\n\n\n\n\n \n

5 मिनट में मिलेगा सिरदर्द से आराम, न्यूट्रिशनिस्ट ने बताया- 1 चुटकी नमक का ये खास नुस्खा

सिरदर्द होते ही तुरंत पेनकिलर की गोली खा लेना आजकल आम आदत बन चुकी है, लेकिन स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि, बार-बार दर्द निवारक दवाओं का सेवन शरीर के विभिन्न अंगों पर नकारात्मक असर डाल सकता है। ऐसे में एक बार फिर दादी-नानी के जमाने के देसी नुस्खों की ओर लोगों का रुझान बढ़ रहा है, जो बिना किसी साइड इफेक्ट के हल्की-फुल्की स्वास्थ्य समस्याओं से राहत दिलाने में मदद करते रहे हैं। इसी कड़ी में सेलिब्रिटी न्यूट्रिशनिस्ट श्वेता शाह ने सिरदर्द से राहत पाने के लिए नमक और पानी से जुड़ा एक आसान घरेलू नुस्खा साझा किया है, जिसके बारे में उनका दावा है कि, यह महज पांच मिनट में असर दिखा सकता है।

इसे भी पढ़ें- हल्के में न लें बार-बार होने वाले सिरदर्द को, हो सकती हैं ये 5 वजह

डिहाइड्रेशन और सोडियम की कमी बन सकती है वजह

न्यूट्रिशनिस्ट श्वेता शाह का कहना है कि, यह जरूरी नहीं कि हर बार सिरदर्द की वजह मानसिक तनाव ही हो। कई बार शरीर में पानी की कमी यानी डिहाइड्रेशन या फिर सोडियम का स्तर गिर जाने की वजह से भी अचानक से सिरदर्द शुरू हो सकता है।

Headache Relief

उनका कहना है कि, ऐसी स्थिति में यह सामान्य नुस्खा काफी कारगर साबित हो सकता है। हालांकि हर तरह के सिरदर्द के लिए यह उपाय उपयुक्त नहीं माना जाता।

क्या है यह नुस्खा 

इस घरेलू नुस्खे को अपनाना बेहद आसान है। इसके लिए सबसे पहले एक चुटकी सामान्य नमक अपनी जीभ पर रखें और कुछ सेकंड तक उसे वहीं रहने दें। इसके बाद एक गिलास पानी पी लें। न्यूट्रिशनिस्ट शाह बताती हैन कि, इस प्रक्रिया से  दर्दर से जल्दी राहत महसूस होनी शुरू हो जाती है।

कैसे काम करती है ये देसी दवा

विशेषज्ञों के अनुसार, यह नुस्खा शरीर की एक बुनियादी जरूरत को पूरा करके काम करता है। नमक के जरिए शरीर को तुरंत सोडियम मिलता है, जो शरीर में पानी को संतुलित मात्रा में बनाए रखने में मदद करता है। इसके अलावा सोडियम मिलने से दिमाग तक रक्त संचार बेहतर होता है, जिससे सिरदर्द में राहत महसूस होती है। न्यूट्रिशनिस्ट के मुताबिक, यह प्रक्रिया माइग्रेन से जुड़े मस्तिष्क के कुछ संकेतों को भी नियंत्रित करने में सहायक साबित हो सकती है। हालांकि, माइग्रेन जैसी गंभीर स्थिति में विशेषज्ञ की सलाह लेना ज्यादा उचित माना जाता है।

इन्हें नहीं अपनाना चाहिए ये नुस्खा

हालांकि, न्यूट्रिशनिस्ट श्वेता शाह ने इस नुस्खे के साथ एक अहम चेतावनी भी दी है। उनके मुताबिक हाई ब्लड प्रेशर से जूझ रहे मरीजों को यह उपाय बिल्कुल नहीं अपनाना चाहिए। दरअसल, जिन लोगों का ब्लड प्रेशर पहले से ही ज्यादा रहता है, उन्हें आमतौर पर डॉक्टर कम नमक खाने की सलाह देते हैं। ज्यादा नमक शरीर में फ्लूइड रिटेंशन यानी पानी के अत्यधिक ठहराव की स्थिति पैदा कर सकता है, जिससे रक्त वाहिकाओं यानी नसों पर दबाव बढ़ जाता है और नतीजतन ब्लड प्रेशर और भी बढ़ सकता है। ऐसे में जिन लोगों को पहले से बीपी की शिकायत है, उन्हें यह घरेलू नुस्खा आजमाने से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर लेनी चाहिए।

नमक से जुड़े अन्य कारगर घरेलू उपाय

सिरदर्द के अलावा नमक का इस्तेमाल कई अन्य छोटी-मोटी स्वास्थ्य समस्याओं में भी राहत देने वाला माना जाता है। अगर रात के समय अचानक दांत में तेज दर्द होने लगे, तो पानी में नमक डालकर उसे उबाल लें और फिर हल्का ठंडा होने दें। इसके बाद इस पानी से कुल्ला करें और कुछ देर तक इसे मुंह में रोककर रखें। इस प्रक्रिया से दांत के दर्द में काफी हद तक आराम मिल सकता है।

Headache Relief

इसी तरह गले में खराश या दर्द की समस्या होने पर नमक मिले गुनगुने पानी से गरारे करना भी एक बेहद असरदार पारंपरिक उपाय माना जाता है। गुनगुने नमक के पानी से गरारे करने पर यह गले में जमा कफ को हटाने में मदद करता है, जबकि गर्म पानी सूजन को कम करने का काम करता है। नियमित रूप से यह उपाय अपनाने पर दो से तीन दिनों के भीतर गले की खराश और दर्द में काफी हद तक राहत मिल जाती है।

घरेलू नुस्खों की तरफ बढ़ा रुझान

हाल के वर्षों में लोगों का रुझान एक बार फिर पारंपरिक और देसी उपायों की ओर बढ़ता देखा जा रहा है। खासकर छोटी-मोटी स्वास्थ्य समस्याओं के लिए। दवाओं के अत्यधिक और बार-बार सेवन से बचने की चाहत में लोग अब ऐसे घरेलू नुस्खों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बना रहे हैं, जो सदियों से भारतीय घरों में आजमाए जाते रहे हैं। हालांकि विशेषज्ञ यह भी सलाह देते हैं कि, यदि सिरदर्द, दांत दर्द या गले की खराश जैसी समस्याएं बार-बार हों या लंबे समय तक बनी रहें, तो घरेलू उपायों पर निर्भर रहने के बजाय समय रहते डॉक्टर से जांच करवाना ज्यादा उचित रहता है, ताकि समस्या की असली वजह का सही आकलन किया जा सके।

 

इसे भी पढ़ें-चीन के लिए भी सिरदर्द साबित हो रहा ऑनलाइन गेम्स, मंजूरी देने पर लगा रहा रोक

Related Articles

Back to top button