असम में दहाड़े योगी, कहा- अब समय आ गया है घुसपैठियों को बाहर करने का

 लखनऊ। यूपी के मुख्यमंत्री और भाजपा के फायरब्रांड नेता योगी आदित्यनाथ भी शुक्रवार को असम के चुनावी समर में उतर गए  और विपक्ष पर तीखा हमला बोला। असम के बारपेटा में एनडीए उम्मीदवार दीपक कुमार दास के समर्थन में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी ने यूपी मॉडल की नजीर पेश की और कांग्रेस व यूडीएफ गठबंधन को आड़े हाथों लिया।

इसे भी पढ़ें-  जरूरतमंदों को आवास और बीमारों के इलाज की पूरी व्यवस्था करेगी सरकार: मुख्यमंत्री

यूपी में बह रही सुशासन की बयार

योगी आदित्यनाथ ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि, जिस तरह उत्तर प्रदेश आज दंगा मुक्त और माफिया मुक्त हो चुका है, वैसी ही सुशासन की बयार असम में भी बह रही है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि, कांग्रेस चुनाव से पहले ही मैदान छोड़कर भाग खड़ी हुई है और अब समय आ गया है कि, विभाजनकारी राजनीति करने वाली यूडीएफ जैसी पार्टियों को बंगाल की खाड़ी में फेंक दिया जाए।

CM YOGI 1

अपने चिर-परिचित अंदाज में सीएम योगी ने असम की जनता को आश्वस्त किया कि डबल इंजन की सरकार असम को घुसपैठियों का अड्डा नहीं बनने देगी। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार असम की सांस्कृतिक धरोहर का संरक्षण सुनिश्चित कर रही है और जनसांख्यिकी को बदलने की किसी भी साजिश को सफल नहीं होने दिया जाएगा। मुख्यमंत्री के इस संबोधन ने असम के राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज कर दी है, विशेषकर उनके द्वारा उत्तर प्रदेश के कानून-व्यवस्था के उदाहरणों ने जनसभा में मौजूद भारी भीड़ में जबरदस्त उत्साह भर दिया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन की शुरुआत असमवासियों को रंगोली बिहू उत्सव की हार्दिक शुभकामनाएं देकर की। उन्होंने असम को भारत के गौरव की धरा बताते हुए कहा कि, यह भूमि अध्यात्म और संस्कृति का संगम है। उन्होंने कहा, हर भारतवासी के मन में मां कामाख्या के दर्शन की अभिलाषा होती है। श्रीमंत शंकर देव और माधव देव की इस पावन धरा ने ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ के निर्माण में महती भूमिका निभाई है। यह भक्ति और मानवता के संदेश की भूमि है।

कांग्रेस पर प्रहार

योगी ने अयोध्या के राम मंदिर का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि, उत्तर प्रदेश में डबल इंजन की सरकार बनने के बाद 500 वर्षों का इंतजार खत्म हुआ और रामलला अपने भव्य मंदिर में विराजमान हुए। उन्होंने याद दिलाया कि जब राम जन्मभूमि का आंदोलन चल रहा था, तब असम से भी भारी संख्या में रामभक्त अयोध्या जाते थे और नारा लगाते थे कि रामलला हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे। योगी ने तंज कसते हुए कहा कि उस समय कांग्रेस और उसके सहयोगी दल राम के अस्तित्व को ही नकार रहे थे और कह रहे थे कि राम हुए ही नहीं, लेकिन आज दुनिया ने भारत की सांस्कृतिक विजय को देख लिया है।

मुख्यमंत्री ने असम की जनता के सामने उत्तर प्रदेश की बदली हुई कानून-व्यवस्था का खाका पेश किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश आज पूरी तरह से दंगा, कर्फ्यू और माफिया से मुक्त है। उन्होंने मंच से हुंकार भरते हुए कहा, यूपी में अब नो कर्फ्यू, नो दंगा, वहां सब है चंगा। आज उत्तर प्रदेश की सड़कों पर कोई नमाज नहीं पढ़ सकता और धर्मस्थलों से अब चिल्लाने की आवाजें नहीं आती हैं। हमने स्पष्ट कर दिया है कि आस्था का सम्मान अपनी जगह है, लेकिन वह दूसरों की सुविधा में बाधक नहीं बनना चाहिए।

असम में घुसपैठ बड़ी समस्या

योगी आदित्यनाथ ने दंगाइयों को कड़ा संदेश देते हुए कहा कि, यदि यूपी में किसी ने दंगा करने का दुस्साहस किया, तो उसकी प्रॉपर्टी जब्त कर ली जाती है और उसे गरीबों, दलितों व जनजाति समुदाय के बीच बांट दिया जाता है। उन्होंने कहा कि, घुसपैठियों और दंगाइयों का समाज में कोई अधिकार नहीं होता। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि उसने और यूडीएफ ने असम की महान संस्कृति के साथ खिलवाड़ किया है और केवल वोट बैंक के लिए घुसपैठियों को बसाने का काम किया है।

CM YOGI

असम की सबसे बड़ी समस्या घुसपैठ पर बात करते हुए सीएम योगी ने कहा कि कांग्रेस और यूडीएफ ने जानबूझकर घुसपैठियों को बसाकर असम की डेमोग्राफी बदलने की साजिश रची। उन्होंने कहा कि इन बाहरी लोगों ने असम के मूल निवासियों के हक, राशन, मकान और जमीन पर जबरन कब्जा किया। योगी ने दहाड़ते हुए कहा, अब एक-एक घुसपैठिए को चिह्नित कर बाहर करने की व्यवस्था की जा रही है। एनडीए की सरकार प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में जहां एक ओर मां कामाख्या कॉरिडोर का निर्माण कर विरासत को सहेज रही है, वहीं दूसरी ओर मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के नेतृत्व में विकास की नई ऊंचाइयों को छू रही है।

मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश में अपनी सरकार के 9 वर्षों के कार्यकाल का उदाहरण देते हुए कहा कि, इस दौरान राज्य में एक भी दंगा नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि बीजेपी और एनडीए की सरकारें केवल विजन के साथ काम करती हैं। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को गिनाते हुए बताया कि कैसे उज्ज्वला योजना के तहत फ्री गैस कनेक्शन, भरपूर बिजली, आयुष्मान भारत के तहत पांच लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा, युवाओं को रोजगार और करोड़ों गरीबों को फ्री राशन दिया जा रहा है।

एनडीए को जिताने की अपील

उन्होंने विशेष रूप से असम के चाय बागान श्रमिकों का जिक्र करते हुए कहा कि उनके लिए स्पेशल पैकेज और सम्मानजनक जीवन सुनिश्चित करने का कार्य केवल भाजपा ही कर सकती है। कांग्रेस और यूडीएफ पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि इन पार्टियों के पास न तो कोई विजन है और न ही काम करने की क्षमता। ये केवल भारत की आंतरिक सुरक्षा में सेंध लगाने का काम करते रहे हैं। योगी ने अंत में अपील की कि देश की सुरक्षा और समृद्धि के लिए एनडीए को भारी मतों से विजयी बनाएं।

इसे भी पढ़ें- जितना पसीना बहेगा, जीत उतना ही निकट आएगी: मुख्यमंत्री योगी

Related Articles

Back to top button