
मस्कट। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ओमान की राजधानी मस्कट में प्रवासी भारतीयों को संबोधित करते हुए भारत की बदली हुई तस्वीर पेश की। भारत-ओमान के कूटनीतिक संबंधों के 70 वर्ष पूरे होने के अवसर पर पीएम मोदी ने कहा कि बीते 11 वर्षों में भारत का इकोनॉमिक और गवर्नेंस DNA पूरी तरह बदल चुका है। आज भारत 140 करोड़ लोगों का ऐसा परिवार है, जो एकजुट होकर विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है।
पीएम मोदी ने प्रवासी भारतीयों को ‘मिनी इंडिया’ बताते हुए कहा कि ओमान में बसे भारतीय देश की विविधता, संस्कृति और सामर्थ्य का जीवंत उदाहरण हैं। उन्होंने कहा कि भारत की आर्थिक ताकत और सांस्कृतिक पहचान आज वैश्विक मंच पर और अधिक मजबूती से उभर रही है।
हर मौसम में मजबूत रही भारत-ओमान की दोस्ती
प्रधानमंत्री ने कहा कि समय और परिस्थितियां बदल सकती हैं, लेकिन भारत और ओमान की दोस्ती हमेशा मजबूत रही है। यह रिश्ता भरोसे और साझे मूल्यों पर टिका है। उन्होंने विश्वास जताया कि आज लिए गए फैसलों का असर आने वाले कई दशकों तक दिखाई देगा और दोनों देशों की रणनीतिक साझेदारी नई ऊंचाइयों को छुएगी।
11 साल में बदला भारत का इकोनॉमिक DNA
पीएम मोदी ने कहा कि सरकार ने बीते 11 वर्षों में सुधारों की नई इबारत लिखी है। जटिल कानूनों को सरल बनाते हुए दर्जनों श्रम कानूनों को चार लेबर कोड्स में समेटा गया। वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच भारत एक मजबूत और भरोसेमंद अर्थव्यवस्था बनकर उभरा है। आज भारत इनोवेशन, स्टार्टअप और बिजनेस फ्रेंडली माहौल के लिए जाना जा रहा है।
अनेकता में एकता हमारी पहचान
मस्कट में मौजूद तमिल, तेलुगू, मलयालम, मराठी और गुजराती समुदाय के लोगों का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि विविधता ही भारत की असली ताकत है। प्रवासी भारतीय दुनिया में भारत के सच्चे ब्रांड एंबेसडर हैं, जो भारतीय मूल्यों और संस्कृति को वैश्विक पहचान दिला रहे हैं।
इनोवेशन और साझेदारी का नया दौर
प्रधानमंत्री ने कहा कि अब भारत-ओमान सहयोग को अगले स्तर पर ले जाने का समय आ गया है। व्यापार, तकनीक और इनोवेशन में संयुक्त प्रयास दोनों देशों के लिए नए अवसर खोलेंगे। सात साल बाद ओमान पहुंचे पीएम मोदी का यह दौरा सामरिक और आर्थिक दृष्टि से बेहद अहम माना जा रहा है।



