सपा पर योगी का हमला, बोले- ‘माफिया मानसिकता वाली पार्टी, कभी नहीं सुधरेगी’

  • 17 वार्डों को मिलेगी जलभराव से स्थायी राहत, ढाई से तीन लाख लोग होंगे लाभान्वित

  • बारिश-ओलावृष्टि से बर्बाद फसलों पर किसानों को मिलेगा विशेष मुआवजा पैकेज: योगी

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि समाजवादी पार्टी माफिया मानसिकता वाली पार्टी है, जिसे जब भी अवसर मिलता है, वह जमीनों पर कब्जा करने में जुट जाती है। उन्होंने कहा कि, जैसे कुत्ते की पूंछ कभी सीधी नहीं होती, वैसे ही सपा के लोग भी कभी नहीं सुधर सकते। मौका मिलते ही गरीबों और व्यापारियों की जमीन हड़पना उनकी पुरानी आदत रही है।

रविवार को मुख्यमंत्री ने बिछिया पुल के पास आयोजित कार्यक्रम में 495 करोड़ रुपये की लागत वाले गोड़धोइया नाला फेज-1 का लोकार्पण किया और 880 करोड़ रुपये की फेज-2 तथा सीवरेज परियोजनाओं की आधारशिला रखी।

इसे भी पढ़ें- अमित शाह के दौरे से सपा में खलबली, बीजेपी प्रवक्ता बोले,’2027 में फिर योगी सरकार’

दीपावली से पहले गोरखपुर को बड़ा तोहफा

दीपावली से पहले मुख्यमंत्री ने महानगर के 17 वार्डों को जलभराव से स्थायी राहत देने वाली गोड़धोइया नाला परियोजना के पहले चरण (495 करोड़ रुपये से अधिक) को जनता को समर्पित किया। इसके साथ ही 880 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले दूसरे चरण, सीवरेज योजना के जोन ए तीन और समानांतर सर्विस रोड का शिलान्यास भी हुआ। उन्होंने रेलवे लाइन के उत्तरी हिस्से के सभी निवासियों को इस सौगात के लिए शुभकामनाएं दीं।

सपा राज में थी अराजकता

पिछली सपा सरकार के दौर की अराजकता याद दिलाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि, दस साल पहले गोरखपुर में लोग केंचुए की तरह रेंग-रेंगकर चलने को मजबूर थे। हर तरफ जाम, गंदगी, जलभराव और माफिया व मच्छरों का खौफ था। उन्होंने बताया कि जेल बाईपास रोड पर एक रईस और प्रतिष्ठित परिवार ने सपा शासन में माफियाओं के डर से रातोंरात अपनी दोनों हवेलियां खुद गिरा दीं, ताकि कुछ जमीन तो उनके पास बची रहे।

cm yogi

आर्यनगर में भी एक माफिया ने ऐसे ही एक सम्मानित परिवार की हवेली हथियाने की कोशिश की थी। तब सांसद के रूप में वे खुद वहां पहुंचे थे और जनता से कहा था कि इन गुंडों को पकड़कर पीटो। मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि, अब किसी गरीब, व्यापारी या सम्मानित नागरिक की संपत्ति पर कब्जा करने से पहले कोई भी दस बार सोचेगा, क्योंकि उसे पता है कि अगले ही पल उसका क्या हश्र होगा।

अपराधियों पर जीरो टॉलरेंस

मुख्यमंत्री ने कहा कि, 2017 से पहले असुरक्षा के माहौल में बेटियां स्कूल नहीं जा पाती थीं और व्यापारी चैन से कारोबार नहीं कर सकते थे। सुरक्षा न होने से निवेश भी नहीं आता था और शहर की सड़कें गड्ढों में तब्दील हो चुकी थीं, जो समाज अपनी बहन-बेटियों की रक्षा न कर सके, उसकी हालत नरक से भी बदतर है। इसी कारण सरकार ने ऐसे अपराधों पर जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई है। अब कोई किसी युवा की जिंदगी से खिलवाड़ करने या सड़क पर चल रही बेटी से छेड़छाड़ करने की हिम्मत नहीं कर सकता। जो ऐसा करेगा, उसके सामने दो ही रास्ते हैं, जेल या जहन्नुम।

बिना मकान ढहाए बनाया गया नाला

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले बीमारू सोच वाली सरकारों के समय गंदगी, जलभराव और दूषित पेयजल से इंसेफेलाइटिस, मलेरिया और डेंगू फैलते थे, जिनसे हजारों बच्चे समय से पहले दम तोड़ देते थे। गोड़धोइया नाले के निर्माण के साथ गोरखपुर को मच्छर और माफिया से मुक्त करने की पहली परियोजना पूरी हो गई है। जब शहर इनसे आजाद होता है, तो विकास की रफ्तार बढ़ जाती है।

एमएलसी डॉ धर्मेंद्र सिंह ने निर्माण के दौरान स्थानीय लोगों की परेशानी बताई, तो अवैध कब्जे हटाए गए और पहले से बने मकानों को छुए बिना 7 किलोमीटर 750 मीटर लंबा आरसीसी नाला बनाया गया। दोनों तरफ सीवर लाइन बिछ चुकी है और अब शोधन के बाद ही पानी रामगढ़ ताल तक पहुंचेगा, जिससे ताल की साफ-सफाई और खूबसूरती कायम रहेगी। नाले के दोनों किनारों पर वैकल्पिक सड़क बनेगी और पौधे लगाए जाएंगे। साथ ही धर्मशाला बाजार से सुमेर सागर होकर गुजरने वाले नाले को भी पक्का आरसीसी नाला बनाने के लिए नगर निगम को धन स्वीकृत कर दिया गया है।

 जलभराव से मिली मुक्ति

परियोजनाओं की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि पहले चरण में करीब 500 करोड़ रुपये की लागत से आरसीसी नाले के साथ साढ़े सत्रह किलोमीटर लंबी इंटरसेप्टिंग ट्रंक सीवर लाइन, 38 एमएलडी का सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट, 61 एमएलडी का मुख्य पंपिंग स्टेशन और 14 ब्रिज कल्वर्ट तैयार हो चुके हैं।

दूसरे चरण में लगभग 794 करोड़ रुपये खर्च कर 17 वार्डों के कैचमेंट क्षेत्र में 342 किलोमीटर सीवर लाइन, 45 हजार सीवर कनेक्शन और 27 एमएलडी व साढ़े सैंतीस एमएलडी क्षमता के दो इंटरमीडिएट पंपिंग स्टेशन बनाए जाएंगे। इससे बिछिया रेलवे कॉलोनी, शाहपुर, सेमरा, बशारतपुर, राप्तीनगर और रामजानकी नगर समेत उत्तरी क्षेत्र के मोहल्लों के ढाई से तीन लाख लोगों को लाभ मिलेगा।

मुंबई छोड़कर गोरखपुर में बसे रवि किशन

नए उत्तर प्रदेश के नए गोरखपुर की तस्वीर पेश करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले रामगढ़ ताल की ओर कोई जाना नहीं चाहता था। लोग पहले घूमने मुंबई जाते थे, मगर अब मुंबई से आए सांसद रवि किशन ने भी रामगढ़ ताल के किनारे अपना आशियाना बना लिया है।

उन्होंने कहा कि पहले यहां का युवा रोजगार के लिए बाहर जाता था, लेकिन अब सुरक्षा और स्वच्छता की वजह से बाहर के लोग गोरखपुर में काम की तलाश में आ रहे हैं। आज गोरखपुर चारों ओर फोरलेन सड़कों से जुड़ा है और यहां फर्टिलाइजर कारखाना, एम्स, बीआरडी मेडिकल कॉलेज, चार विश्वविद्यालय, सैनिक स्कूल, आयुष विश्वविद्यालय और सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क मौजूद हैं। गीडा निवेश का शानदार केंद्र बनकर उभरा है, जहां बीते 10 वर्षों में 50 हजार युवाओं को नौकरी और रोजगार मिला है। वहां नई चीनी मिल, डिस्टिलरी, डेयरी, इथेनॉल प्लांट, स्टील प्लांट और सीमेंट फैक्ट्री जैसे बड़े उद्योग स्थापित हो रहे हैं।

दीपावली पर शहीदों के नाम जलाएं एक दीया

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को दीपावली और छठ महापर्व की हार्दिक बधाई देते हुए सभी नागरिकों से विशेष अपील की। उन्होंने कहा कि आज हम जिस स्वतंत्र और सुरक्षित माहौल में उत्साह से त्योहार मना रहे हैं और बाजारों में रौनक है, उसके पीछे हमारे पूर्वजों का आशीर्वाद तथा अमर क्रांतिकारियों और वीर जवानों का सर्वोच्च बलिदान है।

उन्होंने आग्रह किया कि इस दीपावली पर जब घर-घर उत्सव के दीप जलें, तो हर नागरिक देश की आजादी के लिए सब कुछ न्योछावर करने वाले बलिदानियों और सीमा पर देश की रक्षा कर रहे सैनिकों के सम्मान में एक दीया जरूर जलाए। साथ ही उन्होंने स्थानीय कारीगरों, कुम्हारों और हस्तशिल्पियों के जीवन में खुशियां लाने के लिए मिट्टी के दीये और स्वदेशी सामान खरीदकर वोकल फॉर लोकल के संकल्प को सच करने का आह्वान किया।

किसानों को मिलेगा विशेष मुआवजा पैकेज

अन्नदाता किसानों के प्रति संवेदना जताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल में दो बार आए चक्रवात के कारण बेमौसम बारिश, अतिवृष्टि और ओलावृष्टि से किसानों का भारी नुकसान हुआ है। सभी जिला प्रशासनों को समय पर सर्वे कराने के निर्देश दे दिए गए हैं और सरकार किसानों की राहत के लिए विशेष मुआवजा पैकेज देगी।

उन्होंने कहा कि आज गरीबों को घर, उज्ज्वला कनेक्शन और आयुष्मान भारत का लाभ मिल रहा है। युवा स्टार्टअप तंत्र से जुड़कर अब सिर्फ नौकरी तलाशने वाले नहीं रहे, बल्कि नौकरी देने वाले बनकर दूसरों को रोजगार देने की क्षमता हासिल कर रहे हैं।

हर साल नौ लाख यूनिट बिजली की बचत

कार्यक्रम में दिखाई गई एक लघु फिल्म के मुताबिक अमृत योजना में 262 किलोमीटर पेयजल पाइपलाइन बिछाई जा चुकी है और 50 हजार से ज्यादा घरेलू कनेक्शन दिए जा चुके हैं, जबकि अमृत दो के अंतर्गत सवा दो लाख लोगों के लिए पेयजल का काम शुरू हो गया है। गोड़धोइया नाला के एसटीपी में लगे आधुनिक टर्बो ब्लोअर से हर साल नौ लाख यूनिट बिजली बच रही है और नाले से प्रति सेकंड 42 हजार लीटर वर्षा जल निकल रहा है।

ये गणमान्य रहे उपस्थित

समारोह में कैबिनेट मंत्री संजय निषाद, सांसद रवि किशन शुक्ला, महापौर डॉ मंगलेश श्रीवास्तव, एमएलसी डॉ धर्मेंद्र सिंह, विधायक विपिन सिंह, फतेह बहादुर सिंह, श्रीराम चौहान, महेंद्र पाल सिंह, राजेश त्रिपाठी, प्रदीप शुक्ला, श्रवण निषाद, महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी, भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय, जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी, महानगर अध्यक्ष रमेश प्रताप गुप्त और पूर्व महानगर अध्यक्ष राजेश गुप्त समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

 

इसे भी पढ़ें- यूपी के युवाओं को रोजगार की सौगात, 1725 करोड़ की कौशल विकास योजना शुरू: सीएम योगी

Related Articles

Back to top button