
नई दिल्ली। उत्तर गोवा के अर्पोरा नाइटक्लब अग्निकांड मामले में जांच एजेंसियों ने बड़ी सफलता हासिल की है। इस दर्दनाक हादसे के मुख्य आरोपी और नाइटक्लब मालिक गौरव लुथरा और सौरभ लुथरा को मंगलवार दोपहर थाईलैंड से दिल्ली लाया गया। अब गोवा पुलिस दोनों आरोपियों को अपनी हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ करेगी। इसके बाद उन्हें दिल्ली के पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया जाएगा, जहां आगे की कानूनी प्रक्रिया तय होगी।
जांच में सामने आया है कि नाइटक्लब बिना आवश्यक फायर सेफ्टी इंतजामों के संचालित किया जा रहा था। आरोप है कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी के चलते आग की घटना ने भयावह रूप ले लिया। इसी को आधार बनाते हुए गौरव और सौरभ लुथरा के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या और गंभीर लापरवाही की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
गौरतलब है कि इस अग्निकांड में 25 लोगों की जान चली गई थी, जिससे देशभर में आक्रोश और शोक की लहर दौड़ गई थी। घटना के करीब 10 दिन बाद लुथरा बंधुओं को भारत लाया जाना पीड़ितों के परिजनों के लिए राहत की बड़ी खबर मानी जा रही है। अब सभी की नजरें जांच और अदालत की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।



