MP में कांग्रेस नेता राजा पटेरिया का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर विवादित बयान, एफआइआर के निर्देश

कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री राजा पटेरिया का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वे कार्यकर्ताओं से यह कहते हुए नजर आ रहे हैं कि अगर संविधान बचाना है तो मोदी की हत्या करने के लिए तत्पर रहो। इस वीडियो को भाजपा नेता राजपाल सिंह सिसौदिया ने आज सुबह ट्वीट किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर इस तरह के बयान पर भाजपा की ओर से तीखी आलोचना की जा रही है। इसके पहले भी पटेरिया भाजपा पर तीखे हमले करते रहे हैं।

भाजपा नेता राजपाल सिंह सिसोदिया ने ट्वीट कर कहा, यह कांग्रेस का असली चेहरा है। पूर्व मंत्री व कांग्रेस नेता राजा पटेरिया मोदी जी की हत्या का बयान देकर समाज को विभाजित कर भड़काऊ भाषण दे रहे हैं। जानकारी के मुताबिक राजा पटेरिया ने यह बयान पन्ना जिले के पवई तहसील में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं की बैठक में दिया।

वहीं, दूसरी तरफ गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि यह बहुत निंदनीय बयान है। इस मामले में पन्ना एसपी को तुरंत एफआइआर दर्ज कराने का निर्देश दे रहा हूं। इटली की मानसिकता मुसोलिनी वाली रहती है।

मुख्यमंत्री ने कहा- यह विद्वेष की पराकाष्ठा है।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा- भारत जोड़ो यात्रा करने का ढोंग करने वालों की असलियत सामने आ रही है। प्रधानमंत्री मोदी जनता के दिलों में बसते हैं। संपूर्ण देश की जनता की श्रद्धा और आस्था के केंद्र हैं। कांग्रेस के लोग मैदान में उनसे मुकाबला नहीं कर पाते, इसलिए कांग्रेस के एक नेता मोदी जी की हत्या की बात कर रहे हैं। यह विद्वेष की पराकाष्ठा है। यह घृणा की अति है। कांग्रेस के असली भाव प्रकट हो रहे हैं। इसे सहन नहीं किया जाएगा। एफआईआर की जा रही है और कानून अपना काम करेगा।

Related Articles

Back to top button