
IND vs SL Test Series: 15 अगस्त से श्रीलंका के खिलाफ शुरू होने जा रही दो मैचों की बहुप्रतीक्षित टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय क्रिकेट टीम मंगलवार को मुंबई से कोलंबो के लिए रवाना हो गई। भारतीय टीम की सीरीज की आधिकारिक शुरुआत से पहले 07 अगस्त से ‘श्रीलंका XI’ के खिलाफ तीन दिवसीय अभ्यास मैच खेलकर अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देगा। हालांकि, एयरपोर्ट पर टीम के रवाना होते समय एक दिलचस्प स्थिति देखने को मिली, जब घोषित 15 सदस्यीय स्क्वॉड में से केवल 14 खिलाड़ी ही श्रीलंका के लिए रवाना हुए, जबकि एक प्रमुख खिलाड़ी भारत में ही अभी रुका है।
इसे भी पढ़ें- दिल्ली-मुंबई नहीं, इस बार गुवाहाटी में होगा भारत-जापान शिखर सम्मेलन
फार्म में हैं साईं सुदर्शन
भारत में रुकने वाले यह खिलाड़ी कोई और नहीं बल्कि उम्दा फॉर्म में चल रहे बाएं हाथ के शीर्ष क्रम के बल्लेबाज साई सुदर्शन हैं। सुदर्शन का भारतीय टीम के साथ एयरपोर्ट पर न दिखने के बाद क्रिकेट गलियारों में विभिन्न तरह की अटकलें लगाई जाने लगीं। हालांकि, बीसीसीआई के सूत्रों और पूर्व में दिए गए बयानों से इस स्थिति की वजह साफ हो गई है।

दरअसल, जब बीसीसीआई की चयन समिति ने श्रीलंका दौरे के लिए भारतीय टेस्ट टीम का ऐलान किया था। उस समय बोर्ड ने स्पष्ट कर दिया था कि स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और बल्लेबाज साई सुदर्शन की मौजूदगी उनकी फिटनेस पर निर्भर करेगी।
फिटनेस टेस्ट में असफल हुए बुमराह
रवानगी से ठीक पहले हुए फिटनेस टेस्ट के दौरान जसप्रीत बुमराह अपनी फिटनेस साबित करने में असफल रहे, जिसके बाद चयनकर्ताओं ने त्वरित निर्णय लेते हुए युवा तेज गेंदबाज आकिब नबी को बुमराह के रिप्लेसमेंट के रूप में टीम में शामिल कर लिया, लेकिन साई सुदर्शन के मामले में पेंच अभी भी फंसा हुआ है।
बुमराह के रिप्लेसमेंट की घोषणा करते समय भी बोर्ड ने आधिकारिक रूप से यही कहा था कि, सुदर्शन की फिटनेस पर अंतिम फैसला लिया जाना बाकी है। इसी वजह से सुदर्शन को टीम के साथ श्रीलंका न भेजकर भारत में ही नेशनल क्रिकेट अकादमी में अपनी फिटनेस रिपोर्ट और रिहैबिलिटेशन की प्रक्रिया पूरी करने के लिए रोका गया है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि, सुदर्शन अपनी फिटनेस हासिल कर सीरीज के दौरान टीम से जुड़ते हैं या बोर्ड को उनके स्थान पर भी किसी नए विकल्प का ऐलान करना पड़ेगा।
साई सुदर्शन का टेस्ट करियर
तमिलनाडु से ताल्लुक रखने वाले युवा बल्लेबाज साई सुदर्शन ने बेहद कम समय में लाल गेंद के क्रिकेट में अपनी विशिष्ट छाप छोड़ी है। अगर उनके अब तक के अंतरराष्ट्रीय टेस्ट करियर के आंकड़ों पर नजर डालें:
- कुल मुकाबले: 7 टेस्ट मैच
- कुल पारियां: 12 पारियां
- कुल रन: 383 रन
- बल्लेबाजी औसत: 31.91
- अर्धशतक: 3
- सर्वश्रेष्ठ व्यक्तिगत स्कोर: 87 रन
अपनी ठोस तकनीक और संयमित बल्लेबाजी शैली के कारण सुदर्शन को भारतीय टेस्ट टीम के भविष्य के रूप में देखा जा रहा है। यही वजह है कि, चयनकर्ता और टीम प्रबंधन उन्हें पूरी तरह से फिट होने के बाद ही मैदान पर उतारना चाहते हैं।
भारतीय स्क्वॉड
शुभमन गिल की कप्तानी में श्रीलंका दौरे पर जा रही भारतीय टीम में युवाओं का दबदबा साफ नजर आ रहा है। केएल राहुल को टीम के उप-कप्तान की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जो अपने अपार अनुभव से मध्यक्रम को मजबूती प्रदान करेंगे। ऋषभ पंत और ध्रुव जुरेल के रूप में दो आक्रामक विकेटकीपर-बल्लेबाज टीम में शामिल हैं।
गेंदबाजी आक्रमण की बात करें तो जसप्रीत बुमराह की गैर मौजूदगी में मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा तेज गेंदबाजी की कमान संभालेंगे, जिन्हें युवा आकिब नबी और गुरनूर बराड़ का साथ मिलेगा। वहीं, श्रीलंकाई पिचों की मिजाज को ध्यान में रखते हुए रवींद्र जडेजा और कुलदीप यादव के साथ-साथ मानव सुथार और सारांश जैन जैसे प्रतिभाशाली स्पिनरों को दल में जगह दी गई है।
15 सदस्यीय भारतीय स्क्वॉड
शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल (उप-कप्तान), यशस्वी जयसवाल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), साई सुदर्शन (खेलना फिटनेस पर निर्भर), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़, देवदत्त पडिक्कल, सारांश जैन, और आकिब नबी।
टेस्ट सीरीज का शेड्यूल
भारतीय टीम श्रीलंका पहुंचते ही कोलंबो में अभ्यास सत्रों में भाग लेगी और 07 अगस्त से तीन दिवसीय वॉर्मअप मुकाबला खेलेगी। इसके बाद 15 अगस्त से ऐतिहासिक गाले स्टेडियम में मुख्य टेस्ट सीरीज का बिगुल बजेगा।
3-दिवसीय वॉर्मअप मैच: 07 से 09 अगस्त (भारत बनाम श्रीलंका XI)
पहला टेस्ट मैच: 15 से 19 अगस्त, गाले इंटरनेशनल स्टेडियम, गाले
दूसरा टेस्ट मैच: 23 से 27 अगस्त, सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब (SSC), कोलंबो
विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के लिहाज से यह सीरीज भारत के लिए बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी होंगी कि साई सुदर्शन कब तक पूरी तरह फिट होकर गाले या कोलंबो टेस्ट के लिए भारतीय दल में शामिल हो पाते हैं।
इसे भी पढ़ें- जेएनयू प्रोटेस्ट: गेट पर पुलिस और छात्रों में भिड़ंत, अदिति मिश्रा समेत JNUSU लीडर्स गिरफ्तार! 25 हजार में रिहा



