\n\n\n\n\n \n

बॉक्स ऑफिस पर ‘मिर्जापुर’ और ‘हनुमान अंश’ का कब्जा, ‘हैवान’ कितना कमा पाएगी?

सिनेमाघरों में इन दिनों दो बड़ी फिल्मों ने धमाल मचा रखा है। ‘मिर्जापुर द मूवी’ और ‘हनुमान अंश’ ने बॉक्स ऑफिस पर ऐसा माहौल बना दिया है कि, दर्शकों की भीड़ जुड़ रही है। दोनों फिल्में हर दिन शानदार कमाई कर रही हैं और सिनेमाघरों में जबर्दस्त दबदबा बनाए हुए हैं। इसी बीच शुक्रवार, 11 सितंबर यानी आज बड़े पर्दे पर एक और बड़ी फिल्म ने दस्तक दे दी है। इस फिल्म में अक्षय कुमार और सैफ अली खान लीड रोल में नजर आ रहे हैं। इस क्राइम थ्रिलर फिल्म का नाम है ‘हैवन’। लेकिन सवाल यह है कि, परदे पर पहले से दो हिट फ़िल्में दर्शकों को अपनी तरफ आकर्षित किये हुए हैं। ऐसे में हैवान अपनी पकड़ कितनी मजबूत बना पायेगी।

इसे भी पढ़ें- ‘मिर्जापुर द मूवी’ सुपरहिट: 4 दिन में वसूला पूरा बजट, 100 करोड़ पार

एडवांस बुकिंग रही कमजोर

दिलचस्प बात यह है कि ‘हैवान’ की एडवांस बुकिंग को लेकर स्थिति बहुत उत्साहजनक नजर नहीं आई। फिल्म को लेकर जिस तरह की हलचल और चर्चा रिलीज से पहले होनी चाहिए थी, वह कहीं न कहीं गायब रही। इसका सीधा असर प्री-सेल के आंकड़ों पर भी देखने को मिला, जो शुरुआती दिनों में ही फिल्म की राह को थोड़ा मुश्किल बना रहे हैं। ऐसे में जानकारों और ट्रेड एक्सपर्ट्स की निगाहें अब इस बात पर टिकी हैं कि ‘हनुमान अंश’ और ‘मिर्जापुर द मूवी’ जैसी दो दमदार फिल्मों के बीच ‘हैवान’ की ओपनिंग कितने करोड़ से होगी।

HAIWAN C

 

अक्षय कुमार और निर्देशक प्रियदर्शन की जोड़ी के लिए यह साल पहले से ही उतार-चढ़ाव भरा रहा है। इसी जोड़ी की इस वर्ष आई पहली फिल्म ‘भूत बंगला’ ने बॉक्स ऑफिस पर संतोषजनक प्रदर्शन किया था और दर्शकों के बीच अच्छी पसंद बटोरी थी। उसी सफलता की उम्मीद के साथ अब यह जोड़ी क्राइम थ्रिलर ‘हैवान’ लेकर दर्शकों के सामने आई है।

आसान नहीं होगा जगह बनाना

हालांकि, इस बार परिस्थितियां कुछ अलग नजर आ रही हैं, क्योंकि रिलीज से ठीक पहले तक फिल्म को लेकर वह जबरदस्त बज नहीं बन सका, जिसकी उम्मीद फिल्म से जुड़ी टीम को रही होगी। नतीजतन इसका सीधा प्रभाव एडवांस बुकिंग के आंकड़ों में भी नजर आया, जो काफी धीमी गति से आगे बढ़ रहे हैं।

Mirzapur the Movie'

इस पूरी स्थिति को और चुनौतीपूर्ण बनाने वाली बात यह है कि ‘हैवान’ को सीधा मुकाबला उन दो फिल्मों से करना पड़ेगा, जो पहले से ही सिनेमाघरों में मौजूद हैं और शानदार प्रदर्शन कर रही हैं। ‘मिर्जापुर द मूवी’ और ‘हनुमान अंश’ दोनों ही फिल्में बॉक्स ऑफिस पर हर दिन डबल डिजिट यानी दस करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर रही हैं, जो यह साफ तौर पर दर्शाता है कि इन दोनों फिल्मों को लेकर दर्शकों में जबरदस्त क्रेज बना हुआ है। ऐसे माहौल में किसी नई फिल्म के लिए अपनी जगह बनाना आसान नहीं होता, और ‘हैवान’ के सामने भी यही सबसे बड़ी चुनौती खड़ी है।

वर्ड माउथ पर निर्भर है सफलता

ट्रेड जगत से जुड़े जानकारों का मानना है कि, अब ‘हैवान’ की सफलता पूरी तरह से वर्ड ऑफ माउथ यानी दर्शकों की जुबानी प्रचार पर निर्भर करेगी। अगर शुरुआती दिन देखने वाले दर्शक फिल्म को पसंद करते हैं और सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हैं, तो आने वाले दिनों में इसकी कमाई में उछाल देखने को मिल सकता है। ट्रेड वेबसाइट कोईमोई की एक रिपोर्ट के मुताबिक, अनुमान लगाया जा रहा है कि यह फिल्म भारतीय बॉक्स ऑफिस पर अपने पहले दिन करीब 3 से 5 करोड़ रुपये की नेट कमाई कर सकती है।

मौजूदा हालात और दो बड़ी फिल्मों के दबदबे को देखते हुए इसे एक ठीक-ठाक शुरुआत ही माना जाएगा। हालांकि, अगर फिल्म को लेकर शुरुआती समीक्षाएं और दर्शकों की प्रतिक्रिया बेहद सकारात्मक रहती है, तो ऐसे में अनुमानित आंकड़े से थोड़ा और ऊपर भी जा सकती है।

‘हनुमान अंश’  कर रही जबर्दस्त कमाई

इस बीच ‘हनुमान अंश’ की बॉक्स ऑफिस यात्रा पर नजर डालें, तो यह फिल्म लगातार कमाल दिखा रही है। रिलीज के 34 दिनों के भीतर ही इस फिल्म ने भारत में 153.14 करोड़ रुपये की जबरदस्त नेट कमाई कर ली है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि, यह फिल्म महज 1.8 करोड़ रुपये के बेहद सीमित बजट में बनाई गई थी, जिसके बावजूद इसने बॉक्स ऑफिस पर इतनी बड़ी सफलता हासिल की है। यह आंकड़ा साफ तौर पर दिखाता है कि, फिल्म को दर्शकों का भरपूर प्यार मिला है और लागत के मुकाबले इसकी कमाई कई गुना ज्यादा रही है।

hanuman ansh

वहीं दूसरी तरफ 90 करोड़ रुपये के बजट में बनी ‘मिर्जापुर द मूवी’ भी बॉक्स ऑफिस पर मजबूत पकड़ बनाये हुए है। रिलीज के महज सात दिनों के भीतर ही इस फिल्म ने भारत में 148.45 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया है। लोकप्रिय वेब सीरीज पर आधारित इस फिल्म को लेकर दर्शकों में पहले से ही जबरदस्त उत्सुकता थी, और रिलीज के बाद के आंकड़े इस बात की पुष्टि करते हैं कि, फिल्म ने दर्शकों की उम्मीदों पर खरा उतरने में कामयाबी हासिल की है।

दिलचस्प होने वाला है मुकाबला

अब बात करें ‘हैवान’ की, तो यह एक क्राइम थ्रिलर फिल्म है, जिसे केवीएन प्रोडक्शंस और थेस्पियन फिल्म्स के बैनर तले बनाया गया है। फिल्म का निर्माण वेंकट के. नारायण और शैलजा देसाई फेन ने किया है। इस फिल्म की स्टारकास्ट भी काफी दमदार है, जिसमें अक्षय कुमार और सैफ अली खान के अलावा बोमन ईरानी, श्रिया पिलगांवकर और सैयामी खेर जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। इसके अलावा फिल्म में एक खास आकर्षण के तौर पर दिग्गज अभिनेता मोहनलाल का कैमियो रोल भी शामिल किया गया है, जिसे लेकर दर्शकों में एक अलग तरह की उत्सुकता देखी जा रही है।

कुल मिलाकर देखा जाए तो इस समय बॉक्स ऑफिस पर मुकाबला बेहद दिलचस्प होता जा रहा है। एक तरफ ‘मिर्जापुर द मूवी’ और ‘हनुमान अंश’ जैसी दो पहले से हिट फिल्में मौजूद हैं, जो हर दिन शानदार कमाई कर रही हैं, तो वहीं दूसरी ओर ‘हैवान’ जैसी नई फिल्म को अपनी जगह बनाने के लिए कड़ी मेहनत करनी होगी। आने वाले दिनों में यह देखना दिलचस्प रहेगा कि क्या ‘हैवान’ दर्शकों की जुबानी तारीफ के दम पर बॉक्स ऑफिस पर रफ्तार पकड़ पाती है, या फिर दो दिग्गज फिल्मों की मौजूदगी में इसका सफर मुश्किल भरा साबित होता है।

 

इसे भी पढ़ें-  अक्षय-सैफ की जोड़ी फिर बड़े पर्दे पर, ‘मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी’ के 32 साल बाद ‘हैवान’ का धमाका

Related Articles

Back to top button