माफियागिरी की तो मिटटी में मिलने के लिए तैयार रहना: मुख्यमंत्री योगी

प्रयागराज। माफिया और समाजवादी पार्टी पर कड़ा हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने साफ चेतावनी दी कि अब प्रदेश में जो भी माफियागिरी करने का दुस्साहस करेगा, समझ लो कि वह खुद को मिट्टी में मिलाने की तैयारी कर रहा है। उन्होंने कहा कि सपा की सरकार माफिया और बदमाशों को साथ लेकर आती है, जबकि भाजपा की सरकार विकास और बदलाव का रास्ता खोलती है।

मुख्यमंत्री ने ये बातें प्रयागराज के कसारी-मसारी में माफिया अतीक अहमद के कब्जे से मुक्त कराई गई जमीन पर पद्मलोक आवास योजना के तहत 602 आवासों का भूमि पूजन के दौरान कही। इस मौके पर सीएम न कसारी-मसारी को श्रीकृष्णपुरी के रूप में विकसित करने और महाराजा बिजली पासी के नाम पर राजकीय आईटीआई बनवाने का ऐलान किया।

इसे भी पढ़ें- ‘पदक लाओ, पद पाओ’ से खिलाड़ियों को सीधी नौकरी, नवरात्रि पर मुख्यमंत्री ने गिनाए बदलाव

वैदिक मंत्रोच्चार के बीच किया भूमिपूजन

योगी ने 9,811 वर्ग मीटर जमीन पर 191 करोड़ रुपये से ज्यादा की लागत से बनने वाले आवासों का वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से भूमि पूजन किया। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत पीपलगांव में बने 556 आवासों की चाबियां भी लाभार्थियों को सौंपीं। उन्होंने कहा कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रयागराज विरासत और विकास की नई पहचान गढ़ रहा है।

अतीक-अशरफ के आगे झुक जाती थीं पिछली सरकारें

योगी ने कहा कि, एक दौर वह था, जब अतीक और अशरफ प्रयागराज में जिस जमीन पर पैर रख देते, वह उनकी हो जाती थी। उस समय की सरकारें उनके सामने झुककर चुप बैठी रहती थीं। माफिया खुलेआम सड़कों पर हथियार लहराते थे और बेटियों की सुरक्षा खतरे में थी। किसी की हिम्मत नहीं होती थी, उसके सामने सिर उठाने की। इसी धरती पर विधायक राजू पाल की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

yogi aadityanath

साल 2017 में जब भाजपा सरकार और अपराध व अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई तो माफियाओं के खिलाफ कड़ा एक्शन लिया गया। एक-एक कर सभी माफियाओं को जेल भेजा गया या फिर उनका एनकाउंटर कर दिया गया। उन्होंने कहा कि जहां असुरक्षा का माहौल हो, वहां न विकास हो सकता है, न निवेश आ सकता है और न ही युवाओं को रोजगार मिल सकता है।

अस्तबल की जमीन पर बसेंगे 1200 परिवार

मुख्यमंत्री ने बताया कि, कसारी-मसारी की लगभग 15 बीघा जमीन पर अतीक अहमद और उसके गुर्गों ने कब्जा कर अस्तबल और अय्याशी का अड्डा बना रखा था। सरकार ने उसके अवैध साम्राज्य को गिराकर जमीन मुक्त कराई। अब यहां पहले चरण में 602 और दूसरे चरण में 598 आवास बनेंगे। कुल 1200 परिवारों के करीब छह से साढ़े छह हजार लोगों के लिए आधुनिक टाउनशिप तैयार होगी, जिसमें बाजार, पार्क, खेल मैदान, जिम और जरूरी सुविधाएं मिलेंगी। इसकी जिम्मेदारी प्रयागराज विकास प्राधिकरण संभालेगा। इससे पहले लूकरगंज में भी माफिया से छुड़ाई गई जमीन पर 86 गरीब परिवारों को पक्के घर दिए जा चुके हैं।

कब्जा किया तो बाप-दादों की कमाई भी होगी जब्त

योगी ने कहा कि अब कोई किसी की संपत्ति पर कब्जा नहीं कर सकता। अगर किसी ने ऐसा किया, तो उसके बाप-दादों की कमाई भी जब्त कर ली जाएगी और उस संपत्ति पर भी गरीबों के लिए घर बनाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पहले इस इलाके में पुलिस की गाड़ी भी नहीं पहुंच पाती थी, जबकि आज यहां सात से 14 मीटर तक चौड़ी सड़कें हैं और आना-जाना आसान हो गया है।

यूपी के सामने था पहचान का संकट

मुख्यमंत्री ने कहा कि, समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश के लोगों के सामने पहचान का संकट पैदा कर दिया था। पहले यूपी का नाम सुनते ही लोग सौ कदम दूर भाग जाते थे, आज नाम सुनकर गले लगाने आते हैं। प्रयागराज, काशी और अयोध्या की पहचान अब सम्मान की बात बन चुकी है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा और सुशासन की बदौलत उत्तर प्रदेश देश की अर्थव्यवस्था के ग्रोथ इंजन के रूप में आगे बढ़ रहा है।

 कसारी-मसारी बनेगा श्रीकृष्णपुरी

विधायक सिद्धार्थ नाथ सिंह के आग्रह पर योगी ने कसारी-मसारी को श्रीकृष्णपुरी के रूप में विकसित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि यहां बनने वाले गरीबों के आवास और आधुनिक टाउनशिप समेत पूरा इलाका श्रीकृष्णपुरी के नाम से विकसित होगा, जिससे क्षेत्र को नई पहचान मिलेगी।

महाराजा बिजली पासी के नाम पर बनेगा राजकीय ITI

योगी ने कहा कि महाराजा बिजली पासी 12वीं सदी के प्रतापी राजा थे, जिन्होंने लखनऊ और आसपास 12 किले बनवाए थे। विदेशी आक्रांताओं के दौर में वे सनातन धर्म के मजबूत रक्षक थे। उनके नाम पर राजकीय आईटीआई का निर्माण कराया जाएगा। इससे पहले मुख्यमंत्री ने तेलियरगंज में महान स्वतंत्रता सेनानी महाशय मसुरियादीन पासी की प्रतिमा का अनावरण भी किया। उन्होंने बताया कि मसुरियादीन पासी आजाद भारत में विधायक और चार बार सांसद चुने गए और अपना जीवन क्षेत्र के विकास को समर्पित कर दिया।

65 लाख गरीबों को मिले पक्के मकान

योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में 65 लाख गरीबों को पक्के घर दिए गए हैं। डबल इंजन सरकार बिना भेदभाव गरीबों, दलितों और वंचितों को आवास, राशन कार्ड, बिजली, उज्ज्वला गैस कनेक्शन और आयुष्मान भारत के तहत पांच लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा दे रही है। उन्होंने युवाओं को भरोसा दिलाया कि निष्पक्ष और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया से सरकारी नौकरी अब उनके और करीब आ गई है।

प्रयागराज को मिल रही विकास की नई पहचान

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रयागराज में गंगा नदी पर बड़ा पुल बनाया जा रहा है और डॉ. राजेंद्र प्रसाद राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है। महाकुंभ के दौरान सड़कें चौड़ी की गईं। गंगा एक्सप्रेसवे से प्रयागराज और दिल्ली के बीच का सफर घटकर करीब सात घंटे का रह जाएगा। उन्होंने जनता से जनप्रतिनिधियों पर आशीर्वाद बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि विकास और सुरक्षा की फिक्र सरकार करेगी।

माफिया के समूल नाश का संकल्प लेकर चले योगी: नंदी

औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में बीते साढ़े नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश की तस्वीर और तकदीर दोनों बदली हैं। प्रदेश को लेकर देश-दुनिया की सोच में बड़ा बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि सत्ता संभालते ही मुख्यमंत्री योगी ने गुंडों और माफिया को जड़ से खत्म करने का बीड़ा उठाया था, जिसका नतीजा आज सामने है। उन्होंने कहा कि पद्मलोक आवास योजना गरीबों की तरक्की के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का सबूत है।

मुख्यमंत्री ने 10 लाभार्थियों को सौंपीं घर की चाबियां

योगी ने पीपलगांव के 556 आवासों के लाभार्थियों में से ममता, सिंधु श्रीवास्तव, कंचन सोनी, बसंती देवी, निरुपम चक्रवर्ती, शंकर लाल कुशवाहा, प्रियंका सोनकर, ललिता पांडेय, रंजीता सोनकर और हरिशंकर मिश्रा को अपने हाथों से चाबियां सौंपीं। इस मौके पर मुख्यमंत्री को भगवान श्रीराम की प्रतिमा भेंट कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में ये रहे मौजूद

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, सांसद प्रवीण पटेल, विधायक सिद्धार्थ नाथ सिंह, हर्षवर्धन बाजपेयी, गुरु प्रसाद मौर्य, दीपक पटेल, पीयूष रंजन निषाद, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधायक पूजा पाल, महापौर गणेश केसरवानी, विधान परिषद सदस्य सुरेंद्र चौधरी और पूर्व सांसद विनोद सोनकर समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

 

इसे भी पढ़ें- परिवार और धनकुबेरों तक सिमटी सपा की राजनीति, गोरखपुर में बोले मुख्यमंत्री

Related Articles

Back to top button