
नई दिल्ली। शेयर बाजार में सफल लिस्टिंग के बाद रिलायंस जियो के लिए टेलीकॉम सेक्टर से बेहद अच्छी खबर आई है। भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (TRAI) के सितंबर महीने के आंकड़ों पर DAM Capital और IIFL Capital द्वारा किए गए विश्लेषण के अनुसार, रिलायंस जियो ने नए ‘कोर’ मोबाइल ग्राहक जोड़ने के मामले में अपनी प्रतिस्पर्धी कंपनी भारती एयरटेल को काफी पीछे छोड़ दिया है।
इसे भी पढ़ें- 100 मिनट में 100% सब्सक्राइब, देश के सबसे बड़े जियो IPO की धमाकेदार शुरुआत
कोर मोबाइल यूजर्स में जियो की एकतरफा बढ़त
मशीन-टू-मशीन (M2M) यानी स्मार्ट डिवाइसेज और उपकरणों में इस्तेमाल होने वाले कनेक्शनों को हटाकर गणना की जाए, तो सितंबर में जियो से 19 लाख नए ‘कोर’ मोबाइल यूजर जुड़े। इसके विपरीत, इस दौरान एयरटेल के खाते में केवल 2 लाख कोर ग्राहक ही जुड़ सके। इस आंकड़े के अनुसार, जियो ने एयरटेल की तुलना में करीब 10 गुना ज्यादा कोर ग्राहक हासिल किए। देश में इस श्रेणी के कुल 22 लाख नए ग्राहक बने, जिसमें अकेले जियो की हिस्सेदारी लगभग 86 प्रतिशत रही।
एक्टिव सब्सक्राइबर्स में भी जियो का मजबूत प्रदर्शन
सक्रिय (Active) मोबाइल यूजर्स के मामले में भी जियो का प्रदर्शन बेहतरीन रहा। M2M कनेक्शनों को अलग रखकर देखें तो सितंबर में जियो के एक्टिव यूजर्स की संख्या में 13 लाख का इजाफा हुआ। दूसरी ओर, एयरटेल और वोडाफोन-आइडिया (Vi) दोनों के एक्टिव यूजर बेस में गिरावट दर्ज की गई। एयरटेल ने 2 लाख और वोडाफोन-आइडिया ने 3 लाख एक्टिव ग्राहक गंवाए। इस अवधि में पूरे देश में कुल 6 लाख एक्टिव यूजर्स की बढ़ोतरी हुई।
कुल ग्राहक संख्या में जियो सबसे आगे
M2M कनेक्शनों को मिलाकर कुल मोबाइल ग्राहकों की बात करें तो सितंबर के अंत तक जियो 51.11 करोड़ ग्राहकों के साथ शीर्ष स्थान पर बना हुआ है। एयरटेल 49.43 करोड़ ग्राहकों के साथ दूसरे स्थान पर है। इसके अलावा, वोडाफोन-आइडिया का ग्राहक आधार 20.01 करोड़ और सरकारी टेलीकॉम कंपनी बीएसएनएल (BSNL) का ग्राहक आधार 9.43 करोड़ दर्ज किया गया।
इसे भी पढ़ें- जियो IPO पर एनालिस्ट्स को भरोसा, लिस्टिंग पर 15-20% उछाल की उम्मीद



