‘अपराधियों और माफियाओं का गिरोह चलाते हैं अखिलेश’, बृजलाल का सपा पर तीखा प्रहार

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के पूर्व डीजीपी और भाजपा के राज्यसभा सांसद बृजलाल ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव द्वारा भाजपा को ‘गैंग’ कहे जाने पर कड़ा पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा राष्ट्रवादी विचारधारा वाली पार्टी है और ‘नेशन फर्स्ट’ ही उसका मूलमंत्र है। बृजलाल ने सवाल उठाया कि जो नेता अपराधियों और माफियाओं के सहारे अपना दल चलाता है, उसे दूसरों पर उंगली उठाने का क्या नैतिक अधिकार है। उन्होंने सलाह दी कि अखिलेश यादव पहले अपने अतीत पर नज़र डालें। उन्होंने सपा की विचारधारा को विभाजनकारी भी करार दिया।

इसे भी पढ़ें- विदेशी ताकतों के इशारे पर देश को अस्थिर करना चाहती है कांग्रेस: बृजलाल

योगी राज में बदली प्रदेश की सूरत

बृजलाल के अनुसार योगी आदित्यनाथ सरकार के कार्यकाल में उत्तर प्रदेश ‘बीमारू’ राज्य की छवि से बाहर निकलकर विकसित प्रदेश की ओर बढ़ा है। उन्होंने कहा कि माफिया के विरुद्ध सख्त कार्रवाई, अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति और दंगों पर प्रभावी नियंत्रण के कारण प्रदेश में निवेश के अनुकूल माहौल बना है। उनका दावा है कि, अब तक राज्य में 50 लाख करोड़ रुपये का निवेश आ चुका है। साथ ही प्रदेश का बजट बढ़कर 9.12 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया है, जबकि समाजवादी पार्टी के शासनकाल में यह केवल 3.46 लाख करोड़ रुपये था। उन्होंने इसे कानून-व्यवस्था में सुधार और सुशासन का सीधा नतीजा बताया।

मुख्तार और अतीक को संरक्षण देने का आरोप

सपा पर हमला बोलते हुए बृजलाल ने आरोप लगाया कि, पार्टी ने मुख्तार अंसारी और अतीक अहमद जैसे माफियाओं को राजनीतिक संरक्षण दिया। कृष्णानंद राय और राजू पाल हत्याकांड का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि, समाजवादी पार्टी के शासन में अपराधियों के हौसले सातवें आसमान पर थे। उन्होंने कहा कि ऐसी राजनीति का असली चेहरा जनता अच्छी तरह जानती है।

आतंकियों के मुकदमे वापस लेने की कोशिश

पूर्व डीजीपी ने कहा कि वर्ष 2013 में अखिलेश यादव सरकार ने आतंकवादियों के 14 मुकदमे वापस लेने का प्रयास किया था। उन्होंने तत्कालीन डीआईजी अशोक कुमार सिंह पर हमले से जुड़े मामले में चार्जशीट वापस लेने की कोशिश का भी जिक्र किया। बृजलाल ने कहा कि ऐसे प्रयास करने वाली पार्टी का चरित्र हर किसी को पता है। उनके मुताबिक अखिलेश यादव माफियाओं, शातिर अपराधियों और आतंकवादियों की मदद करते हैं। उन्होंने कहा कि यह कोई सामान्य राजनीतिक दल नहीं, बल्कि अपराधियों का एक गिरोह है, जिसके मुख्य सरगना स्वयं अखिलेश यादव हैं।

 

इसे भी पढ़ें- बृजलाल का सपा पर बड़ा हमला, बोले- ‘ओपन कम्युनल कांस्पीरेसी’ थीं पिछली सरकार की नीतियां

Related Articles

Back to top button