जेफरी एपस्टीन फाइल्स से बढ़ा तनाव, स्लोवाकिया में शीर्ष अधिकारी ने दिया इस्तीफा

अमेरिकी न्याय मंत्रालय ने शुक्रवार को एपस्टीन से जुड़ी कई फाइल जारी कीं

न्यूयॉर्क । जेफरी एपस्टीन से संबंधित अमेरिकी सरकार की हाल में सामने आई फाइल के कारण स्लोवाकिया के एक शीर्ष अधिकारी ने इस्तीफा दे दिया। वहीं, इस मांग ने एक बार फिर जोर पकड़ लिया है कि ब्रिटेन के पूर्व प्रिंस को एपस्टीन के दुनिया भर के प्रभावशाली व्यक्तियों से संबंधों के बारे में प्राधिकारियों के साथ जानकारी साझा करनी चाहिए।

अमेरिकी न्याय मंत्रालय ने शुक्रवार को एपस्टीन से जुड़ी कई फाइल जारी कीं, जिसके बाद यह घटनाक्रम सामने आया है। ये फाइल फ्लोरिडा में यौन अपराधों के लिए सजा काटने वाले एपस्टीन के अमीर और मशहूर लोगों के साथ संबंधों की जानकारी प्रदान करती हैं। स्लोवाकिया के प्रधानमंत्री ने शनिवार को मिरोस्लाव लाजैक का इस्तीफा स्वीकार कर लिया। संयुक्त राष्ट्र महासभा के पूर्व अध्यक्ष रह चुके लाजैक पर किसी भी प्रकार के गलत काम का आरोप नहीं था, लेकिन एपस्टीन के जेल से रिहा होने के बाद के वर्षों में दोनों की मुलाकात की तस्वीरें और ईमेल सामने आने के बाद उन्होंने अपना पद छोड़ दिया।

इन खुलासों से ये सवाल फिर से उठने लगे हैं कि क्या एपस्टीन के मित्र रहे ब्रिटेन के पूर्व प्रिंस एंड्रयू माउंटबेटन-विंडसर को अमेरिकी अधिकारियों के साथ सहयोग करना चाहिए। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री केअर स्टार्मर ने शनिवार को सुझाव दिया कि माउंटबेटन-विंडसर को एपस्टीन की गतिविधियों के बारे में जो कुछ भी पता है, उसके बारे में उन्हें अमेरिकी जांच अधिकारियों को बता देना चाहिए। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दस्तावेजों के जारी होने के बाद अपनी पहली सार्वजनिक टिप्पणी में कहा, ”मैंने इसे खुद नहीं देखा, लेकिन कुछ बहुत ही महत्वपूर्ण लोगों ने मुझे बताया कि यह न केवल मुझे दोषमुक्त करता है बल्कि यह कुछ वामपंथी लोगों की उम्मीदों के बिल्कुल विपरीत है।

मंत्रालय की वेबसाइट पर पोस्ट की गई फाइल में एपस्टीन की माउंटबेटन-विंडसर के साथ दोस्ती से संबंधित दस्तावेज और ट्रंप के पूर्व सलाहकार स्टीव बैनन, न्यूयॉर्क जायंट्स के सह-मालिक स्टीव टिस्क और अरबपतियों बिल गेट्स एवं एलन मस्क के साथ ईमेल पत्राचार शामिल हैं। इन रिकॉर्ड में ट्रंप के हजारों संदर्भ हैं। इसके अलावा, इजराइल के पूर्व प्रधानमंत्री एहूद बराक एवं उनकी पत्नी, राष्ट्रपति ट्रंप के वाणिज्य मंत्री हावर्ड लुटनिक, अरबपति एवं गूगल के सह-संस्थापक सर्गी ब्रिन के नाम भी शामिल हैं।

दस्तावेजों के अनुसार, एफबीआई ने जुलाई 2006 में एपस्टीन के मामले में जांच शुरू की थी। जारी किए गए रिकॉर्ड से इस बात की पुष्टि हुई कि एपस्टीन के ट्रंप और पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन के साथ दोस्ताना संबंध थे। अभियोग लगने के एक महीने बाद अगस्त 2019 में एपस्टीन ने न्यूयॉर्क की एक जेल में आत्महत्या कर ली थी।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया सरकारी मंथन के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related Articles

Back to top button