सैफई सिंडिकेट ने अपात्र को आयोग की कुर्सी सौंपकर युवाओं से किया था छल: सीएम योगी

 प्रयागराज। सरकारी भर्तियों में कथित भ्रष्टाचार को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि, सपा सरकार में सैफई सिंडिकेट से जुड़े एक अयोग्य व्यक्ति को आयोग की कमान सौंप दी गई, जिसका खामियाजा प्रदेश के युवाओं को भुगतना पड़ा। उनके मुताबिक, भर्ती का विज्ञापन निकलते ही चाचा-भतीजे की जोड़ी वसूली के खेल में लग जाती थी।

इसे भी पढ़ें- नौ साल जेल काटने वाले मसुरियादीन को इतिहास ने भुलाया, योगी ने दिया चौराहे और संस्था को उनका नाम

वसूली में जुट जाती थी चाचा-भतीजे की जोड़ी

योगी ने कहा कि परीक्षा देने वाले नौजवान तैयारी से ज्यादा नौकरी के लिए पैसे जुटाने की चिंता में रहते थे, जिन्होंने परीक्षा तक नहीं दी, उन्हें नियुक्ति पत्र थमा दिए जाते थे, जबकि दिन-रात पढ़ाई करने वाले युवा खुद को ठगा हुआ महसूस करते थे। उन्होंने कहा कि युवाओं के हक के साथ खिलवाड़ करने वालों को अब उन्हीं से समर्थन मांगने का नैतिक अधिकार नहीं रह गया है।

मुख्यमंत्री गुरुवार को प्रयागराज के गवर्नमेंट प्रेस मैदान में इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी अशोक राठौर के समर्थन में हुए स्नातक मतदाता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के रोजगार संबंधी सवालों का जवाब देते हुए कहा कि, अगले छह महीने में एक लाख से ज्यादा सरकारी नौकरियां दी जाएंगी। उन्होंने स्नातक मतदाताओं से 23 अक्टूबर को भाजपा प्रत्याशी को जिताने की अपील भी की।

 छह महीने में एक लाख से ज्यादा नौकरियां देंगे

योगी ने कहा कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पूछा करते थे कि नौकरी कहां है। अब वे गिनते रहें, क्योंकि अगले छह महीने में एक लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिलने जा रही है। पुलिस भर्ती में 32 हजार युवाओं को रोजगार दिया जा रहा है। चार हजार उपनिरीक्षकों की भर्ती प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और उनके नियुक्ति पत्र जल्द बांटे जाएंगे। इसके साथ ही 42 हजार होमगार्ड की भर्ती भी पूरी हो चुकी है।

CM Yogi

लोक सेवा आयोग, अधीनस्थ सेवा चयन आयोग और शिक्षा सेवा चयन आयोग की आने वाली भर्तियों से 30 से 35 हजार युवाओं को नौकरी मिलेगी। उन्होंने बताया कि, अब तक साढ़े छह लाख से ज्यादा युवाओं को सरकारी नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं। सभी भर्तियां आरक्षण नियमों का पालन करते हुए मेरिट के आधार पर हो रही हैं।

योग्य गुरु ही तराशता है प्रतिभा

प्रयागराज की शैक्षिक विरासत की चर्चा करते हुए योगी ने कहा कि, दुनिया का पहला गुरुकुल महर्षि भारद्वाज ने इसी भूमि पर शुरू किया था। इलाहाबाद विश्वविद्यालय कभी पूरे उत्तर भारत को ज्ञान की रोशनी देता था। आज भी लाखों युवा यहां रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं।

उन्होंने कहा कि योग्य स्नातकों की प्रतिभा को निखारने का काम योग्य गुरु ही करता है। भगवान राम के पीछे गुरु वशिष्ठ, भगवान कृष्ण के पीछे गुरु संदीपनी, चंद्रगुप्त मौर्य के पीछे आचार्य चाणक्य और स्वामी विवेकानंद के पीछे रामकृष्ण परमहंस जैसे गुरु खड़े थे। शिक्षक का मान तभी बढ़ता है, जब शिक्षा राष्ट्र और जनकल्याण का साधन बने। उन्होंने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन और पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के जीवन का भी जिक्र किया।

‘सपा के लिए परिवार ही प्रदेश था’ 

मुख्यमंत्री ने कहा कि, समाजवादी पार्टी के लिए अपना परिवार ही प्रदेश था, जबकि भाजपा सरकार के लिए पूरा प्रदेश एक परिवार है। प्रदेश के 25 करोड़ लोगों के सुख-दुख में साथ खड़े रहना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सपा के शासन में भर्तियों में गड़बड़ी इतनी थी कि, अदालत को रोक लगानी पड़ती थी। इसके उलट भाजपा सरकार ने नियुक्तियों की पारदर्शी व्यवस्था बनाई है। उन्होंने कहा कि 2017 से 2024 के बीच ही सपा के चार कार्यकालों की तुलना में चार गुना से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिली।

120 से बढ़कर 24 हजार हुए स्टार्टअप

योगी ने कहा कि, 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में सिर्फ 120 स्टार्टअप थे, जो अब 24 हजार से ज्यादा हो चुके हैं। युवा अब केवल नौकरी मांगने वाले नहीं, नौकरी देने वाले भी बन रहे हैं। सरकार स्टार्टअप को आर्थिक मदद दे रही है और मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के जरिए बिना ब्याज और बिना गारंटी के कर्ज उपलब्ध करा रही है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए मुख्यमंत्री अभ्युदय कोचिंग की सुविधा भी दी जा रही है।

शिक्षामित्रों का मानदेय बढ़ा 

मुख्यमंत्री ने बताया कि बेसिक, माध्यमिक और उच्च शिक्षा के शिक्षकों को 40 लाख से डेढ़ करोड़ रुपये तक की सामाजिक सुरक्षा गारंटी और पांच लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज मिल रहा है। शिक्षामित्रों, अनुदेशकों और रसोइयों को भी इन सुविधाओं से जोड़ा गया है। उन्होंने कहा कि सपा सरकार में शिक्षामित्रों को तीन हजार रुपये मानदेय मिलता था, जबकि अब उन्हें 18 हजार रुपये दिए जा रहे हैं।

माफिया मिट्टी में मिले तो प्रतिभाओं से हटा ग्रहण

योगी ने कहा कि, एक दौर में प्रयागराज की पहचान पर माफिया का ग्रहण लगा हुआ था। व्यापारी, बेटियां और आम लोग ही नहीं, प्रशासन और न्यायपालिका तक के सामने चुनौती खड़ी थी। डबल इंजन सरकार में माफिया मिट्टी में मिल चुके हैं और प्रयागराज की प्रतिभाएं दोबारा अपनी पहचान बना रही हैं।

उन्होंने कहा कि पहले अतीक और अशरफ जिस जमीन पर कब्जा कर लेते थे, वह उन्हीं की हो जाती थी। अब माफिया से छुड़ाई गई जमीन पर गरीबों के लिए बहुमंजिला आवास बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि, महाकुंभ में 66 करोड़ श्रद्धालुओं का आना प्रयागराज की बदली हुई व्यवस्था की मिसाल है।

23 अक्टूबर को अवकाश 

मुख्यमंत्री ने बताया कि, इलाहाबाद-झांसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 23 अक्टूबर को सुबह आठ से शाम चार बजे तक वोट डाले जाएंगे। उस दिन मतदाताओं के लिए अवकाश घोषित है। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी अशोक राठौर को भारी बहुमत से जिताने की अपील की और स्नातक मतदाताओं की समस्याएं सुलझाने का भरोसा दिया।

बैलेट पेपर से होगा चुनाव: केशव मौर्य

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि विपक्षी नेता चुनाव हारते ही चुनाव आयोग पर ठीकरा फोड़ते हैं। यह चुनाव ईवीएम की जगह बैलेट पेपर से हो रहा है, इसलिए उन्हें आरोप लगाने का मौका नहीं मिलेगा। उन्होंने दावा किया कि भाजपा प्रदेश की सभी 11 सीटें जीतेगी। उन्होंने सपा की साइकिल को पंचर कर सैफई तक पहुंचाने और 2027 में तीसरी बार भाजपा सरकार बनाने का संकल्प लेने की अपील की।

कार्यक्रम में ये रहे मौजूद

सम्मेलन में जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, पशुधन राज्यमंत्री कृष्णा पासवान, सांसद प्रवीण पटेल, राज्यसभा सदस्य राधाकांत ओझा, महापौर गणेश केसरवानी, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीके सिंह, विधान परिषद सदस्य मानवेंद्र सिंह समेत कई जनप्रतिनिधि और भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।

 

इसे भी पढ़ें- वाराणसी में स्वच्छता मित्रों का सम्मान, सीएम योगी बोले- ‘नींव के पत्थर’ हैं सफाई कर्मी’

Related Articles

Back to top button