वोडाफोन आइडिया के शेयर 10 प्रतिशत टूटे

नयी दिल्ली। कर्ज के बोझ से दबी दूरसंचार कंपनी वोडाफोन आइडिया लिमिटेड के शेयर में बुधवार को 10 प्रतिशत की गिरावट आई। हालांकि, कंपनी ने मंगलवार को अपनी धन जुटाने की योजना की घोषणा की है, लेकिन इससे निवेशकों की धारणा को बेहतर करने में मदद नहीं मिली।

बीएसई पर कंपनी का शेयर 9.95 प्रतिशत गिरकर 14.29 रुपये पर आ गया। यह इसकी निचली सर्किट सीमा है। इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज पर कंपनी का शेयर 9.77 प्रतिशत टूटकर 14.30 रुपये की अपनी निचली सर्किट सीमा पर आ गया।

वोडाफोन आइडिया ने मंगलवार को कहा था कि उसके निदेशक मंडल ने जून तक प्रवर्तकों तथा अन्य निवेशकों से इक्विटी के रूप में 20,000 करोड़ रुपये तक जुटाने की मंजूरी दे दी है। कंपनी यह राशि 5जी सेवाओं को पेश करने और 4जी को मजबूत करने के लिए जुटाना चाहती है। कर्ज के बोझ से दबी कंपनी का इरादा इक्विटी और ऋण के जरिये कुल 45,000 करोड़ रुपये जुटाने का है। कंपनी में सरकार की हिस्सेदारी 33 प्रतिशत से कुछ अधिक है।

Related Articles

Back to top button