
-
मुख्यमंत्री ने 520 करोड़ रुपये से ज्यादा की 69 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया
-
लाभार्थियों को चेक और स्वीकृति पत्र बांटे
गोंडा। समाजवादी पार्टी पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि, सपा जब-जब सत्ता में रही, उत्तर प्रदेश को बर्बादी ही मिली। उनके मुताबिक, उस दौर में दंगे, कर्फ्यू और अपराध हावी थे, त्योहारों से पहले अशांति फैल जाती थी, गरीबों के अधिकार और युवाओं की नौकरियों पर डाका पड़ता था, और बेटियां व व्यापारी असुरक्षित थे। उन्होंने कहा कि, अब प्रदेश में न दंगे हैं, न कर्फ्यू, और लोग बेखौफ होकर त्योहार मना रहे हैं। सपा और कांग्रेस पर अपराधियों को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि, भाजपा सरकार बदलाव लाती है और आस्था का सम्मान करती है।
इसे भी पढ़ें- जहां रोशनी, वहां सुरक्षा, सुरक्षा से निवेश और निवेश से रोजगार: योगी
मुख्यमंत्री सोमवार को गोंडा के छपिया विकासखंड की ग्राम पंचायत तेजपुर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने गौरा और मनकापुर विधानसभा क्षेत्रों की 520 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली 69 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। सड़क, शिक्षा और पुल से जुड़ी इन योजनाओं के साथ ही उन्होंने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को चेक, स्वीकृति पत्र और अन्य सामग्री भी सौंपी।
सपाई और कसाई को दिक्कत है तो घर में मातम मनाएं
योगी ने कहा कि पहले कोई सनातनी अपने घर में मां दुर्गा की पूजा करता था तो कोई सपाई या कसाई उसकी शिकायत कर देता था, और लखनऊ में बैठी सपा सरकार पूजा पर पाबंदी लगा देती थी। उन्होंने बताया कि इस बार नवरात्र में प्रदेश भर में 67 हजार दुर्गा प्रतिमाएं स्थापित हुईं।

उन्होंने कहा कि जिसे इससे परेशानी हो, वह अपने घर में शोक मनाए, पर दूसरों को तंग न करे। उन्होंने यह भी कहा कि पहले कांवड़ यात्रा में अड़चनें डाली जाती थीं, जबकि अब गाजियाबाद से हरिद्वार के बीच साढ़े चार करोड़ श्रद्धालु इसमें शामिल हुए।
रामभक्तों पर गोली चलाने वालों को दिलाई दो नवंबर की याद
मुख्यमंत्री ने 2 नवंबर 1990 का जिक्र करते हुए कहा कि इसी दिन अयोध्या में तत्कालीन सरकार ने रामभक्तों पर गोलियां चलवाई थीं। उन्होंने कहा कि सपा ने रामभक्तों को खून से नहला दिया, जबकि भाजपा सरकार ने उन पर फूल बरसाकर राम मंदिर निर्माण की राह खोली।
गोंडा को 16 हजार करोड़ की परियोजनाएं
योगी ने कहा कि पहले विकास का अर्थ सिर्फ सैफई था, पर अब योजनाएं सभी 75 जिलों तक पहुंच रही हैं। उन्होंने बताया कि बीते साढ़े नौ वर्षों में गोंडा के लिए 16 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा और पूरे देवीपाटन मंडल के लिए करीब 50 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं को मंजूरी मिली है। वर्ष 2023 में गोंडा को तीन हजार करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले, जिनमें से कई जमीन पर उतर चुके हैं।
उन्होंने कहा कि पहले गोंडा की सड़कें खस्ताहाल थीं और इलाका पिछड़ेपन में जकड़ा था। अब यहां महाराजा देवी बख्श सिंह मेडिकल कॉलेज और विश्वविद्यालय है। बहराइच में महाराजा सुहेलदेव मेडिकल कॉलेज तैयार हो चुका है और बलरामपुर में अटल बिहारी वाजपेयी मेडिकल कॉलेज का निर्माण अंतिम चरण में है। गोंडा-अयोध्या और बलरामपुर-गोंडा मार्गों के चौड़ीकरण को केंद्र की मंजूरी भी मिल गई है।
साढ़े चार हजार दारोगाओं को इसी हफ्ते नियुक्ति पत्र
मुख्यमंत्री ने बताया कि, छह महीने में एक लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने की योजना तैयार है और अब तक 12 से 15 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र मिल चुके हैं। इसी हफ्ते साढ़े चार हजार दारोगाओं को, दीपावली के बाद 35 हजार पुलिस कांस्टेबलों को और उसके बाद 42 हजार होमगार्डों को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। शिक्षकों और अन्य विभागों में भी भर्ती की प्रक्रिया चल रही है। उनके अनुसार अब तक साढ़े नौ लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है।
अग्निवीरों को 20 प्रतिशत आरक्षण और सीधी भर्ती
योगी ने कहा कि चार साल की सेवा पूरी कर लौटने वाले अग्निवीरों को पुलिस, पीएसी, होमगार्ड, वन और कारागार समेत कई विभागों में 20 प्रतिशत आरक्षण मिलेगा और उनकी भर्ती बिना परीक्षा सीधे होगी। उन्होंने यह भी बताया कि पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को डिप्टी एसपी और खेल अधिकारी जैसे पदों पर नियुक्त किया गया है।
सुरक्षा से खिलवाड़ किया तो जेल या जहन्नुम
मुख्यमंत्री ने चेतावनी दी कि, बेटियों और व्यापारियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के लिए जेल या जहन्नुम के अलावा कोई तीसरी जगह नहीं है। उन्होंने कहा कि, माफिया अब विकास योजनाओं की राह नहीं रोक सकते।

गोंडा के युवाओं को रोजगार के लिए बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा, क्योंकि निवेश से स्थानीय स्तर पर ही नौकरियां बढ़ेंगी। पराली और गोबर से किसानों की आमदनी बढ़ाने के लिए कंप्रेस्ड बायोगैस परियोजनाओं पर काम हो रहा है। साथ ही बाबा पृथ्वीनाथ, मां बाराही और स्वामीनारायण छपिया जैसे आस्था स्थलों का विकास भी कराया जा रहा है।
सपा में माफिया राज
केंद्रीय राज्यमंत्री कीर्तिवर्धन सिंह ने आरोप लगाया कि, सपा सरकार में माफिया का बोलबाला था, जबकि बसपा सरकार में पार्टी प्रमुख के जन्मदिन के नाम पर जनप्रतिनिधियों से वसूली की जाती थी। उन्होंने कहा कि, पहले बिजली, राशन और महिला सुरक्षा बड़ी समस्याएं थीं। अब किसानों को सिंचाई के लिए बिजली, गरीबों को मुफ्त राशन और महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों के जरिए रोजगार मिल रहा है। गोंडा में मेडिकल कॉलेज, पुल और सड़कें भी बनी हैं।
मनकापुर में बढ़ीं सुविधाएं
गौरा विधायक प्रभात वर्मा ने बताया कि क्षेत्र में अब पांच राजकीय इंटर कॉलेज हैं और सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा धार्मिक स्थलों का विकास हुआ है। मनकापुर विधायक रमापति शास्त्री ने किसानों और आम लोगों को योजनाओं का लाभ मिलने की बात कहते हुए मुख्यमंत्री का आभार जताया।
लाभार्थियों को चेक, प्रमाण पत्र और चाबियां सौंपीं
मुख्यमंत्री ने आयुष्मान भारत योजना में रामप्रताप को पांच लाख रुपये के स्वास्थ्य बीमा का प्रतीकात्मक कार्ड और मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से संगीता को 85 हजार रुपये का डेमो चेक दिया। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के लाभार्थी घनश्याम को घर की प्रतीकात्मक चाबी मिली। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन में स्वयं सहायता समूह से जुड़ी रेनू वर्मा को 12.73 करोड़ रुपये का डेमो चेक सौंपा गया।
पंचायती राज विभाग की गोनार्द स्वच्छता मार्ट योजना में मीना देवी को प्रतीकात्मक चाबी दी गई। श्रम विभाग की निर्माण कामगार मृत्यु एवं विकलांगता सहायता योजना में झिनकना देवी को दो लाख रुपये का चेक मिला। कृषि विभाग की एसएमएएम योजना के तहत कस्टम हायरिंग सेंटर की लाभार्थी शकुंतला को ट्रैक्टर की चाबी सौंपी गई।
स्टालों का मुआयना किया
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना में बीनू पांडेय को 1.19 लाख रुपये का चेक मिला। मुख्यमंत्री स्वदेशी गौ संवर्धन योजना में निर्मला देवी को 80 हजार रुपये का डेमो चेक और प्रमाण पत्र दिया गया, जबकि प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना में मुश्ताक अहमद को 5.60 लाख रुपये का डेमो चेक मिला। मिनी नंदिनी कृषक समृद्धि योजना के लाभार्थी रामतीरथ को प्रमाण पत्र और स्टडी टेबल वितरण योजना में लकी सिंह को स्टडी टेबल दी गई।
मुख्यमंत्री ने विभागों के स्टालों का मुआयना किया, बच्चों का अन्नप्राशन कराया और उन्हें चॉकलेट व खिलौने दिए। उन्होंने गर्भवती महिलाओं की गोदभराई में हिस्सा लेकर पोषण किट बांटी और दिव्यांग महिलाओं को ट्राईसाइकिल व उपहार दिए। बाल संतों ने मंत्रोच्चार से उनका स्वागत किया और विकास कार्यों पर एक लघु फिल्म भी दिखाई गई। मुख्यमंत्री ने सात नवंबर के दीपोत्सव पर जरूरतमंद परिवारों के साथ खुशियां साझा करने की अपील की।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री कीर्तिवर्धन सिंह, सांसद करण भूषण सिंह, विधायक रमापति शास्त्री, प्रभात वर्मा, विनय कुमार द्विवेदी, प्रतीक भूषण सिंह, प्रेम नारायण पांडेय, बावन सिंह और अजय सिंह, विधान परिषद सदस्य अवधेश कुमार सिंह और घनश्याम मिश्र, भाजपा जिलाध्यक्ष इकबाल बहादुर तिवारी, मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल तथा जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन उपस्थित रहे।
इसे भी पढ़ें- सपा पर योगी का हमला, बोले- ‘माफिया मानसिकता वाली पार्टी, कभी नहीं सुधरेगी’



