मुकेश खन्ना का फैसला, रणवीर नहीं बनेंगे ‘शक्तिमान’, चाहे डूब जाए करोड़ों, चाहिए नया चेहरा

भारतीय टेलीविजन के पहले और सबसे लोकप्रिय सुपरहीरो शक्तिमान के बड़े पर्दे पर वापसी की खबरें लंबे समय से चर्चा में हैं, लेकिन इस प्रोजेक्ट को लेकर एक नया और बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। दिग्गज अभिनेता और शक्तिमान के निर्माता मुकेश खन्ना ने इस बात को लेकर अपना रुख बिल्कुल साफ कर दिया है कि वे रणवीर सिंह को इस प्रतिष्ठित किरदार में देखने के पक्ष में नहीं हैं।

इसे भी पढ़ें- ‘धुरंधर 2′ की आंधी में उड़े पद्मावत और सिंबा के रिकॉर्ड, रणवीर सिंह ने रचा इतिहास

हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान मुकेश खन्ना ने न केवल फिल्म के कास्टिंग विवाद पर खुलकर बात की, बल्कि यह सनसनीखेज खुलासा भी किया कि, अपने सिद्धांतों और किरदार की गरिमा के कारण उन्हें करोड़ों रुपये का व्यक्तिगत नुकसान उठाना पड़ रहा है।

नए चेहरे की तलाश

एक चैनल से हुई बातचीत में मुकेश खन्ना ने रणवीर सिंह की प्रतिभा को लेकर अपनी राय साझा की। उन्होंने रणवीर की तारीफ करते हुए कहा कि इसमें कोई शक नहीं कि वे एक बहुमुखी अभिनेता हैं और उनमें गजब की ऊर्जा है। उन्होंने कहा कि रणवीर ‘गली बॉय’ से लेकर ‘खिलजी’ और अपनी हालिया ब्लॉकबस्टर ‘धुरंधर’ तक में कमाल का अभिनय कर सकते हैं, लेकिन जब बात शक्तिमान की आती है, तो यह केवल अभिनय की क्षमता का मामला नहीं है।

Shaktimaan

खन्ना के अनुसार, शक्तिमान जैसे किरदारों के लिए अभिनेता की पिछली छवि और उसका चेहरा बहुत मायने रखता है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जैसे ‘पृथ्वीराज चौहान’ के किरदार में अक्षय कुमार अपनी छवि के कारण फिट नहीं बैठ पाए, वैसे ही शक्तिमान के लिए एक ऐसे चेहरे की जरूरत है जो पूरी तरह से नया, सरल और दयालु दिखे।

मुकेश खन्ना ने इस बात पर जोर दिया कि एक ऐतिहासिक या पौराणिक छवि वाले किरदार को निभाने के लिए अभिनेता को उस किरदार जैसा दिखना अनिवार्य है। उन्होंने अपने पुराने दिनों को याद करते हुए बताया कि जब वे ऐतिहासिक भूमिकाएं निभाते थे, तो केवल तैयार होने में ही उन्हें घंटों का समय लगता था ताकि वे किरदार के साथ न्याय कर सकें।

आर्थिक नुकसान सह थे मुकेश खन्ना

उनके अनुसार, रणवीर सिंह की अपनी एक बनी-बनाई स्टार इमेज है, जो शक्तिमान के रूहानी और नैतिक सिद्धांतों वाले व्यक्तित्व के आड़े आ सकती है। खन्ना का मानना है कि, शक्तिमान के लिए एक नया लड़का होना चाहिए जिसका कोई पिछला फिल्मी इतिहास न हो, ताकि दर्शक उसे सिर्फ और सिर्फ शक्तिमान के रूप में ही देखें।

इस विवाद का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह है कि मुकेश खन्ना इस जिद के कारण भारी वित्तीय घाटा सह रहे हैं। उन्होंने बताया कि सोनी पिक्चर्स इस प्रोजेक्ट को आगे बढ़ाने के लिए बेहद उत्सुक है और उन्हें इस फिल्म के लिए करोड़ों रुपये की पेशकश की गई है। खन्ना ने खुलासा किया कि सोनी पिक्चर्स रणवीर सिंह को बतौर लीड स्टार लेने पर अड़ी हुई है, क्योंकि वे एक बड़े ब्रांड नेम की तलाश में हैं।

वहीं, मुकेश खन्ना का कहना है कि, उन्हें स्टार नहीं बल्कि एक सही चेहरा चाहिए। उन्होंने कहा, यह मेरा सीधा नुकसान है। मुझे करोड़ों रुपये मिल सकते हैं, लेकिन मैंने साफ कह दिया है कि मुझे रणवीर सिंह नहीं चाहिए। मुझे अगर मौका मिले, तो मैं पूरे देश में ऑडिशन लेकर एक ऐसा लड़का चुनूंगा जो इस किरदार की सरलता को जी सके।

सोनी पिक्चर्स और मुकेश खन्ना के बीच खींचतान

फिलहाल यह प्रोजेक्ट मुकेश खन्ना और प्रोडक्शन हाउस के बीच इसी खींचतान के कारण अटका हुआ है। एक तरफ सोनी पिक्चर्स व्यावसायिक सफलता के लिए रणवीर सिंह के स्टारडम का फायदा उठाना चाहती है, तो दूसरी तरफ मुकेश खन्ना अपनी लिगेसी के साथ समझौता करने को तैयार नहीं हैं।

Shaktimaan

गौरतलब है कि रणवीर सिंह इन दिनों अपनी फिल्म ‘धुरंधर 2’ की ऐतिहासिक सफलता का आनंद ले रहे हैं। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस के सारे रिकॉर्ड ध्वस्त कर चुकी है और 1100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करने वाली बॉलीवुड की पहली फिल्म बन गई है। बावजूद इसके, मुकेश खन्ना के लिए रणवीर का यह विशाल स्टारडम ‘शक्तिमान’ बनने की राह में सबसे बड़ी बाधा बना हुआ है। अब देखना यह होगा कि क्या मुकेश खन्ना अपनी शर्तों पर फिल्म बना पाते हैं या फिर शक्तिमान का रीबूट ठंडे बस्ते में चला जाएगा।

 

इसे भी पढ़ें- धुरंधर 2: एडवांस बुकिंग में सारे रिकॉर्ड तोड़ रही रणवीर की फिल्म, सालार को भी पछाड़ने की तैयारी

Related Articles

Back to top button