
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है और प्रदेश के कई हिस्सों में झमाझम बारिश का दौर जारी है। पिछले 24 घंटों के दौरान नोएडा सहित पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में जोरदार बारिश दर्ज की गई, जिससे मौसम खुशनुमा हो गया और लोगों को उमस भरी गर्मी से काफी राहत मिली। मौसम विभाग ने आज भी नोएडा, आगरा समेत प्रदेश के 43 जिलों में तेज बारिश की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार यह बारिश का सिलसिला आने वाले कुछ दिनों तक लगातार बना रहेगा। इसके चलते तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है।
इसे भी पढ़ें- यूपी में मानसून ने पकड़ी रफ्तार, 75 जिलों में बारिश का अलर्ट, यहां गांव में घुसा मगरमच्छ
इन जिलों में होगी बारिश
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, इस बारिश की मुख्य वजह बंगाल की खाड़ी और ओडिशा के ऊपर बना अवदाब क्षेत्र (लो प्रेशर एरिया) है, जिसका सीधा असर उत्तर प्रदेश के मौसम पर पड़ रहा है। इसी कारण पिछले दिनों प्रदेश के दोनों संभागों पूर्वी और पश्चिमी में अच्छी-खासी बारिश देखने को मिली। कुछ इलाकों में तो तेज आंधी के साथ बेहद भारी बारिश हुई, जिसकी वजह से सड़कों पर पानी भर गया और आम जनजीवन भी प्रभावित हुआ।

मौसम विभाग ने बताया है कि, आज पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश होने की पूरी संभावना है। इसमें नोएडा, आगरा, मथुरा, अलीगढ़, बुलंदशहर, एटा, झांसी, ललितपुर, संभल, बदायूं, कासगंज, हाथरस और फिरोजाबाद जैसे जिले शामिल हैं, जहां बादलों की गड़गड़ाहट के साथ-साथ कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश होने की चेतावनी दी गई है।
इसके अलावा बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर और लखीमपुर खीरी के लगभग हर क्षेत्र में तेज बारिश होने का अनुमान जताया गया है। वहीं सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, अमरोहा, बिजनौर, मुरादाबाद और रामपुर जैसे जिलों के साथ-साथ मैनपुरी, इटावा, जालौन, फर्रुखाबाद, हरदोई, सीतापुर, बहराइच, बाराबंकी, गोंडा, अयोध्या, श्रावस्ती, बलरामपुर और बस्ती में भी ज्यादातर स्थानों पर अच्छी बारिश देखने को मिल सकती है।
पूर्वी यूपी के कई जिलों में भी बरसेंगे बादल
बात करें राजधानी लखनऊ की, तो यहां भी बारिश के आसार बने हुए हैं। इसके साथ ही उन्नाव, रायबरेली, कन्नौज, औरैया, कानपुर, हमीरपुर, महोबा, अमेठी, सुल्तानपुर, अंबेडकर नगर, संत कबीर नगर और सिद्धार्थनगर जैसे जिलों में भी कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है।
वहीं, बांदा, फतेहपुर, चित्रकूट, कौशांबी, प्रतापगढ़, प्रयागराज, जौनपुर, आजमगढ़, गोरखपुर, महाराजगंज, कुशीनगर और देवरिया में एक-दो जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की उम्मीद जताई गई है। यानी प्रदेश का पूर्वी हिस्सा भी इस मानसूनी दौर से पूरी तरह अछूता नहीं रहेगा, हालांकि यहां बारिश की तीव्रता पश्चिमी हिस्से के मुकाबले थोड़ी कम रहने का अनुमान है।
पश्चिमी यूपी में तेज बारिश के आसार
मौसम विभाग ने आगे की जानकारी देते हुए बताया कि, 9 और 10 जुलाई को भी पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अधिकतर इलाकों में तेज बारिश जारी रहने की संभावना है, जबकि पूर्वांचल के कुछ हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। इसके बाद 11 और 12 जुलाई को स्थिति थोड़ी बदल जाएगी। इन दिनों पूर्वांचल के जिलों में भारी बारिश होने की प्रबल संभावना जताई गई है, जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए फिलहाल कोई विशेष चेतावनी नहीं दी गई है।

विभाग का यह भी कहना है कि, 12 जुलाई तक प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने का सिलसिला बना रहेगा। इस पूरे बारिश के दौर का सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि, आने वाले चार से पांच दिनों में अधिकतम तापमान में करीब 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट देखने को मिल सकती है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस से काफी राहत मिलेगी।
लोगों के लिए राहत भरी खबर
गौरतलब है कि, पिछले कुछ हफ्तों से उत्तर प्रदेश के कई इलाके तेज गर्मी और उमस की मार झेल रहे थे। ऐसे में मानसून का यह सक्रिय दौर आम जनता के लिए किसी राहत से कम नहीं है। हालांकि, भारी बारिश के चलते कुछ जगहों पर जलभराव और यातायात बाधित होने की समस्या भी सामने आ सकती है, इसलिए प्रशासन और आम नागरिकों दोनों को सतर्क रहने की जरूरत है।
कुल मिलाकर, मौसम विभाग के ताजा अपडेट के अनुसार आने वाले चार-पांच दिन उत्तर प्रदेश के लिए मानसून के लिहाज से काफी सक्रिय रहने वाले हैं। पश्चिमी यूपी में जहां अभी सबसे ज्यादा बारिश की चेतावनी है। वहीं पूर्वांचल में अगले सप्ताह की शुरुआत में बारिश का असर बढ़ने की उम्मीद है। ऐसे में प्रदेशवासियों को सलाह दी जाती है कि वे मौसम विभाग के अलर्ट पर नजर बनाए रखें और जरूरी सावधानियां बरतें।
इसे भी पढ़ें- मोदी कैबिनेट में जल्द बड़ा फेरबदल! मानसून सत्र से पहले कट सकता है कई मंत्रियों का पत्ता



