सहजानंद का आजमगढ़ में भव्य स्वागत, प्रदेश मंत्री बनने के बाद पहली बार पहुंचे गृह जनपद

आजमगढ़। भाजपा की ओर से प्रदेश मंत्री बनाए जाने के बाद भाजपा नेता सहजानंद राय जब पहली बार आजमगढ़ जिले पहुंचे, तो कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। शहर के हरिऔध कला भवन में हुए इस स्वागत समारोह में बड़ी तादाद में पार्टी के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और समर्थक मौजूद रहे।

इसे भी पढ़ें- यूपी भाजपा की नई टीम का ऐलान: पूजा पाल बनाई गईं उपाध्यक्ष, राजनाथ सिंह के बेटे को मिली ये जिम्मेदारी

स्मृति चिन्ह देकर किया सम्मानित

इस मौके पर प्रदेश मंत्री सहजानंद राय ने सभी वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान शामिल हुए। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने से पहले पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से लेकर आयोजन स्थल तक करीब 21 जगहों पर कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ ने प्रदेश मंत्री का स्वागत किया।

Sahajanand Rai

आयोजन स्थल पहुंचते ही कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाएं, अंगवस्त्र और गुलदस्ते भेंट कर सहजानंद राय का उत्साहपूर्वक अभिनंदन किया। इस दौरान पूरा सभागार  भारत माता की जय, वंदे मातरम् और भाजपा के समर्थन में लगे नारों से गूंजता रहा। कार्यकर्ताओं में अपने लोकप्रिय नेता के स्वागत को लेकर खासा जोश देखने को मिला।

अपने भाषण में भाजपा प्रदेश मंत्री सहजानंद राय ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि, संगठन ने उन्हें जो प्रदेश मंत्री की जिम्मेदारी दी है, उसे वे पूरी निष्ठा, समर्पण और ईमानदारी से निभाएंगे। उन्होंने बताया कि, उनकी सार्वजनिक और संगठनात्मक यात्रा छात्र राजनीति से शुरू हुई थी और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद में एक सामान्य कार्यकर्ता के तौर पर उन्होंने अनुशासन, संगठन-कौशल और राष्ट्रसेवा के मूल्य सीखे।

मेहनत से मिलता है बड़ा पद

उन्होंने कहा कि, भाजपा ने समय-समय पर उन पर भरोसा जताते हुए कई अहम जिम्मेदारियां दीं। भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष, भाजपा जिला महामंत्री, पार्टी के जिला अध्यक्ष, क्षेत्रीय मंत्री, क्षेत्रीय महामंत्री और क्षेत्रीय अध्यक्ष के तौर पर काम करने का मौका मिला। अब प्रदेश मंत्री के रूप में मिली नई जिम्मेदारी उनके लिए सम्मान के साथ-साथ संगठन के प्रति और बड़ी जवाबदेही भी है।

सहजानंद राय ने कहा कि, भाजपा एक ऐसा दल है जहां कार्यकर्ता की मेहनत, त्याग और संगठन के प्रति वफादारी को पहचान मिलती है। एक आम कार्यकर्ता भी अपनी लगन और मेहनत से संगठन में सबसे बड़े पदों तक पहुंच सकता है। उनका अपना राजनीतिक सफर इसका उदाहरण है।

एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने की अपील

उन्होंने बताया कि, प्रदेश मंत्री के तौर पर उनकी पहली प्राथमिकता संगठन को मजबूत करना, केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के आखिरी व्यक्ति तक पहुंचाना और कार्यकर्ताओं से निरंतर संपर्क बनाए रखना होगी। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आने वाली चुनौतियों का सामना करने के लिए एकजुट होकर संगठन को और मजबूत बनाने की अपील की।

Sahajanand Rai

समारोह को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री दारा सिंह चौहान ने कहा कि, सहजानंद राय ने अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत विद्यार्थी परिषद से की थी और गांव-गांव, बूथ-बूथ जाकर तथा कार्यकर्ताओं के बीच रहकर संगठन को मजबूत करने का काम किया। उनकी मेहनत, संघर्ष और संगठन के प्रति निष्ठा को देखते हुए ही उन्हें बार-बार महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

पूर्वांचल के कार्यकर्ताओं की मेहनत का सम्मान

जिले में विभिन्न पदों पर काम करते हुए क्षेत्रीय अध्यक्ष तक की जिम्मेदारी सफलतापूर्वक निभाने के बाद अब पार्टी नेतृत्व ने उन्हें प्रदेश मंत्री जैसा अहम पद देकर सम्मानित किया है। यह सम्मान सिर्फ सहजानंद राय का नहीं बल्कि आजमगढ़ के समर्पित कार्यकर्ताओं की मेहनत और संगठन के प्रति उनकी निष्ठा का भी है।

कार्यक्रम के संयोजक व लालगंज के पूर्व जिलाध्यक्ष तथा स्वाभिमान मंच के संस्थापक अध्यक्ष सूरज प्रकाश श्रीवास्तव ने कहा कि, यह ऐतिहासिक स्वागत समारोह आजमगढ़ के कार्यकर्ताओं के जोश, समर्पण और संगठन के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का प्रतीक है। भाजपा द्वारा सहजानंद राय को प्रदेश मंत्री की जिम्मेदारी सौंपा जाना उनके लंबे संगठनात्मक अनुभव और संघर्ष का ही नहीं, बल्कि पूर्वांचल के लाखों कार्यकर्ताओं की मेहनत का भी सम्मान है।

हरिऔध कला भवन में हुए इस स्वागत समारोह में जिले के कोने-कोने से आए कार्यकर्ताओं ने जिस जोश और ऊर्जा से उनका अभिनंदन किया, वह इस बात का संकेत है कि, सहजानंद राय के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं को नई दिशा और प्रेरणा मिलेगी।

कार्यकर्ताओं में नया जोश

प्रदेश मंत्री के रूप में वे संगठन को और सशक्त बनाएंगे तथा केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं को समाज के अंतिम पायदान तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएंगे। कार्यक्रम में मौजूद सभी वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और गणमान्य नागरिकों का हार्दिक आभार, जिनके सहयोग से यह आयोजन सफल और यादगार बन सका।

Sahajanand Rai

कार्यक्रम में मौजूद विभिन्न वक्ताओं ने सहजानंद राय के लंबे संगठनात्मक अनुभव, संघर्षशील व्यक्तित्व और जनसेवा के प्रति उनके समर्पण की प्रशंसा करते हुए विश्वास जताया कि उनके अनुभव का फायदा प्रदेश संगठन को मिलेगा और उनके प्रदेश मंत्री बनने से आजमगढ़ सहित पूरे पूर्वांचल के कार्यकर्ताओं में नया जोश भरा है।

इस मौके पर पूर्व सांसद संतोष सिंह, होम्योपैथी बोर्ड के पूर्व सदस्य श्याम नारायण सिंह दादा, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. माला द्विवेदी, किसान मोर्चा के प्रदेश महामंत्री घनश्याम पटेल, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य देवेंद्र सिंह, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राधेश्याम सिंह गुड्डू, क्षेत्रीय संयोजक रमाकांत मिश्र,  ब्लॉक प्रमुख कोयलसा संतोष यादव,  फूलपुर के चेयरमैन रामशीष बरनवाल, सभासद पूनम सिंह, नगर अध्यक्ष मृगांक शेखर सिन्हा,  पल्लव श्रीवास्तव, सुनील आदि उपस्थित रहे।

 

इसे भी पढ़ें- राजनाथ के गढ़ में अन्याय पर उबाल, भाजपा के खिलाफ खोला मोर्चा, सपा में शामिल हुए 150 क्षत्रिय

Related Articles

Back to top button