नौ साल में बदला उत्तर प्रदेश, खत्म हुआ माफिया राज, बेटियां भी सुरक्षित, योगी सरकार ने गिनाईं उपलब्धियां

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार ने अपने नौ वर्ष पूरे होने पर जनता को बधाई दी है। इसके साथ ही राजधानी लखनऊ में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में मुख्यमंत्री, दोनों उप मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष ने सरकार की उपलब्धियां गिनाईं।

इसे भी पढ़ें- कालाबाजारी पर CM योगी के निर्देश पर कड़ी कार्रवाई, 5813 जगहों पर पड़े छापे

विकास की नई इबारत लिख रहा यूपी

Yogi government

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश, अब पिछड़ापन पीछे छोड़ चुका है और विकास की नई इबारत लिख रहा है। उन्होंने कानून-व्यवस्था से लेकर अर्थव्यवस्था तक के हर पहलू पर अपनी सरकार की सफलता की मुहर लगाते हुए कहा कि कल से चैत्र नवरात्र शुरू हो रहे हैं और यह सुखद संयोग है कि, नवरात्रि और रमजान के पवित्र पर्व एक साथ चल रहे हैं। आगामी दिनों में अलविदा की नमाज, ईद और रामनवमी जैसे बड़े पर्व भी आएंगे, लेकिन प्रदेश में कहीं भी अशांति या तनाव का माहौल नहीं है क्योंकि पहले की सरकारों में त्योहार आते ही दंगों का भय और कर्फ्यू का खतरा मंडराने लगता था पर आज उत्तर प्रदेश में न दंगे का डर है और न ही कर्फ्यू का साया।

मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश के आर्थिक भविष्य का खाका खींचते हुए घोषणा की, कि वर्ष 2029-30 तक उत्तर प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है और इस दिशा में कदम बढ़ाते हुए एक अप्रैल से शुरू होने वाले नए वित्तीय वर्ष के लिए सरकार ने 9 लाख 12 हजार करोड़ रुपये का भारी-भरकम बजट आवंटित किया है।

9 लाख से अधिक युवाओं को मिली सरकारी नौकरी

रोजगार के मोर्चे पर बोलते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2017 से पहले सरकारी नौकरियों में भ्रष्टाचार का बोलबाला था, लेकिन पिछले नौ वर्षों में उनकी सरकार ने 9 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी हैं जिनमें अकेले पुलिस विभाग में 2 लाख से अधिक भर्तियां शामिल हैं। उन्होंने यह भी बताया कि पुलिस की कार्यप्रणाली को आधुनिक बनाने के लिए हर जिले में साइबर थाने स्थापित किए गए हैं और पहली बार महिला बटालियनों का गठन किया गया है जिससे सुरक्षा व्यवस्था और भी सुदृढ़ हुई है।

समारोह में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने पिछली सरकारों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि 2016-17 का समय वह था जब उत्तर प्रदेश अराजकता और गुंडाराज का केंद्र बन गया था और कोई भी निवेशक यहां कदम नहीं रखना चाहता था, लेकिन आज मोदी-योगी की जोड़ी पर जनता का अटूट भरोसा है जिससे प्रदेश निवेश का हब बन चुका है।

बिजली आपूर्ति में पक्षपात खत्म

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भी अतीत की याद दिलाते हुए कहा कि, पहले जैसे ही खराब सड़कें शुरू होती थीं, लोग समझ जाते थे कि उत्तर प्रदेश की सीमा शुरू हो गई है और अन्य राज्यों में यूपी के युवाओं को किराए पर कमरा तक नहीं मिलता था क्योंकि प्रदेश की छवि खराब कर दी गई थी। उन्होंने दावा किया कि आज वही उत्तर प्रदेश पूरी तरह माफिया मुक्त है और यहां की बेटियां देर रात भी सुरक्षित महसूस करती हैं क्योंकि अब बिजली आपूर्ति में पक्षपात खत्म हो चुका है और संसाधनों को माफियाओं के कब्जे से मुक्त कराकर गरीबों तक पहुंचाया जा रहा है।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि सनातन परंपरा में नौ का अंक विशेष महत्व रखता है और जनता ने सेवा भाव को चुनकर 2017 और 2022 में ऐतिहासिक जनादेश दिया है। उन्होंने कहा कि काशी विश्वनाथ धाम और अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण डबल इंजन सरकार की अटूट आस्था और इच्छाशक्ति का परिणाम है और उन्हें पूरा भरोसा है कि 2027 में भाजपा लगातार तीसरी बार भारी बहुमत से सरकार बनाएगी।

ग्रोथ का इंजन बना प्रदेश

सरकार के नौ साल पूरे होने पर यह स्पष्ट संदेश दिया गया कि उत्तर प्रदेश अब ‘बीमारू’ राज्य की श्रेणी से निकलकर देश का ‘ग्रोथ इंजन’ बन गया है जहाँ किसानों की ऋण माफी से लेकर गन्ना किसानों के रिकॉर्ड भुगतान तक हर क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की झलक दिख रही है। मुख्यमंत्री ने अंत में विश्वास जताया कि जब सरकार की नीयत साफ होती है तो निवेश और विकास स्वतः ही चले आते हैं और उत्तर प्रदेश अब तेज गति से विकास करने वाला राज्य बन चुका है।

 

इसे भी पढ़ें- यूपी के लाखों शिक्षकों की बल्ले-बल्ले, योगी सरकार ने बढ़ाई ग्रेच्युटी, अब रिटायरमेंट पर मिलेंगे इतने लाख रुपये

Related Articles

Back to top button