अमित शाह के दौरे से सपा में खलबली, बीजेपी प्रवक्ता बोले, ‘2027 में फिर योगी सरकार’

लखनऊ। बीजेपी के मुख्य प्रवक्ता दिनेश प्रताप सिंह ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर कड़ा प्रहार किया है। उनका कहना है कि, विधानसभा चुनाव जितना करीब आ रहा है, सपा प्रमुख की मानसिक स्थिति उतनी ही बिगड़ती जा रही है। उनकी झुंझलाहट साफ दिखाती है कि, वे पहले ही हार मान चुके हैं। प्रवक्ता ने दावा किया कि 2027 में उत्तर प्रदेश की जनता फिर से योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में एनडीए को प्रचंड बहुमत देगी।

इसे भी पढ़ें- ‘तीसरी बार यूपी में सरकार बनी तो लागू करेंगे UCC’ लखनऊ में अमित शाह का बड़ा ऐलान

विश्वास गवां रहे अखिलेश

दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि, अखिलेश यादव लगातार जनता का विश्वास गंवा रहे हैं और इसी निराशा में अब वे चुनाव आयोग तथा अन्य संवैधानिक संस्थाओं के खिलाफ झूठ फैला रहे हैं। उन्होंने तंज कसा कि, अखिलेश यादव को खुद पता नहीं होता कि वे क्या बोल रहे हैं। उनकी गंभीरता इसी से समझी जा सकती है कि, वे कह रहे हैं कि चुनाव आयोग सिर्फ बीजेपी कार्यकर्ताओं को ही भारत का नागरिक मानता है। इस पर पलटवार करते हुए दिनेश प्रताप सिंह ने आखिर सवाल किया कि, क्या समाजवादी पार्टी को वोट देने वाले लोग भी बीजेपी के कार्यकर्ता हैं?

 खत्म हो रहा सपा का उत्साह

बीजेपी प्रवक्ता के अनुसार केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के यूपी दौरे ने सपा का बचा-खुचा उत्साह भी खत्म कर दिया है। वहीं बीजेपी कार्यकर्ताओं का जोश अब दोगुना हो गया है। प्रदेश की जनता इस बार भी सपा को सबक सिखाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि अखिलेश को भ्रम में नहीं रहना चाहिए और मुंगेरीलाल के हसीन सपने देखना छोड़ देना चाहिए।

बीमारू से उत्तम प्रदेश बनता यूपी

सिंह ने कहा कि दस साल पहले के यूपी और आज के प्रदेश में जमीन-आसमान का अंतर है। आज यूपी सचमुच उत्तम प्रदेश बनकर उभरा है। बीजेपी जनता से जो भी वादे करती है, उन्हें हर हाल में पूरा भी करती है। इसी वजह से देश और प्रदेश की सम्मानित जनता बार-बार पार्टी को मौका दे रही है। उनका कहना था कि जो लोग सिर्फ झूठ फैलाते हैं और अपने परिवार की ही चिंता करते हैं, उनके लिए जनता ने हर दरवाजा बंद कर दिया है।

 

इसे भी पढ़ें-  पोस्टर वॉर पर ब्रेक: अमित शाह की बैठक से पहले भाजपा ने नेताओं को दिया &’पार्टी पहले’ का मंत्र

Related Articles

Back to top button