
हैदराबाद। भारत और वेस्टइंडीज के बीच पांच मैचों की T20 सीरीज का चौथा मुकाबला हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। यह मैच बुधवार, 14 अक्टूबर को शाम 7 बजे शुरू होगा। मेजबान टीम इंडिया इसे जीतकर सीरीज अपने नाम करने की कोशिश करेगी, जबकि वेस्टइंडीज की जीत सीरीज को पांचवें और निर्णायक मैच तक खींच ले जाएगी। ऐसे में दोनों टीमों के लिए ये मुकाबला बेहद अहम है।
इसे भी पढ़ें- भारत ने पहले टेस्ट में वेस्टइंडीज को एक पारी और 140 रन से हराया
अब तक कैसी रही सीरीज
सीरीज की शुरुआत उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में खेले गए पहले T20 से हुई थी। इस मुकाबले में भारत ने जीत दर्ज की। इसके बाद रांची में हुआ दूसरा मुकाबला वेस्टइंडीज के पक्ष में गया। इस मुकाबले में विंडीज की टीम ने 250 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए जीत हासिल की थी।

तीसरा मुकाबला इंदौर हुआ और टीम इंडिया ने जीत दर्ज की की। इस मैच में भारत की तरफ से बनाये गये 224 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेहमान टीम महज 209 रन ही बना सकी। इस तरह भारत सीरीज में 2-1 से आगे है और अब हैदराबाद में उसकी नजर सीरीज पर कब्जा जमाने पर है।
कैसी है राजीव गांधी स्टेडियम की पिच
हैदराबाद की पिच को बल्लेबाजों के लिए मददगार माना जाता है। यहां की सतह सपाट रहती है और गेंद बल्ले पर अच्छे से आती है। यही वजह है कि, बल्लेबाजइस मैदान पर खुलकर बड़े शॉट्स खेल पाते हैं। हालांकि गेंदबाजों के लिए ये पिच मुश्किल भरी साबित होती है। चाहे तेज गेंदबाज हों या स्पिनर, दोनों के खिलाफ जमकर रन बन सकते हैं। ऐसे में चौथा T20 भी हाई-स्कोरिंग साबित हो सकता है।
विशेषज्ञों के मुताबिक, पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम को यहां 210 से 220 रनों के बीच का स्कोर खड़ा करने की कोशिश करनी चाहिए। वहीं 200 से कम के लक्ष्य का पीछा करना यहां बहुत मुश्किल नहीं माना जाता। यानी टॉस जीतने वाला कप्तान गेंदबाजी चुनने पर भी विचार कर सकता है।
कैसा है राजीव गांधी स्टेडियम का T20I रिकॉर्ड
इस मैदान पर भारत का रिकॉर्ड शानदार रहा है। यहां अब तक भारत ने कुल तीन अंतरराष्ट्रीय T20 मैच खेले हैं और तीनों में जीत दर्ज की है। 2019 में यहां हुए पहले मुकाबले में भारत ने वेस्टइंडीज को 6 विकेट से हराया था। इसके बाद 2022 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भी भारत को 6 विकेट से जीत मिली। यहां खेला गया आखिरी T20 अंतरराष्ट्रीय मैच 2024 में बांग्लादेश के खिलाफ था, जिसमें टीम इंडिया ने 133 रनों के बड़े अंतर से जीत हासिल की।
2019 का मुकाबला अब भी याद
वेस्टइंडीज के खिलाफ इसी मैदान पर 2019 में खेला गया मैच आज भी क्रिकेट प्रेमियों के जेहन में ताजा है। उस मैच में वेस्टइंडीज ने 20 ओवर में पांच विकेट पर 207 रन बनाए थे, जवाब में भारत ने 18.4 ओवर में चार विकेट पर 209 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया था।

यह इस स्टेडियम में अब तक की सबसे बड़ी सफल रन-चेज मानी जाती है। विराट कोहली ने इस मैच में नाबाद 94 रन बनाए थे। यह आंकड़ा बताता है कि, यहां बड़े लक्ष्य भी हासिल किए जा सकते हैं।
कैसा रहेगा हैदराबाद का मौसम
मैच के दिन हैदराबाद में मौसम काफी हद तक क्रिकेट के अनुकूल रहने की उम्मीद है। मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक, बुधवार को अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 21 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। बारिश की संभावना करीब 10 प्रतिशत ही जताई गई है, यानी मैच में व्यवधान की आशंका बेहद कम है। दिन में हल्की गर्मी रहेगी, जबकि शाम के समय तापमान में कुछ गिरावट आ सकती है।
बेहतर रणनीति जरूरी
क्रिकेट जानकारों का मानना है कि, सपाट पिच पर शुरुआती ओवरों में विकेट बचाए रखना और डेथ ओवरों में तेजी से रन बटोरना पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम के लिए निर्णायक होगा। वहीं, गेंदबाजों के लिए सबसे बड़ी चुनौती यॉर्कर और धीमी गेंदों के सही इस्तेमाल की होगी, क्योंकि छोटी चूक पर गेंद सीमा रेखा के पार जा सकती है। शाम के मैच में ओस का असर भी रणनीति को प्रभावित कर सकता है। आमतौर पर ओस पड़ने पर गेंद गीली हो जाती है और गेंदबाजों के लिए पकड़ बनाना कठिन हो जाता है, जिसका फायदा दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने वाली टीम को मिलता है।
हो सकती है चौके-छक्के की बरसात
सीरीज में बढ़त के साथ उतर रही भारतीय टीम के पास घरेलू मैदान और बेहतर रिकॉर्ड का फायदा है। टीम अगर यह मैच जीत लेती है, तो पांचवें मुकाबले का दबाव खत्म हो जाएगा और सीरीज उसकी झोली में होगी। दूसरी ओर, वेस्टइंडीज की टीम रांची में किए गए करिश्मे को दोहराना चाहेगी। उसके बल्लेबाज बड़े लक्ष्य का पीछा करने का दमखम दिखा चुके हैं, इसलिए हैदराबाद की बल्लेबाजी के अनुकूल पिच पर वह भारत को कड़ी टक्कर दे सकती है।
हैदराबाद में चौकों-छक्कों की बरसात की उम्मीद है। पिच, मौसम और आंकड़े, तीनों संकेत दे रहे हैं कि दर्शकों को एक और हाई-स्कोरिंग और रोमांचक मुकाबला देखने को मिल सकता है। अब देखना यह होगा कि टीम इंडिया सीरीज पर मुहर लगाती है या वेस्टइंडीज इसे पांचवें मैच तक खींच ले जाती है।
इसे भी पढ़ें- रिंकू सिंह शनिवार को कोलकाता में भारतीय टीम के साथ फिर से जुड़ेंगे



