योगी सरकार में संकटमोचक बनी यूपी पुलिस बनी, 4 हजार से अधिक लोगों को आत्महत्या से बचाया

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में पुलिस की भूमिका अब अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था तक ही सीमित नहीं रह गई है। अब संकट में फंसे लोगों की जान बचाने और उन्हें भावनात्मक सहारा देने में भी यूपी पुलिस संवेदनशीलता के साथ आगे बढ़ रही है। योगी सरकार में तकनीक और त्वरित पुलिस कार्रवाई के तालमेल से मानवीय पुलिसिंग की ऐसी मिसालें सामने आई हैं, जहां सोशल मीडिया पर पोस्ट आत्महत्या संबंधी संदेश को गंभीरता से लेकर पुलिस समय रहते लोगों तक पहुंची और उनकी जान बचाई। एक जनवरी 2023 से 10 अक्टूबर 2026 के बीच ऐसे अलर्ट पर कार्रवाई करते हुए यूपी पुलिस ने 4,000 से अधिक लोगों की जान बचाई है।

  इसे भी पढ़ें- योगी सरकार की सख्ती: प्रयागराज बाल चिकित्सालय निर्माण में देरी पर फर्म का अनुबंध रद्द

ईमेल और फोन से भेजता है अलर्ट

इस दिशा में यूपी पुलिस और मेटा कंपनी के बीच वर्ष 2022 से चल रही व्यवस्था अहम भूमिका निभा रही है। इसके तहत फेसबुक या इंस्टाग्राम पर आत्महत्या से जुड़ी पोस्ट सामने आने पर मेटा पुलिस महानिदेशक मुख्यालय स्थित सोशल मीडिया सेंटर को ई-मेल और फोन के जरिए अलर्ट भेजता है। अलर्ट मिलते ही मुख्यालय संबंधित व्यक्ति की लोकेशन का पता लगाकर स्थानीय पुलिस को कार्रवाई के लिए सूचित करता है। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर व्यक्ति को सुरक्षित करती है और उसे मानसिक संबल देने का प्रयास करती है।

तत्काल सक्रिय होता है पुलिस तंत्र

इस व्यवस्था की उपयोगिता लखनऊ और गाजियाबाद के दो हालिया मामलों से समझी जा सकती है। दोनों मामलों में युवकों ने इंस्टाग्राम पर आत्महत्या से संबंधित पोस्ट की थी। मेटा से अलर्ट मिलने के बाद मुख्यालय ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए और स्थानीय पुलिस कुछ ही मिनटों में युवकों तक पहुंचकर उन्हें आत्मघाती कदम उठाने से बचा लिया। इन घटनाओं में पुलिस की तत्परता के साथ मानवीय संवेदनशीलता भी दिखी।

UP POLICE

लखनऊ के सआदतगंज क्षेत्र में पत्नी और ससुराल पक्ष से विवाद के कारण मानसिक तनाव से जूझ रहे 26 वर्षीय डिलीवरी बॉय ने इंस्टाग्राम पर आत्महत्या संबंधी वीडियो पोस्ट किया। अलर्ट मिलने पर मुख्यालय ने उसकी लोकेशन संबंधित पुलिस को उपलब्ध कराई। सआदतगंज थाने की टीम करीब 10 मिनट में युवक तक पहुंची और नदी में कूदने की आशंका के बीच उसे सुरक्षित किया। बाद में पुलिस ने उसकी काउंसलिंग की और परिजनों को भी सहयोग के लिए साथ लिया।

इसी तरह गाजियाबाद के लिंक रोड थाना क्षेत्र में आर्थिक तंगी से परेशान 24 वर्षीय युवक ने इंस्टाग्राम पर आत्महत्या संबंधी संदेश पोस्ट किया। मेटा से अलर्ट मिलने के बाद मुख्यालय के निर्देश पर स्थानीय पुलिस टीम महज आठ मिनट में उसके घर पहुंच गई। पुलिस ने कमरे में फंदा देखा और युवक को समय रहते सुरक्षित कर लिया। पूछताछ में युवक ने बताया कि घर का खर्च पूरा न कर पाने के कारण वह तनाव में था। पुलिस ने उसे समझाया और काउंसलिंग के जरिए भविष्य में ऐसा कदम न उठाने के लिए प्रेरित किया।

योगी सरकार में मिले दो अवॉर्ड

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में तकनीक आधारित पुलिसिंग और त्वरित कार्रवाई पर जोर दिया गया है। मेटा अलर्ट व्यवस्था इसी दिशा में एक अहम पहल है, जिसमें डिजिटल प्लेटफॉर्म से मिली सूचना को जमीनी कार्रवाई में बदला जाता है। इस पहल के लिए यूपी पुलिस को एसकेओसीएच अवॉर्ड-2025 और द इकोनॉमिक टाइम्स जीओवी अवॉर्ड्स-2026 से सम्मानित किया जा चुका है।

 केस 1: लखनऊ में 10 मिनट में बची जान

सआदतगंज के 26 वर्षीय डिलीवरी बॉय ने वैवाहिक विवाद से परेशान होकर इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट किया। मेटा अलर्ट पर पहुंची पुलिस ने उसे नदी में कूदने से बचाया।

केस 2: गाजियाबाद में आठ मिनट में बची जान

लिंक रोड के 24 वर्षीय युवक ने आर्थिक तंगी से परेशान होकर आत्महत्या संबंधी पोस्ट की। अलर्ट पर पहुंची पुलिस ने कमरे में फंदा देखकर उसे सुरक्षित किया।

 

इसे भी पढ़ें- योगी सरकार के सुशासन से यूपी के विकास को मिली नई रफ़्तार: रामनाथ कोविन्द

Related Articles

Back to top button