
लखनऊ। योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने दावा किया है कि 2027 में चुनाव एनडीए गठबंधन 350 सीटें जीतेगी। इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव पर तीखा हमला किया और कहा, “उनको ना तो राम प्यारे हैं और ना ही कृष्ण प्यारे हैं, अखिलेश यादव खुद को कृष्ण का वशंज बताते हैं, लेकिन वो मथुरा और अयोध्या नहीं जाते। उन्हें डर लगा रहता है कि कहीं मुस्लिम सपा का साथ न छोड़ दें।”
इसे भी पढ़ें- रामविलास पासवान को योगी ने किया याद, बोले- ‘विचार अलग हो सकते थे, पर भारतीय परंपराओं में थी गहरी श्रद्धा’
शिवपाल को अपमानित करते हैं अखिलेश
राजभर ने कहा, “अखिलेश यादव 12 बजे तक अली-अली करते हैं। उसके बाद बजरंगबली करने लगते हैं। अखिलेश यादव का हाल माया मिली ना राम वाला है।” अखिलेश यादव कांग्रेस को चालू पार्टी कह चुके हैं, वहीं कांग्रेस सपा को भाजपा की बी टीम बता चुकी है। 2027 में कोई लड़ाई नहीं है।”

समाजवादी पार्टी में शिवपाल यादव की स्थिति को लेकर ओपी राजभर ने कहा, “शिवपाल की स्थिति बैंड पार्टी में झुनझुना बजाने वाले जैसी हो गई है जिसे सुर-ताल से कोई मतलब नहीं होता। वही हाल उनका भी है।”
उन्होंने कहा, “अखिलेश यादव शिवपाल यादव को तनिक भी नहीं पसंद करते हैं। अब उनको लोहिया ट्रस्ट से भी बाहर कर दिया गया है। राजभर ने कहा, अब पता चल रहा है कि, शिवपाल सपा कार्यालय भी अखिलेश से पूछकर जाएंगे। यह सब अविश्वास ही तो है। अखिलेश यादव हमेशा शिवपाल यादव को अपमानित करने का काम करते हैं।”
ज्ञानेश की धन्यवाद देना चाहिए कांग्रेस-सपा को
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष के प्रोटेस्ट पर ओपी राजभर ने कहा, “कांग्रेस-सपा को तो ज्ञानेश कुमार को धन्यवाद देना चाहिए कि निष्पक्ष चुनाव करवाया, जिसमें 37 सीट सपा को, 6 सीट कांग्रेस को मिली।” उन्होंने कहा, “अगर चोरी होती, तो 2019 में लोकसभा के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी 303 सीट जीती। चोरी करती, तो बढ़ता न। और 2024 में 240 ही आई। यह क्या साबित करता है?”
ओपी राजभर ने कहा कि 2014 से पहले देश की पूरी व्यवस्था पर कांग्रेस का कब्जा था और चुनाव आयोग भी उसी का था। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या तब कांग्रेस ने चुनाव आयोग के साथ मिलकर नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनवा दिया? इसी तरह उन्होंने कहा कि 2012 से 2017 तक उत्तर प्रदेश के पूरे तंत्र पर सपा का नियंत्रण था, तो क्या अखिलेश यादव ने योगी आदित्यनाथ को मुख्यमंत्री बनवा दिया?
राजभर ने आगे कहा कि जब मोदी और योगी ने मिलकर जनता के लिए काम करना शुरू किया, तो लोगों का भरोसा उन पर बढ़ा और जनता ने राहुल गांधी व अखिलेश यादव को छोड़ दिया। अब ये लोग इसलिए प्रदर्शन कर रहे हैं, ताकि आने वाले चुनाव के बाद जनता से कह सकें कि वोट चोरी हो गई। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन की असली वजह बस यही है, इसके अलावा कुछ नहीं।
डूबती हुई नैया है सपा
2027 को लेकर ओम प्रकाश राजभर से जब सवाल किया गया कि, क्या सुभासपा भाजपा के साथ रहेगी या कहीं जाएगी? इस पर राजभर ने कहा, “अखिलेश यादव भी तो 8 बार समझौता किए, बसपा से, आरएलडी से, कांग्रेस से, सुभासपा से। उनसे नहीं कोई पूछता है।” राजभर ने कहा कि हम लोग NDA के साथ हैं। समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए राजभर ने कहा, “सपा डूबती हुई नैया है, जिसे डूबना हो वही उस पार्टी में जाए।”
इसे भी पढ़ें- काशी में बनेंगे तीन स्तर पर इमरजेंसी रिस्पॉन्स, सीएम योगी के सामने रखा गया तैयारियों का खाका



