह से यहां की समृद्धि को देखकर उन्हें विशेष प्रसन्नता होती है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों के समर्पण और सेवा भावना से ही किसी भी क्षेत्र का सर्वांगीण विकास संभव हो पाता है।
अब लोगों में दिखता है उत्साह
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि जनप्रतिनिधियों के अथक प्रयासों की बदौलत ही प्रतापगढ़ में स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय सोनेलाल पटेल के नाम से स्थापित हुआ है, जिसमें एक नर्सिंग कॉलेज की भी स्थापना की गई है। उन्होंने कहा कि इससे जिले के युवक-युवतियों को एक सुनहरा अवसर मिला है और यहां का युवा वर्ग प्रशिक्षण प्राप्त कर आत्मनिर्भरता की राह पर आगे बढ़ेगा।
मुख्यमंत्री ने पिछले नौ वर्षों में आए बदलाव का जिक्र करते हुए कहा कि एक समय था जब प्रतापगढ़ को पिछड़े जिलों में गिना जाता था, आंवला उद्योग दम तोड़ रहा था और यहां के लोग हतोत्साहित महसूस करते थे। लेकिन आज स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है और अब यहां के लोगों में निराशा की जगह नए उत्साह ने ले ली है।
विकास के पथ पर अग्रसर यूपी
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब प्रतापगढ़ प्रगति की राह पर आगे बढ़ेगा, तभी पूरा प्रदेश भी विकास के पथ पर अग्रसर होगा। उन्होंने संतोष जताते हुए कहा कि चाहे लोक सेवा आयोग हो, अधीनस्थ चयन सेवा आयोग हो या फिर शिक्षा आयोग, हर प्रतियोगी परीक्षा के परिणामों में प्रतापगढ़ के युवक-युवतियों का नाम देखकर उन्हें गर्व की अनुभूति होती है, क्योंकि यहां का युवा वर्ग हर क्षेत्र में जिले का नाम रोशन कर रहा है।

केंद्र सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2014 में ‘सबका साथ, सबका विकास’ का नारा दिया था, और आज प्रदेश में बिना किसी भेदभाव के सभी गरीबों और किसानों को सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ मिल रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य में करीब 15 करोड़ लोगों को निःशुल्क राशन उपलब्ध कराया जा रहा है, जबकि 10 करोड़ लोगों को आयुष्मान भारत योजना के तहत स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ दिया जा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि 70 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों को अब 5 लाख रुपये तक की निःशुल्क चिकित्सा सुविधा मुहैया कराई जा रही है।
65 लाख परिवारों को मिला आवास
मुख्यमंत्री ने उज्ज्वला योजना के तहत मुफ्त गैस सिलेंडर वितरण और लगभग 65 लाख परिवारों को आवास सुविधा उपलब्ध कराए जाने का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने समाज के हर वर्ग को विकास योजनाओं से जोड़ने का काम किया है। पूर्ववर्ती सरकार पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि पिछली सरकार ने ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया’ का मॉडल दिया था, जबकि उनकी सरकार ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन मेडिकल कॉलेज’ और ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ की अवधारणा को जमीन पर उतार रही है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार बिना किसी भेदभाव के जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर व्यक्ति तक पहुंचा रही है।
अयोध्या का हुआ विकास
अयोध्या के विकास कार्यों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज की अयोध्या भगवान श्रीराम के समय की भव्यता का स्मरण कराती है। उन्होंने बताया कि आज अयोध्या में हर दिशा से बेहतरीन सड़क कनेक्टिविटी उपलब्ध है, महर्षि बाल्मीकि के नाम पर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का निर्माण हुआ है, निषादराज के नाम पर रैन बसेरे और माता सबरी के नाम पर भोजनालय का निर्माण किया गया है, साथ ही राम की पैड़ी में भव्य स्नान की व्यवस्था भी की गई है, जो देश-दुनिया के लोगों को खासा आकर्षित कर रही है। उन्होंने यह भी बताया कि गंगा एक्सप्रेसवे के निर्माण से प्रतापगढ़ के निवासियों के लिए प्रयागराज के साथ-साथ प्रदेश के पश्चिमी क्षेत्र की दूरी भी काफी कम हो गई है।
लाभार्थियों को किया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मानित भी किया। इनमें बीपीएससी परीक्षा में प्रथम स्थान हासिल करने वाली श्रद्धा पांडेय को आईपैड, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के लाभार्थी शिवम् यादव व मीनू कुमारी को स्वीकृति पत्र, मुख्यमंत्री आवास योजना की लाभार्थी हेमलता सरोज व रीना देवी को स्वीकृति पत्र दिए गए।

इसके अलावा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत पूजा मिश्रा व रुकमनी सिंह को 25.63 करोड़ रुपये का डेमो चेक, कस्टम हायरिंग सेंटर की लाभार्थी बिंदु सिंह, फार्म मशीनरी बैंक से जुड़े देवेश सिंह तथा पीएम कुसुम योजना के लाभार्थी बाल कृष्ण तिवारी को चाभी सौंपी गई।
साथ ही आयुष्मान भारत योजना, राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना, पीएम आवास योजना शहरी, पीएम स्वनिधि योजना और मिनी नंदिनी कृषक समृद्धि योजना के कई अन्य लाभार्थियों को भी इस अवसर पर लाभ वितरित किया गया।
आंवला उत्पादों की सौगात भेंट की
कार्यक्रम की शुरुआत में जनप्रतिनिधियों की ओर से मुख्यमंत्री को मां बेल्हा देवी का चित्र और आंवला उत्पादों की सौगात भेंट की गई। इस मौके पर विधायक सदर राजेंद्र कुमार मौर्य और विधायक विश्वनाथगंज जीतलाल पटेल ने अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में हुए विकास कार्यों की प्रगति पर विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यक्रम में जिले के प्रभारी मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह, राज्यसभा सांसद अमरपाल मौर्य सहित कई जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान सूचना विभाग के सांस्कृतिक कलाकारों ने रंगारंग प्रस्तुतियां भी दीं, जिसका संचालन डॉ. अनीता सहगल वसुंधरा ने किया।
इसे भी पढ़ें- CM योगी ने किया ‘स्कूल चलो अभियान-2026’ का शुभारंभ, बोले- शिक्षा ही राष्ट्र निर्माण की नींव



