
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट के सबसे लोकप्रिय चेहरों में शुमार टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी भले ही आईपीएल 2026 सीजन में चोटिल होने की वजह से एक भी मैच न खेल पाए हों, लेकिन पूरे सीजन वे सुर्खियों बने रहे थे। अब एक बार फिर धोनी का नाम चर्चा में हैं, लेकिन इस बार वजह उनकी बल्लेबाजी या कप्तानी नहीं, बल्कि एक विवादास्पद बिजनेस रिपोर्ट है। मीडिया में आई खबरों के अनुसार धोनी ने अपनी पुरानी और चहेती फ्रेंचाइजी चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) में 25% हिस्सेदारी की मांग रखी थी। इस दावे को लेकर अब क्रिकेट जगत में बहस छिड़ गई है और पूर्व भारतीय क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने इस पर अपनी तीखी प्रतिक्रिया दी है।
इसे भी पढ़ें- धोनी की चोट से सीएसके को लगा बड़ा झटका, शुरुआती मैचों से रहेंगे बाहर
क्या है पूरा मामला
एक मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया था कि, एमएस धोनी ने चेन्नई सुपर किंग्स फ्रेंचाइजी में 25% हिस्सेदारी की मांग रखी थी। रिपोर्ट के मुताबिक शुरुआत में यह मांग 25 प्रतिशत की थी, जिसे बाद में बातचीत के दौरान घटाकर 20 प्रतिशत कर दिया गया। इसके बाद बताया गया कि, आखिरकार फ्रेंचाइजी की ओर से धोनी को महज 5.5 प्रतिशत हिस्सेदारी की पेशकश की गई।

हालांकि, यह ध्यान देने वाली बात है कि इस पूरे मामले पर न तो चेन्नई सुपर किंग्स फ्रेंचाइजी की ओर से और न ही खुद एमएस धोनी की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि की गई है। ऐसे में यह रिपोर्ट अभी तक सिर्फ अपुष्ट खबरों के दायरे में ही है।
आकाश चोपड़ा ने खबर को किया ख़ारिज
इस पूरे विवाद पर पूर्व भारतीय क्रिकेटर और मशहूर कमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल के जरिए खुलकर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इस खबर को सिरे से खारिज करते हुए इसे मनगढ़ंत कहानी करार दिया। चोपड़ा ने अपनी बात को आंकड़ों के जरिए समझाते हुए कहा कि चेन्नई सुपर किंग्स सिर्फ एक साधारण फ्रेंचाइजी नहीं है, बल्कि यह आईपीएल इतिहास की पांच बार की चैंपियन टीम है और इसका कारोबार सिर्फ भारत तक सीमित नहीं है, बल्कि विदेशों में भी इस ब्रांड की टीमें मौजूद हैं। उनके अनुसार सीएसके की मौजूदा वैल्यूएशन करीब 1.8 बिलियन डॉलर आंकी गई है, जो इस फ्रेंचाइजी की व्यावसायिक ताकत को दर्शाती है।
रकम पर उठा सवाल
आकाश चोपड़ा ने अपने तर्क को और स्पष्ट करते हुए कहा कि अगर चेन्नई सुपर किंग्स की वैल्यूएशन 1.8 बिलियन डॉलर मानी जाए, तो उसमें 25 प्रतिशत हिस्सेदारी की मांग करना व्यावहारिक रूप से संभव ही नहीं लगता। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति या संस्था इतनी बड़ी वैल्यूएशन में से 25 प्रतिशत हिस्सा किसी को यूं ही सौंपने का फैसला रातोंरात नहीं ले सकती।
उनके मुताबिक 25 प्रतिशत हिस्सेदारी हासिल करने के लिए करीब 400 मिलियन डॉलर की भारी रकम निवेश करनी होगी, जो भारतीय मुद्रा में तब्दील करने पर लगभग 3,820 करोड़ रुपये से भी अधिक बैठती है। चोपड़ा का कहना है कि इतनी बड़ी रकम की मांग और उसे स्वीकार करने की बात, वह भी बिना किसी ठोस आधिकारिक पुष्टि के, आंकड़ों के लिहाज से बेहद असंभव लगती है।
सामने आए अलग-अलग आंकड़े
रिपोर्ट में आगे यह भी दावा किया गया था कि, बातचीत के दौरान हिस्सेदारी के अलग-अलग आंकड़े सामने आते रहे। कभी 3.5 प्रतिशत तो कभी 5.5 प्रतिशत हिस्सेदारी की बातें चर्चा में आईं। इस पर आकाश चोपड़ा ने कहा कि, भले ही यह आंकड़े 25 प्रतिशत की तुलना में छोटे लगते हों, लेकिन इतने बड़े बिजनेस में 2 से 3 प्रतिशत हिस्सेदारी भी वास्तव में करोड़ों रुपये के बराबर होती है। यानी छोटे प्रतिशत को भी हल्के में नहीं लिया जा सकता, क्योंकि सीएसके जैसी बड़ी फ्रेंचाइजी में हर एक प्रतिशत हिस्सेदारी की कीमत भी बेहद अधिक होती है।
मनगढ़ंत कहानी
आकाश चोपड़ा ने अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए कहा कि उन्हें व्यक्तिगत रूप से यह पूरा मामला ही गढ़ी हुई कहानी प्रतीत होता है। उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं पता कि इस तरह की खबर की शुरुआत आखिर किसने और क्यों की। उनके अनुसार पहले 25 प्रतिशत हिस्सेदारी की मांग रखना और फिर अंततः महज 5.5 प्रतिशत पर राजी हो जाना, यह पूरा घटनाक्रम तार्किक रूप से मेल नहीं खाता।
हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट किया कि, उनके पास इस मामले से जुड़ी कोई भी वेरिफाइड या आधिकारिक जानकारी नहीं है, इसलिए वे इस खबर को पूरी तरह झूठा भी करार नहीं दे सकते, लेकिन अपने अनुभव और समझ के आधार पर उन्होंने साफ कहा कि उनके नजरिए से इस खबर में सच्चाई नजर नहीं आती।
CSK से लंबे समय से जुड़े हैं धोनी
एमएस धोनी और चेन्नई सुपर किंग्स का रिश्ता आईपीएल इतिहास के सबसे मशहूर और भावनात्मक जुड़ावों में गिना जाता है। धोनी ने अपने पूरे आईपीएल करियर में सिर्फ 2016 और 2017 का सीजन छोड़कर बाकी हर सीजन चेन्नई सुपर किंग्स के लिए ही खेला है। उन वर्षों में फ्रेंचाइजी पर प्रतिबंध लगने के कारण धोनी को अस्थायी रूप से राइजिंग पुणे सुपरजायंट के लिए खेलना पड़ा था।

अपने पूरे आईपीएल करियर में धोनी ने अब तक कुल 5,439 रन बनाए हैं, जो उनकी लंबी और सफल आईपीएल यात्रा को दर्शाता है। हालांकि चोट के कारण वे आईपीएल 2026 सीजन में एक भी मैच नहीं खेल पाए, फिर भी टीम और फैंस के बीच उनकी मौजूदगी और अहमियत लगातार बनी रही।
इस पूरे मामले पर न तो चेन्नई सुपर किंग्स फ्रेंचाइजी और न ही एमएस धोनी की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने आया है। ऐसे में जब तक दोनों पक्षों में से किसी की ओर से स्पष्ट पुष्टि नहीं होती, तब तक इस हिस्सेदारी विवाद को अटकलों और अपुष्ट रिपोर्टों के दायरे में ही देखा जाना चाहिए। आकाश चोपड़ा जैसे अनुभवी क्रिकेट जानकारों की प्रतिक्रिया ने इस मामले को और दिलचस्प बना दिया है, और क्रिकेट फैंस अब इस पूरे प्रकरण पर आधिकारिक स्पष्टीकरण का इंतजार कर रहे हैं।
इसे भी पढ़ें- इस युवा खिलाड़ी के कायल हुए एमएस धोनी, पढ़े तारीफों के कसीदे



