
-
निवेशकों की जबरदस्त मांग, QIB कैटेगरी 3.68 गुना भरी
-
पहले ही दिन 10 लाख से ज्यादा आवेदन, एंकर निवेशकों से भी मिली थी 30 गुना से ज्यादा मांग
-
रिलायंस शेयरधारकों के लिए ₹2,500 करोड़ का आरक्षण, शेयर पाने का अतिरिक्त मौका
मुंबई। देश के सबसे बड़े ₹30,213 करोड़ के जियो IPO को निवेशकों ने हाथोंहाथ लिया है। बुधवार सुबह खुले जियो प्लेटफॉर्म्स के इस IPO को महज 100 मिनट में ही पूरा सब्सक्रिप्शन मिल गया। ताजा आंकड़ों के मुताबिक IPO अब तक 1.14 गुना सब्सक्राइब हो चुका है। बड़े संस्थागत निवेशकों (QIB) का हिस्सा 3.68 गुना भर चुका है, जबकि कुल 10 लाख से ज्यादा आवेदन आ चुके हैं। निवेशक 23 अक्टूबर तक इसमें दांव लगा सकेंगे।
इसे भी पढ़ें- रिलायंस ब्रांड्स के साथ भारत पहुंचा फैबलेटिक्स, दिल्ली में खुला पहला स्टोर
निवेशकों के उत्साह की झलक IPO खुलने से पहले ही दिख गई थी। एंकर निवेशकों के लिए रखे गए करीब ₹8,110 करोड़ के शेयरों के मुकाबले ₹2.5 लाख करोड़ से ज्यादा की बोलियां आई थीं, यानी 30 गुना से अधिक मांग। इनमें सबसे बड़ा आवंटन LIC को मिला, जो करीब ₹500 करोड़ का रहा।
आकार के लिहाज से भी जियो ने नया कीर्तिमान बनाया है। इससे पहले देश का सबसे बड़ा IPO हुंडई मोटर इंडिया का था, जो ₹27,870 करोड़ का था। जियो के IPO का प्राइस बैंड ₹1,065 से ₹1,119 प्रति शेयर तय किया गया है।
खास बात यह है कि IPO पूरी तरह सब्सक्राइब हो जाने के बाद भी रिलायंस इंडस्ट्रीज के पात्र शेयरधारकों के लिए शेयर पाने का अतिरिक्त मौका बना हुआ है। उनके लिए ₹2,500 करोड़ तक के शेयर आरक्षित हैं। पात्र निवेशक शेयरधारक और रिटेल, दोनों श्रेणियों में आवेदन कर सकते हैं, जिससे उनके लिए शेयर मिलने की संभावना बढ़ सकती है।
इसे भी पढ़ें- बाजार में उतरी रिलायंस कंज्यूमर की आइसक्रीम, लॉन्च हुई ‘बॉम्बे क्रीमरी’



