दीपावली से पहले 1.89 करोड़ परिवारों को योगी सरकार का तोहफा

  • महिलाओं और किसानों के लिए जल्द लाएंगे बड़ा पैकेज

  • मंडियों और श्रमिक अड्डों पर खुलेंगे ‘अन्नपूर्णा भोजनालय’

लखनऊ।  दीपावली के मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के 1.89 करोड़ से ज्यादा परिवारों को रसोई गैस सिलेंडर रिफिल की सब्सिडी का उपहार दिया है। इस अवसर पर उन्होंने ऐलान किया कि सरकार जल्द ही अन्नदाता किसानों को फसल नुकसान की भरपाई और महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए बड़ा पैकेज लेकर आएगी।

इसे भी पढ़ें- पहले चलती थीं गोलियां, अब बरसते हैं फूल, पीलीभीत से CM योगी का सपा पर निशाना

बैंक खाते में भेजी धनराशि

लोकभवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत 1500 करोड़ रुपये की राशि बटन दबाकर सीधे पात्र लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी। उन्होंने बताया कि एक भरे सिलेंडर की कीमत 983.45 रुपये है, जिस पर केंद्र सरकार 335.40 रुपये की सब्सिडी देती है। बाकी 648.55 रुपये, जो लाभार्थियों को अपनी जेब से देने पड़ते थे, उसे राज्य सरकार ने दीपावली के उपहार के रूप में सीधे गैस कंपनियों को भेज दिया है। अब लाभार्थी मुफ्त सिलेंडर पा सकेंगे और करीब 650 रुपये की बचत से दीपावली की मिठाई और दीये खरीद सकेंगे।

तीन करोड़ किसान परिवारों और महिलाओं के लिए पैकेज

किसानों और महिलाओं के लिए बड़ी घोषणाएं करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अल नीनो, जलवायु परिवर्तन, अतिवृष्टि, अनावृष्टि और ओलावृष्टि से खड़ी फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। फिलहाल तात्कालिक मुआवजा दिया जा रहा है, लेकिन सरकार प्रदेश के तीन करोड़ किसान परिवारों के लिए जल्द ही अलग से विशेष आर्थिक पैकेज लाएगी।

cm yogi

उन्होंने कहा कि आधी आबादी को आत्मनिर्भर बनाने के लिए भी सरकार बड़ा पैकेज ला रही है, ताकि महिलाएं अपने पैरों पर खड़ी हो सकें और बच्चों को अच्छी शिक्षा देकर परिवार का सहारा बन सकें।

“कांग्रेस के दौर में 50 हजार तक की घूस, अब घोटालों पर लगाम”

कांग्रेस की पूर्ववर्ती सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 2014 से पहले देश का हाल बुरा था। विकास ठप था और कॉमनवेल्थ, 2जी और कोयला जैसे घोटाले आम बात थे। रसोई गैस कनेक्शन के लिए लोगों को खूब चक्कर काटने पड़ते थे और 25 से 50 हजार रुपये तक की घूस चलती थी।

उन्होंने कहा कि 1 मई 2016 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बलिया से उज्ज्वला योजना की शुरुआत कर इस घूसखोरी पर रोक लगाई। मुख्यमंत्री के अनुसार, वर्ल्ड बैंक की हालिया रिपोर्ट बताती है कि 140 करोड़ भारतीयों में से 46 करोड़ लोग गरीबी रेखा से ऊपर आकर बेहतर जीवन जी रहे हैं।

सपा राज में त्योहारों से पहले शुरू हो जाता था उपद्रव

समाजवादी पार्टी की पूर्ववर्ती सरकार को निशाने पर लेते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में उत्सवों से पहले ही उपद्रव, दंगे और कर्फ्यू का माहौल बन जाता था। लोगों को अपनी संपत्ति बचाने की चिंता रहती थी, बेटियां और व्यापारी असुरक्षित थे और बाजार सूने रहते थे।

cm yogi

उन्होंने कहा कि आज किसी बेटी को छेड़ने या व्यापारी से जबरन वसूली करने की हिम्मत कोई नहीं कर सकता। ऐसा करने वालों को पता है कि उनके लिए जहन्नुम का रास्ता तय है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सुरक्षा का मजबूत माहौल होने के कारण ही महिलाएं आज निडर होकर नाइट शिफ्ट में भी काम कर रही हैं।

मंडियों और श्रमिक अड्डों पर खुलेंगे अन्नपूर्णा भोजनालय

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार हर वर्ग को खुशहाल बनाने के लिए संकल्पित है। इसी क्रम में प्रदेश की मंडी समितियों और श्रमिक अड्डों पर ‘अन्नपूर्णा भोजनालय’ शुरू किए जाएंगे। इनसे दूर-दराज से उपज लेकर मंडी आने वाले किसानों और निर्माण कार्य से जुड़े श्रमिकों को टोकन मनी पर सम्मान के साथ भरपेट भोजन मिल सकेगा।

उन्होंने यह भी बताया कि बीओसी बोर्ड के जरिए श्रमिकों के बच्चों के लिए विश्वस्तरीय ‘अटल आवासीय विद्यालय’ पहले ही बनाए जा चुके हैं, जहां उन्हें निशुल्क और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल रही है।

मानदेय में बढ़ोतरी, राशन की दुकानें बनेंगी ‘अन्नपूर्णा भवन’

मुख्यमंत्री ने बताया कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए सरकार ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, रसोइयों, ग्राम चौकीदारों और पीआरडी जवानों का मानदेय बढ़ाया है।

cm yogi

उचित दर विक्रेताओं का लाभांश बढ़ाकर राशन की दुकानों को मॉडल शॉप ‘अन्नपूर्णा भवन’ के रूप में विकसित किया जा रहा है। साथ ही लखपति दीदी और बीसी सखी जैसे कार्यक्रम प्रदेश में सफलतापूर्वक चल रहे हैं और महिलाओं को स्वावलंबी बना रहे हैं।

लाभार्थियों को मिले डेमो चेक

समारोह में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना और राशन वितरण योजना पर आधारित लघु फिल्म दिखाई गई। खाद्य एवं रसद विभाग के प्रमुख सचिव अनिल कुमार ने पुष्पगुच्छ देकर अतिथियों का स्वागत किया, जबकि कैबिनेट मंत्री मनोज कुमार पांडे ने मुख्यमंत्री को स्मृति चिह्न भेंट किया। मुख्यमंत्री ने शांति, स्वाती शर्मा, तबस्सुम जैदी, आशा गुप्ता, किरण, सबा, बबली रावत, कुसमा, मानसी और राबिया बानो को डेमो चेक सौंपे।

ये रहे मौजूद

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा, लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल, एमएलसी लालजी प्रसाद निर्मल और रामचन्द्र प्रधान, विधायक योगेश शुक्ला, अमरेश कुमार, जय देवी और ओपी श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में लाभार्थी और अधिकारी मौजूद रहे।

 

इसे भी पढ़ें- गोंडा में गरजे योगी, कहा- ‘सपा ने रामभक्तों पर गोलियां चलवाईं’

Related Articles

Back to top button