
नई दिल्ली।दिल्ली कैपिटल्स को यदि इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में अपनी मजबूती बरकरार रखनी है, तो बुधवार को यहां होने वाले मुकाबले में गुजरात टाइटंस के खिलाफ उसके शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों को बेहतर प्रदर्शन करना होगा। केएल राहुल की अगुवाई में टीम का टॉप ऑर्डर अब तक अपेक्षाओं पर पूरी तरह खरा नहीं उतर पाया है।
दिल्ली कैपिटल्स ने अब तक गेंदबाजी में अच्छा प्रदर्शन किया है, जिसकी बदौलत टीम ने हाल के मैचों में जीत दर्ज की है। बल्लेबाजी में 22 वर्षीय समीर रिजवी ने जिम्मेदारी संभाली है। इस युवा बल्लेबाज ने अपने धैर्य और कौशल से सभी को प्रभावित किया है।
अगर राहुल और अन्य शीर्ष क्रम के बल्लेबाज लय में लौटते हैं, तो दिल्ली की टीम और भी मजबूत हो सकती है। राहुल अपनी शुरुआती दो पारियों में जिस तरह आउट हुए, उसके लिए उन्हें पूरी तरह जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता और वह कभी भी बड़ी पारी खेल सकते हैं। हालांकि तीसरे नंबर पर नीतीश राणा का प्रदर्शन निराशाजनक रहा है और ऐसा लगता है कि वह इस स्थान पर दबाव महसूस कर रहे हैं।
श्रीलंका के सलामी बल्लेबाज पथुम निसांका ने पिछले मैच में अपनी लय हासिल कर ली थी, जिससे उन्हें पावरप्ले में गुजरात के तेज गेंदबाजों कैगिसो रबाडा और मोहम्मद सिराज का सामना करने में आत्मविश्वास मिलेगा।
आईपीएल में लगातार तीसरा अर्धशतक लगाने वाले रिजवी शानदार फॉर्म में हैं। वह पहले से ही स्पिनरों के खिलाफ आक्रामक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते थे, लेकिन अब तेज गेंदबाजों के खिलाफ भी उतने ही प्रभावी नजर आ रहे हैं। मुंबई इंडियंस के खिलाफ पिछले मैच में उन्होंने शुरुआत में संयम दिखाया और बाद में आक्रामक बल्लेबाजी कर टीम को आसान जीत दिलाई।
गेंदबाजी में दिल्ली की ओर से मुकेश कुमार ने अब तक शानदार प्रदर्शन किया है, जबकि कप्तान अक्षर पटेल पावरप्ले और मध्य ओवरों दोनों में प्रभावी साबित हुए हैं। लुंगी एनगिडी ने गेंदबाजी आक्रमण को मजबूती दी है, जिसमें टी नटराजन और कुलदीप यादव भी अहम भूमिका निभा रहे हैं।
दूसरी ओर, गुजरात टाइटंस की टीम बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में संघर्ष कर रही है। टीम अपने शीर्ष क्रम पर अधिक निर्भर नजर आती है, जबकि मध्यक्रम अपेक्षाओं पर खरा नहीं उतर पा रहा है।
राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ पिछले मैच में गुजरात को 205 रन का लक्ष्य हासिल करना चाहिए था, लेकिन साई सुदर्शन की अच्छी शुरुआत का मध्यक्रम फायदा नहीं उठा सका। ग्लेन फिलिप्स, वाशिंगटन सुंदर और राहुल तेवतिया को दबाव में बेहतर प्रदर्शन करना होगा।
कप्तान शुभमन गिल मांसपेशियों में खिंचाव के कारण पिछला मैच नहीं खेल पाए थे, लेकिन कार्यवाहक कप्तान राशिद खान ने संकेत दिया है कि वह इस महत्वपूर्ण मुकाबले के लिए फिट हो सकते हैं।
गुजरात टाइटंस अपने पहले दो मैच हार चुकी है और गेंदबाजी भी प्रभावशाली नहीं रही है। सिराज और रबाडा महंगे साबित हुए हैं, जबकि प्रसिद्ध कृष्णा निरंतरता नहीं रख पाए हैं।
हालांकि टीम के लिए सकारात्मक पहलू यह है कि राशिद खान ने टूर्नामेंट की शुरुआत में ही लय हासिल कर ली है। वहीं 23 वर्षीय तेज गेंदबाज अशोक शर्मा ने भी प्रभावित किया है।
कोटला की पिच आमतौर पर बल्लेबाजों के लिए अनुकूल मानी जाती है, लेकिन पिछले सप्ताह दोपहर के मैच में मुंबई इंडियंस की टीम केवल 162 रन ही बना सकी थी। अब देखना यह है कि अप्रैल में शाम के मुकाबले में पिच का व्यवहार कैसा रहता है।
टीम इस प्रकार हैं:
दिल्ली कैपिटल्स: अक्षर पटेल (कप्तान), अभिषेक पोरेल, करुण नायर, केएल राहुल, नितीश राणा, समीर रिजवी, टस्टन स्टब्स,आशुतोष शर्मा, माधव तिवारी, दुष्मंथा चमीरा, कुलदीप यादव,मुकेश कुमार, विपराज निगम, मिचेल स्टार्क, त्रिपुराना विजय,डेविड मिलर, बेन डकेट, औकिब नबी डार, पथुम निसांका,लुंगी एनगिडी, पृथ्वी साव, काइल जैमीसन, टी नटराजन, अजय जादव मंडल, साहिल पारख।
गुजरात टाइटंस: शुभमन गिल (कप्तान), अनुज रावत, जोस बटलर, कुमार कुशाग्र, शाहरुख खान, ग्लेन फिलिप्स, राशिद खान,मानव सुथार, निशांत सिंधु, राहुल तेवतिया, वॉशिंगटन सुंदर, गुरनूर बराड़, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, कैगिसो रबाडा, रविश्रीनिवासन साई किशोर, जयंत यादव, ईशांत शर्मा,अशोक शर्मा, जेसन होल्डर, टॉम बैंटन, पृथ्वी राज येरा, ल्यूक वुड, साई सुदर्शन, अरशद खान।
मैच भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बजे शुरू होगा।



