
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा गन्ना किसानों, पीडीए और चुनाव आयोग को लेकर दिए गए बयानों पर एनडीए नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, योगी सरकार के कैबिनेट मंत्री दयाशंकर सिंह और संजय निषाद ने अलग-अलग मुद्दों पर सपा प्रमुख को घेरा।
इसे भी पढ़ें- ‘12 बजे तक अली-अली, उसके बाद बजरं’गबली, अखिलेश यादव पर ओपी राजभर का बड़ा हमला
पंकज चौधरी ने कहा कि, सपा की किसान विरोधी सोच से पूरा प्रदेश भली-भांति परिचित है। दयाशंकर सिंह ने कहा कि, अखिलेश को 2027 में हार का भय सता रहा है, इसीलिए वे अभी से चुनाव आयोग को निशाना बना रहे हैं। वहीं संजय निषाद ने कहा कि, अखिलेश की पार्टी में पिछड़ों और दलितों को कोई सम्मान नहीं मिलता।
सपा सरकार में मिले खोखले वादे
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किसानों के लिए जो कहा, उसे करके दिखाया है। उन्होंने गन्ने का मूल्य कई बार बढ़ाया, जबकि सपा सरकार के दौरान किसानों को केवल खोखले वादे मिले। कैबिनेट मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि समाजवादी पार्टी के शासनकाल में गन्ना किसान सबसे अधिक परेशान रहे और अपने भुगतान के लिए उन्हें आंदोलन करना पड़ता था। उन्होंने कहा कि आज गन्ना किसानों को समय पर भुगतान मिल रहा है।
दयाशंकर सिंह ने आरोप लगाया कि, सपा ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में जाटों का अपमान किया और हिंदुओं के साथ अत्याचार किया। इसका खामियाजा उसे 2027 के विधानसभा चुनाव में भुगतना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि सपा शासन में मुजफ्फरनगर में हुए दंगे को कोई भी सनातनी भूला नहीं है। पश्चिम ही नहीं, पूरे प्रदेश में सपा का सफाया तय है।
सपा पर कसा तंज
कैबिनेट मंत्री संजय निषाद ने कहा कि, आज सपा के नेता किसानों की चिंता जता रहे हैं, लेकिन सच यह है कि, सपा सरकार के समय के लंबित भुगतान भी मौजूदा सरकार ने ही कराए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि, किसानों के मुद्दे पर अखिलेश यादव जितना अधिक बोलेंगे, उतना ही उलझते जाएंगे।
पिछड़ों-दलितों को नहीं मिलता था सम्मान
संजय निषाद ने कहा कि पिछड़े और दलित कभी सपा के साथ जुड़े थे, लेकिन अखिलेश यादव की नजर में उनका कोई सम्मान नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा केवल एक ही जाति और एक धर्म को महत्व देती है, इसी कारण पिछड़े और दलित अब पार्टी से दूर हो गए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ के सिद्धांत पर चलती है। उनके मुताबिक भाजपा सभी वर्गों को साथ लेकर चल रही है, यही ताकत है।
इसे भी पढ़ें- यादव कार्यकर्ताओं की भी उपेक्षा कर रही सपा, राजभर ने अखिलेश यादव को घेरा



