
भारतीय क्रिकेट में इस समय बदलाव की बयार साफ देखने को मिल रही है। 2027 का वनडे वर्ल्ड कप होने में भले ही अभी करीब डेढ़ साल का समय बाकी है, लेकिन टीम इंडिया के भीतर पीढ़ी परिवर्तन की प्रक्रिया अभी से शुरू होती नजर आ रही है। खबर आ रही है कि, टीम इंडिया के दिग्गज बल्लेबाज और पूर्व कप्तान रोहित शर्मा जल्द ही क्रिकेट से हमेशा के लिए अलविदा कहने वाले हैं। हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई है। क्रिकेट जगत में चल रही चर्चाओं पर गौर करें तो, वे 19 जुलाई को लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेल सकते हैं।
इसे भी पढ़ें- रोहित शर्मा का सबसे बड़ा रिकॉर्ड ध्वस्त, 277 रनों की पारी देख हैरान हुआ क्रिकेट वर्ल्ड
ये भी चर्चा है कि रोहित शर्मा अकेले खिलाड़ी नहीं हैं, जो क्रिकेट से सन्यास ले सके हैं, उनके अलावा भी भारतीय क्रिकेट के तीन और बड़े नाम हैं, जो साल 2026 खत्म होने से पहले संन्यास का ऐलान कर सकते हैं। आइए एक-एक करके इन सभी चारों खिलाड़ियों के नाम और टीम में उनकी मौजूदा स्थिति को समझते हैं।
रोहित शर्मा
रोहित शर्मा टी20 और टेस्ट, दोनों फॉर्मेट से पहले ही संन्यास ले चुके हैं। वर्तमान में वे सिर्फ वनडे क्रिकेट ही खेल रहे हैं, लेकिन लगता है कि वे यहां से भी सन्यास लेने वाले हैं। खबरों के मुताबिक, चयनकर्ता 2027 वनडे वर्ल्ड कप की तैयारियों को लेकर अब रोहित शर्मा से आगे की योजना बना चुके हैं।

मीडिया में यह भी दावा किया जा रहा है कि, रोहित 19 जुलाई को औपचारिक रूप से संन्यास का ऐलान कर सकते हैं। इतना ही नहीं, अगर ऐसा होता है, तो ओपनिंग स्लॉट पर उनकी जगह भरने के लिए युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल को टीम में शामिल किया जा सकता है, जो पिछले कुछ समय से लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं।
मोहम्मद शमी
तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी आखिरी बार टीम इंडिया की जर्सी में 2025 की चैंपियंस ट्रॉफी में नजर आए थे। इसके बाद से वे लगातार चोट से जूझते रहे, लेकिन घरेलू क्रिकेट में वापसी करने के बाद उन्होंने बार-बार शानदार प्रदर्शन करके यह साबित करने की कोशिश की कि वे अभी भी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के लिए फिट हैं। इसके बावजूद अब ऐसा लगने लगा है कि टीम इंडिया में उनकी वापसी का सपना शायद अधूरा ही रह जाएगा।

दरअसल, हर्षित राणा, गुरनूर बराड़ और प्रिंस यादव जैसे कई युवा तेज गेंदबाज पहले ही 2027 वनडे वर्ल्ड कप की टीम में जगह बनाने के लिए मजबूत दावेदारी पेश कर चुके हैं, जिससे शमी के लिए रास्ता और मुश्किल होता जा रहा है।
विराट कोहली
टीम इंडिया के सबसे बड़े स्टार खिलाड़ियों में शुमार विराट कोहली खुद सार्वजनिक तौर पर यह कह चुके हैं कि, उनकी इच्छा 2027 के वनडे वर्ल्ड कप में खेलने की है। हालांकि, मौजूदा टीम मैनेजमेंट का रुख सीनियर खिलाड़ियों के प्रति काफी सख्त नजर आ रहा है। युवा खिलाड़ियों को मौका देने की नीति को प्राथमिकता दी जा रही है।

फिलहाल विराट अपने प्रदर्शन से टीम में जगह बनाए हुए हैं। वे इन दिनों अच्छा खेल रहे हैं, लेकिन अगर आने वाले कुछ मुकाबलों में उनका फॉर्म गिरता है, तो उन्हें भी टीम से बाहर का रास्ता दिखाया जा सकता है। ऐसी स्थिति में विराट के पास संन्यास लेने के अलावा कोई खास विकल्प नहीं बचेगा, क्योंकि टीम मैनेजमेंट की प्राथमिकता अब स्पष्ट रूप से युवा खिलाड़ियों की तरफ शिफ्ट हो चुकी है।
रवींद्र जडेजा
ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा का मामला कुछ अलग तरह का है। उन्हें टीम से कब बाहर किया गया, इसकी भनक तक किसी को नहीं लगी। 2024 वर्ल्ड कप के बाद ही उन्होंने टी20 फॉर्मेट से संन्यास ले लिया था, लेकिन वनडे और टेस्ट क्रिकेट के लिए वे अभी भी उपलब्ध बताए जाते हैं।

इसके बावजूद हाल की अफगानिस्तान और इंग्लैंड सीरीज में उन्हें टीम में जगह नहीं मिली। टेस्ट टीम में भी उनकी जगह लंबे समय तक सुरक्षित रहेगी, इसकी फिलहाल कोई गारंटी नहीं दी जा सकती। ऐसे में जडेजा का करियर भी एक अनिश्चितता के दौर से गुजर रहा है।
फिटनेस और फार्म पर दिया जा रहा ध्यान
कुल मिलाकर देखा जाए तो टीम इंडिया इस समय एक बड़े संक्रमण काल से गुजर रही है, जिन खिलाड़ियों ने वर्षों तक टीम की रीढ़ की हड्डी की तरह काम किया, अब उनकी जगह धीरे-धीरे युवा और नई प्रतिभाओं को दी जा रही है। चयनकर्ताओं और टीम मैनेजमेंट की सोच साफ तौर पर 2027 वनडे वर्ल्ड कप को ध्यान में रखकर बन रही है, जिसमें फिटनेस, फॉर्म और भविष्य की संभावनाओं को प्राथमिकता दी जा रही है।
हालांकि इन सभी अटकलों और चर्चाओं के बीच यह ध्यान रखना जरूरी है कि, अभी तक इनमें से किसी भी खिलाड़ी की तरफ से आधिकारिक तौर पर संन्यास का कोई ऐलान नहीं किया गया है। रोहित शर्मा को लेकर लॉर्ड्स में संभावित आखिरी मैच की चर्चा भी फिलहाल कयासों पर ही आधारित है। ऐसे में असली तस्वीर आने वाले दिनों में इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन और उनकी तरफ से आने वाले आधिकारिक बयानों के बाद ही साफ हो पाएगी। लेकिन इतना जरूर तय है कि भारतीय क्रिकेट टीम अगले कुछ महीनों में एक बड़े बदलाव के दौर से गुजरने वाली है।
इसे भी पढ़ें- विराट कोहली को मिला रोहित शर्मा का समर्थन, पत्रकार से सवाल पर दिया चुटीला जवाब



