लखनऊ में जल्द सच होगा घर का सपना, एलडीए ला रहा के खास स्कीम, सस्ते में मिलेंगे प्लॉट

 लखनऊ। सूबे की राजधानी लखनऊ के रियल एस्टेट बाजार में एक बड़ी हलचल होने वाली है। यहां मध्यमवर्गीय परिवारों को लंबे समय से शहर के भीतर सस्ते और सरकारी प्लॉट्स का इंतजार था, उनके लिए लखनऊ विकास प्राधिकरण एक बड़ी सौगात लेकर आ रहा है। एलडीए आगामी सितंबर महीने में अपनी बहुप्रतीक्षित नैमिष नगर आवासीय योजना को औपचारिक रूप से लॉन्च करने जा रहा है।

इसे भी पढ़ें- लखनऊ अलीगंज आईटीआई में 8 अप्रैल को रोजगार मेले का आयोजन

आसमान छू रहे जमीन के दाम

इस योजना की सबसे खास बात इसकी कीमत है, जो बाजार की अन्य निजी परियोजनाओं की तुलना में काफी किफायती रखी गई हैं। अधिकारियों के अनुसार, इस योजना में प्लॉट की दर लगभग 3000 रुपये प्रति वर्गफुट के आसपास रहने की उम्मीद है। यह कीमत लखनऊ जैसे तेजी से बढ़ते शहर में एक बड़ी राहत के रूप में देखी जा रही है, क्योंकि हाल के वर्षों में जमीनों के दाम आसमान छूने के कारण आम आदमी के लिए घर बनाना कठिन हो गया था।

LDA A

नैमिष नगर योजना का पैमाना बेहद विशाल है, जिसे करीब 18 गांवों की 1486 हेक्टेयर जमीन पर विकसित करने का खाका तैयार किया गया है। जमीन अधिग्रहण को लेकर प्राधिकरण ने अब तक काफी ठोस प्रगति की है। वर्तमान स्थिति यह है कि एलडीए करीब 150 हेक्टेयर जमीन का बैनामा अपने नाम करवा चुका है, जबकि क्षेत्र के किसानों ने 430 हेक्टेयर अतिरिक्त जमीन देने के लिए अपनी लिखित सहमति दे दी है।

3000 रुपये प्रति वर्गफुट से कम हो सकता है दाम

इस प्रकार प्राधिकरण के पास अब तक कुल 580 हेक्टेयर जमीन का आधार तैयार हो चुका है, जिसके बल पर योजना के पहले चरण को धरातल पर उतारा जाएगा। एलडीए के वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि, वे जमीन की खरीद और विकास पर होने वाले खर्च का बारीकी से आंकलन कर रहे हैं, ताकि प्लॉट की अंतिम दर को 3000 रुपये प्रति वर्गफुट से भी नीचे रखने की हर संभव कोशिश की जा सके।

इस योजना की एक और अनूठी विशेषता यह है कि एलडीए यहां केवल नई कॉलोनी बसाने तक ही सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आसपास के मूल गांवों का भी कायाकल्प करेगा। उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के विजन के अनुसार, जिन इलाकों की जमीन अधिग्रहण के दायरे से बाहर है, वहां भी पूर्ण विकास कार्य कराए जाएंगे।

LDA A

इसका मतलब यह है कि नैमिष नगर के साथ-साथ पुराने गांवों में भी चौड़ी सड़कों का निर्माण, बेहतर जल निकासी व्यवस्था, खेल के मैदान, सामुदायिक बारात घर, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और पार्कों जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। साथ ही तालाबों के संरक्षण और श्मशान घाटों के आधुनिकीकरण पर भी ध्यान दिया जाएगा, जिससे नए आवंटियों और स्थानीय ग्रामीणों दोनों को एक बेहतर जीवन स्तर मिल सके।

सितंबर में शुरू होगी योजना

एलडीए प्रशासन ने यह स्पष्ट कर दिया है कि, सितंबर में योजना के शुभारंभ के साथ ही पहले दो सेक्टरों में पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। यह योजना विशेष रूप से उन लोगों के लिए एक सुनहरा अवसर है जो अब तक निजी बिल्डरों की महंगी कीमतों या शहर की घनी आबादी के कारण अपना घर नहीं ले पाए थे।

नैमिष नगर न केवल एक व्यवस्थित और आधुनिक टाउनशिप होगी, बल्कि यह लखनऊ के विस्तार में एक नए अध्याय की शुरुआत करेगी। पंजीकरण की तारीखों और आवेदन की पूरी प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी जल्द ही एलडीए की आधिकारिक वेबसाइट और नोटिस बोर्ड के माध्यम से जनता के लिए उपलब्ध करा दी जाएगी। इस योजना के आने से लखनऊ के प्रॉपर्टी बाजार में न केवल प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी, बल्कि मध्यम वर्ग का अपने घर का सपना भी सच होता दिखाई दे रहा है।

 

इसे भी पढ़ें- लखनऊ ज्वेलर के 3 मंजिला मकान में भीषण आग

Related Articles

Back to top button