MLC में हार को जीत बता रहे अखिलेश, दिनेश प्रताप का सपा प्रमुख पर तीखा प्रहार

लखनऊ। विधान परिषद चुनाव के नतीजों और शिक्षा व्यवस्था के मुद्दे पर बीजेपी ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि, नतीजे पक्ष में आएं तो अखिलेश उसे जनसमर्थन बताते हैं, लेकिन जनता नकार दे तो संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल, खड़े करने लगते हैं।

प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने शिक्षा और समान नागरिक संहिता (UCC) पर उन्हें घेरा, जबकि डॉ. अंकुश त्रिपाठी ने सपा राज की भर्ती और परीक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि, तब बिना पर्ची के नौकरी नहीं मिलती थी। इस बयानबाजी से प्रदेश की सियासत गरमा गई है।

इसे भी पढ़ें- मनोज पांडेय का अखिलेश पर हमला, BJP की तैयारी देखकर सपा प्रमुख का मनोबल टूट रहा

सपा शासन में बदहाल थी शिक्षा

दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि, सपा सरकार में शिक्षकों की नियुक्तियां समय पर नहीं होती थीं और कई स्कूलों के पास भवन तक नहीं थे। कई जगह बच्चे खुले आसमान के नीचे पढ़ने को मजबूर थे। कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि, उस दौर में बेटियां स्कूल जाने से डरती थीं। तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि सपा और शिक्षा एक-दूसरे के धुर विरोधी हैं और अखिलेश को शिक्षा पर बोलने से पहले अपने कार्यकाल का हिसाब देना चाहिए। उन्होंने साफ कहा कि जिस सरकार में शिक्षा की बुनियादी सुविधाएं तक न हों, उसके मुखिया को शिक्षा पर उपदेश देने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।

हार स्वीकार करे सपा- राकेश त्रिपाठी

राकेश त्रिपाठी ने कहा कि MLC चुनाव में बीजेपी की सीटें भी बढ़ी हैं और वोट प्रतिशत भी। उन्होंने सपा से नतीजे मानने और निर्वाचन आयोग पर अपना भरोसा साफ करने को कहा। UCC पर संविधान के अनुच्छेद 44 का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि अखिलेश, राहुल गांधी के साथ संविधान की किताब तो लहराते हैं, पर उसे गंभीरता से पढ़ते नहीं। उन्होंने दावा किया कि एनडीए की सरकार बनने पर उत्तर प्रदेश में UCC लागू किया जाएगा।

सपा सरकार में योग्यता की अनदेखी

डॉ. अंकुश त्रिपाठी ने आरोप लगाया कि सपा शासन में भर्तियों के दौरान योग्यता को नजरअंदाज किया जाता था और आयोगों में एक खास जाति के लोगों को तरजीह मिलती थी। उन्होंने सपा सरकार को ‘पर्ची-खर्ची’ वाली सरकार बताया और कहा कि नौकरी पाने के लिए युवाओं को रिश्वत देनी पड़ती थी। उनके मुताबिक बीजेपी सरकार हर जिले में विश्वविद्यालय और मेडिकल कॉलेज खोलने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में एनडीए तीसरी बार पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगा।

 

इसे भी पढ़ें- ‘नींद हमारी नहीं, विपक्ष की उड़ी है’, MLC नतीजों पर भाजपा का अखिलेश को जवाब

Related Articles

Back to top button