
भारतीय क्रिकेट के दो सबसे बड़े सितारे रोहित शर्मा और विराट कोहली अक्सर सुर्ख़ियों में बने रहते हैं। उन्हें लेकर फैंस के मन में एक सवाल इस समय तेजी से घूम रहा है कि क्या ये दोनों दिग्गज अगले साल यानी 2027 में होने वाले वर्ल्ड कप में भारतीय टीम का हिस्सा होंगे। इसे लेकर टीम के वर्तमान कप्तान शुभमन गिल ने एक ऐसा बयान दे दिया है, जिसकी चर्चा अब चरों तरफ हो रही है। दरअसल, गिल ने इशारों-इशारों में साफ कर दिया कि, दोनों दिग्गज बल्लेबाज़ आगे भी वनडे टीम का हिस्सा रहेंगे।
इसे भी पढ़ें- रोहित-विराट की वापसी और नए चेहरों को मौका, अफगानिस्तान के खिलाफ भारतीय टीम का ऐलान
10 सालों से टीम का हिस्सा हैं रोहित-विराट
गौरतलब है कि, बीते करीब दस सालों से रोहित शर्मा और विराट कोहली भारतीय क्रिकेट का अहम हिस्सा रहे हैं और अपने खेल से टीम को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। टेस्ट हो, वनडे हो या टी20, दोनों खिलाड़ियों ने हर फॉर्मेट में बेहतरीन प्रदर्शन किया और कई ख़िताब जितवाए। हालांकि, अब दोनों खिलाड़ी टी20 से सन्यास ले चुके हैं और सिर्फ वनडे फार्मेट में खेल रहे हैं।

उनका पूरा ध्यान अब 2027 में होने वाले वर्ल्ड कप पर टिका है। इधर, फैंस के मन में भी ये सवाल उठ रहा है कि, क्या ये दोनों सितारे अगला वर्ल्ड कप खेल पाएंगे या नहीं। बता दें कि ज्यादातर फैंस चाहते हैं कि रोहित और विराट अगले साल होने वाले वर्ल्ड कप स्क्वॉड हिस्सा बनें, लेकिन आखिरी फैसला सलेक्शन कमेटी और टीम मैनेजमेंट करता है।
गिल ने इशारों-इशारों में बता दिया सच
दरअसल, इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज़ शुरू होने से ठीक पहले कप्तान शुभमन गिल मीडिया से रूबरू हुए। इसी दौरान उन्होंने रोहित-विराट के भविष्य को लेकर अहम टिप्पणी की। गिल ने कहा कि, दोनों सीनियर खिलाड़ी आगे भी वनडे टीम का अहम हिस्सा बने रहेंगे। उन्होंने कहा, विराट कोहली और रोहित शर्मा, दोनों ही बीते एक दशक से इंडियन टीम की जान रहे हैं। आगे भी वे टीम के मुख्य स्तंभ बने रहेंगे।
वर्तमान कप्तान ने कहा, इन दोनों खिलाड़ियों के पास जो अनुभव है, वह टीम के लिए बेहद कीमती और टीम को उसका हमेशा फायदा मिलता है। उन्होंने बताया कि, बीते 10 वर्षों में इन दोनों बल्लेबाज़ों ने कितना बेहतरीन प्रदर्शन किया है वह किसी से छिपा नहीं है। चाहे कोई भी मैच रहा हो, कोई भी टूर्नामेंट या कोई भी मौका, दोनों खिलाड़ियों ने लगातार रन बनाकर टीम को मजबूती दी है।
कम नहीं हुआ टीम में कद
गिल के इस बयान को फैंस काफी सकारात्मक रूप से देख रहे हैं। गिल के ये बयान ने ये इशारा कर दिया है कि, टीम मैनेजमेंट फिलहाल इन दोनों अनुभवी खिलाड़ियों को टीम से बाहर करने के मूड में नहीं है। हालांकि, गिल ने सीधे तौर पर यह नहीं कहा कि दोनों 2027 वर्ल्ड कप ज़रूर खेलेंगे, लेकिन उनके बयान से यह ज़रूर झलकता है कि, फिलहाल दोनों सीनियर खिलाड़ियों का कद टीम में कम नहीं हुआ है।
Shubman Gill talks about the importance of Rohit Sharma & Virat Kohli 🇮🇳
– ROKO is coming for Dominance.pic.twitter.com/eNu6G98G5K
— Johns. (@CricCrazyJohns) July 13, 2026
बता दें कि, हाल ही में इंग्लैंड के खिलाफ हुई पांच मैचों की टी20 सीरीज़ में टीम इंडिया को हार का सामना करना पड़ा था। इंग्लैंड ने 4-0 से ये सीरिज अपने नाम कर ली थी। इस टूर्नामेंट में भारतीय टीम शुरू से आखिर तक संघर्ष ही करती नज़र आई। टीम की बल्लेबाज़ी और गेंदबाज़ी दोनों ही फेल रही, जिसकी वजह से फैंस और विशेषज्ञों ने टीम के प्रदर्शन पर सवाल भी उठाए।
वनडे सीरीज़ पर टिकीं निगाहें
इस करारी हार के बाद अब पूरा दबाव वनडे टीम पर आ गया है। टीम इंडिया के पास टी20 सीरीज़ में मिली हार का बदला लेने का सुनहरा मौका है।

अच्छी बात यह है कि, वनडे सीरीज़ में रोहित शर्मा और विराट कोहली दोनों मैदान पर नज़र आएंगे, जिससे टीम की बल्लेबाज़ी को मजबूती मिलने की उम्मीद है। इन दोनों अनुभवी बल्लेबाज़ों के साथ-साथ स्टार गेंदबाज़ जसप्रीत बुमराह भी टीम का हिस्सा होंगे, जो गेंदबाज़ी विभाग में टीम की सबसे बड़ी ताकत माने जाते हैं।
टीम इंडिया के लिए क्यों अहम है सीरीज़
रोहित, विराट और बुमराह जैसे अनुभवी खिलाड़ियों की मौजूदगी टीम इंडिया के लिए इस वनडे सीरीज़ में बड़ा भरोसा जगाती है। टी20 सीरीज़ में मिली हार के बाद टीम मैनेजमेंट और खिलाड़ी दोनों ही चाहेंगे कि वनडे फॉर्मेट में शानदार वापसी की जाए और यह साबित किया जाए कि टीम इंडिया अब भी दुनिया की मजबूत टीमों में शुमार है। साथ ही, यह सीरीज़ रोहित और विराट के लिए भी बेहद अहम मानी जा रही है, क्योंकि अच्छे प्रदर्शन से वे यह संदेश दे सकते हैं कि 2027 वर्ल्ड कप तक वे टीम के लिए उतने ही उपयोगी बने रहेंगे, जितना पिछले एक दशक में रहे हैं।
टी20 की हार का बदला लेने उतरेगी टीम इंडिया
कुल मिलाकर, कप्तान शुभमन गिल का यह बयान फैंस को खुश करने और उन्हें राहत देने वाला तो है, लेकिन सलेक्शन टीम क्या फैसला लेगी ये तो आने वाला वक्त ही बतायेगा। गिल ने इशारों-इशारों में जो कहा उससे तो ऐसा ही लग रहा है कि रोहित शर्मा और विराट कोहली फिलहाल टीम प्रबंधन की प्राथमिकता सूची में बने हुए हैं। अब सबकी निगाहें इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज़ पर टिकी हैं, जहां टीम इंडिया टी20 की हार का बदला लेने और अपने दो दिग्गज बल्लेबाज़ों के दम पर शानदार प्रदर्शन करने के इरादे से उतरेगी।
इसे भी पढ़ें- धोनी ने रोहित-विराट की उम्र पर सवाल उठाने वालों को दिया करारा जवाब’संन्यास का फैसला कोई और नहीं, वे खुद करेंगे’



