Bihar Weather Update: उत्तर बिहार में घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट, दक्षिण में शीत दिवस का कहर; नए साल से पहले मौसम ने बढ़ाई मुश्किलें

पटना: साल खत्म होने से पहले बिहार में सर्दी का प्रकोप और तेज हो गया है। पूरे उत्तर भारत के साथ-साथ बिहार भी कड़ाके की ठंड और घने कोहरे की चपेट में है। पंजाब से लेकर बिहार होते हुए असम तक फैला पूरा इलाका कोहरे की मोटी चादर में लिपटा नजर आ रहा है। रविवार को बिहार में सर्द पछुआ हवाओं ने लोगों को दिनभर ठिठुरने पर मजबूर कर दिया। मौसम विभाग ने सोमवार के लिए उत्तर बिहार में घने कोहरे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि दक्षिण बिहार में भी हल्के से मध्यम स्तर के कोहरे के आसार जताए गए हैं।

रविवार को जहानाबाद में भीषण शीत दिवस दर्ज किया गया, जबकि फारबिसगंज, गया जी, बक्सर, औरंगाबाद और अरवल शीत दिवस की चपेट में रहे। गया जी, छपरा, फारबिसगंज, बक्सर, औरंगाबाद, राजगीर, अरवल और जहानाबाद में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। कई जिलों में शीतलहर जैसे हालात बने रहे। गया जी में घने कोहरे के कारण दृश्यता घटकर मात्र 50 मीटर रह गई।

मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों में राज्य के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की हल्की बढ़ोतरी हो सकती है। रविवार को प्रदेश के ज्यादातर शहरों में न्यूनतम तापमान में गिरावट जबकि अधिकतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई। राज्य में न्यूनतम तापमान 6.8 से 13.4 डिग्री और अधिकतम तापमान 13.2 से 18.7 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। सबसे कम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस राजगीर में और सबसे अधिक 18.7 डिग्री सेल्सियस शेखपुरा में दर्ज किया गया।

मुजफ्फरपुर जिले में कोल्ड डे जैसे हालात से अगले दो दिनों तक राहत मिलने की संभावना नहीं है। मौसम विभाग के मुताबिक जेट स्ट्रीम के प्रभाव से शीतलहर का असर बना हुआ है। दिन और रात के तापमान में महज साढ़े तीन डिग्री का अंतर रहने से कनकनी और बढ़ गई है। इसका असर जनजीवन पर साफ दिख रहा है। सड़कों पर सन्नाटा पसरा है और बाजारों में भी आम दिनों जैसी भीड़ नहीं नजर आ रही।

पूसा स्थित ग्रामीण मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. ए. सत्तार के अनुसार, तेज पछुआ हवाओं और जेट स्ट्रीम के चलते दो दिनों तक कोल्ड डे की स्थिति बनी रहेगी। हवा में नमी की मात्रा लगभग 100 प्रतिशत रहने से शीतलहर का असर और तेज हो गया है। हालांकि बुधवार से हवा की दिशा में बदलाव आने के साथ कुछ राहत मिलने की उम्मीद जताई गई है।

भागलपुर में रविवार को दिन में ठंड इतनी तीव्र रही कि शिमला, मसूरी और नैनीताल की ठंड भी फीकी पड़ गई। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को मध्यम कोहरे के साथ कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना है। बीएयू सबौर के मौसम वैज्ञानिक डॉ. बीरेंद्र कुमार ने बताया कि सोमवार और मंगलवार को दिन का तापमान और नीचे जा सकता है, जबकि रात के तापमान में खास बदलाव नहीं होगा। 31 दिसंबर से दिन के तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी के आसार हैं।

सीमांचल क्षेत्र में भी ठंड ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है। पूर्णिया समेत आसपास के जिलों में घना कोहरा और शीतलहर के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित रहा। मौसम विभाग के मुताबिक 29 दिसंबर को घना कोहरा रहेगा, जबकि 30 दिसंबर को उत्तर और दक्षिण-पश्चिम बिहार के कुछ हिस्सों में कोहरा छाया रहेगा। 31 दिसंबर से 2 जनवरी तक लगातार घने कोहरे का असर बना रह सकता है।

चंपारण में भी मसूरी जैसी ठंड पड़ रही है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले तीन से चार दिनों तक पछुआ हवाएं चलती रहेंगी, जिससे कनकनी बनी रहेगी। जेट स्ट्रीम के सक्रिय रहने से हिमालय की बर्फीली हवाएं उत्तर बिहार में प्रवेश कर रही हैं, जिससे ठंड और बढ़ गई है।

 

Related Articles

Back to top button