निर्वाचन आयोग कम मतदान प्रतिशत वाले बूथों को करेगी चिह्नित

  • भारत निर्वाचन आयोग की स्वीप टीम ने लखनऊ सहित 15 जिलों के स्वीप नोडल अधिकारियों के साथ स्वीप कार्यों की समीक्षा
  • विशेष प्लान तैयार कर कम प्रतिशत वाले बूथों का मतदान प्रतिशत बढ़ाया जाये

लखनऊ। भारत निर्वाचन आयोग की टीम ने मतदान प्रतिशत बढ़ाने पर जोर दिया और स्वीप नोड़ल अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिलों में पिछले लोकसभा चुनाव में कम मतदान प्रतिशत वाले बूथों को चिन्हित किया जाये। चिन्हित बूथों पर कम मतदान प्रतिशत के कारणों या समस्याओं को दूर करने के लिए विशेष प्लान तैयार कर मतदान प्रतिशत बढ़ाया जाये।

भारत निर्वाचन आयोग की स्वीप टीम के संतोष कुमार, सचिव आरके सिंह, सीनियर कन्सलटेंट स्वीप तथा रजनी उपाध्याय, कम्यूनिकेशन कन्सलटेन्ट स्वीप के द्वारा आगामी लोक सभा चुनाव के दृष्टिगत प्रदेश के 15 जिलों के स्वीप नोडल अधिकारियों के साथ गुरूवार को योजना भवन के सभागार में समीक्षा बैठक की गयी।

टीम ने स्वीप नोड़ल अधिकारियों को निर्देश दिये कि टारगेट ग्रुपों पर विशेष ध्यान देकर उन्हें मतदान करने के लिए प्रेरित किया जाये तथा लोगों को स्वीप गतिविधियों के माध्यम से जागरूक किया जाए। इसके साथ ही भारत निर्वाचन आयोग की टीम द्वारा अपेक्षा की गयी कि आकाशवाणी में प्रत्येक शुक्रवार सायं 7.15 बजे 23 भाषाओं में प्रसारित हो रहे मतदाता जंक्शन कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने स्वीप नोडल अधिकारियों से कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देंशो का अनुपालन किया जाये। उन्होंने कहा कि मतदाता जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से मतदाता बनने तथा वोट देने के लिए जागरूक किया जाये। मतदाताओं को भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाईट तथा वोटर हेल्पलाईन ऐप के माध्यम से आनलाईन अपना नाम वोटर लिस्ट में चेक करने और उसे संशोधित करने की जानकारी दी जाये।

मतदाताओं को स्थानीय निकाय तथा विधानसभा निर्वाचन की मतदाता सूची के अन्तर के बारे में जानकारी दी जाये। जिलों की ऐसी विधानसभाएं और उनके बूथ जहां वर्ष 2019 में मतदान प्रतिशत राज्य औसत 59.11 प्रतिशत से कम है, वहां मतदान प्रतिशत बढ़ाये जाने के लिये टारगेटेड स्वीप गतिविधियां संचालित किया जाये। उन्होंने कहा कि मतदान के दिन जारी होने वाले सार्वजनिक अवकाश का सभी सरकारी एवं निजी संस्थाओं में पूरी तरह से अनुपालन कराया जाये, जिससे सभी मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।

भारत निर्वाचन आयोग की टीम द्वारा प्रथम चरण में उत्तर प्रदेश के 40 जिलों के स्वीप नोडल अधिकारियों के साथ बैठक की जा रही है, जिसके क्रम में गुरूवार को 15 जिलों के स्वीप नोडल अधिकारियों के साथ बैठक की गयी तथा शेष 25 जिलों के स्वीप नोडल अधिकारियों की बैठक 16 फरवरी को की जायेगी। इसके बाद द्वितीय चरण में शेष जिलों के स्वीप नोडल अधिकारियों के बैठक की तिथि निर्धारित की जायेगी।

बैठक में प्रयागराज, प्रतापगढ़, चित्रकूट, हमीरपुर, गोण्डा, बलरामपुर, श्रावस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, लखनऊ, जौनपुर, सोनभद्र, बांदा तथा महोबा के स्वीप नोडल अधिकारी ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से जिलों मे चल रही स्वीप गतिविधियों की जानकारी दी। चित्रकूट एवं हमीरपुर जिलों में मतदाता जागरूकता के लिए किये जा रहें प्रयासों विशेषकर ‘बोटिंग फॉर वोटिंग’ टैग लाईन की आयोग की टीम के द्वारा सराहना की गयी।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया सरकारी मंथन के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related Articles

Back to top button