स्मृति मंधाना के हाथ में भारतीय महिला क्रिकेट की कमान, तीनों फॉर्मेट की कप्तान घोषित

जिम्बाब्वे दौरे के लिए टीमों का ऐलान, इन्हें बनाया गया उप कप्तान

भारतीय महिला क्रिकेट में नेतृत्व परिवर्तन का दौर शुरू हो गया है। बीसीसीआई ने स्टार सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना को तीनों फॉर्मेट में टीम इंडिया की कप्तानी सौंप दी है। बोर्ड ने जिम्बाब्वे दौरे पर होने वाली टी20 और वनडे सीरीज के लिए भारतीय महिला टीम का भी ऐलान कर दिया। मंधाना अब पूर्णकालिक कप्तान के तौर पर अपनी नई पारी की शुरुआत करेंगी।

आपको बता दें कि, मंगलवार दोपहर हरमनप्रीत कौर ने तीनों फॉर्मेट में कप्तानी छोड़ने का फैसला लिया। उसी दिन देर रात बीसीसीआई ने अगली सीरीज के लिए टीम का एलान कर दिया, जिसमें मंधाना को कप्तान बनाने की आधिकारिक घोषणा भी शामिल थी। इस पूरे घटना क्रम ने हर किसी को चौंका दिया।

इसे भी पढ़ें- एशियन गेम्स 2026: महिला क्रिकेट टीम ने रचा इतिहास, गोल्ड मेडल पर जमाया कब्जा

इतनी तेजी से हुए फैसले को लेकर कहा जा रहा है कि, नई कप्तान को लेकर रूपरेखा पहले ही तय हो चुकी थी। वहीं जानकारों के मानना है कि, एक दिन पहले हुई समीक्षा बैठक में ही इस पर सहमति बन गई थी। उस बैठक में स्मृति मंधाना भी मौजूद थीं।

मेरे लिए खास सम्मान

कप्तान बनने के बाद मंधाना ने अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा, “भारतीय टीम की कप्तानी की ज़िम्मेदारी मिलना मेरे लिए बहुत खास सम्मान की बात है।” उन्होंने बीसीसीआई, चयनकर्ताओं और साथी खिलाड़ियों का आभार जताया। साथ ही उन सभी लोगों का शुक्रिया अदा किया, जिन्होंने पूरे सफर में उनका साथ दिया और उन पर भरोसा दिखाया।

Smriti Mandhana, Deepti Sharma, Shefali Verma

मंधाना ने निवर्तमान कप्तान हरमनप्रीत कौर और अन्य पूर्व कप्तानों के योगदान की सराहना भी की। उन्होंने कहा कि वह इस भूमिका के साथ आने वाली जिम्मेदारी को समझती हैं और टीम के साथ मिलकर भारतीय क्रिकेट को आगे ले जाने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ देने को उत्सुक हैं।

दो उपकप्तान, दो फॉर्मेट

नेतृत्व समूह में बोर्ड ने फॉर्मेट के हिसाब से संतुलन साधा है। आक्रामक बल्लेबाज शेफाली वर्मा को टी20 टीम का उपकप्तान बनाया गया है, जबकि अनुभवी ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा वनडे टीम में मंधाना की डिप्टी होंगी। यानी छोटे फॉर्मेट की तेज रफ्तार क्रिकेट में शेफाली की निडर सोच और 50 ओवरों के खेल में दीप्ति के अनुभव पर भरोसा जताया गया है।

 जिम्बाब्वे दौरे के लिए टी20 टीम

स्मृति मंधाना (कप्तान), शेफाली वर्मा (उपकप्तान), निकी प्रसाद, हरमनप्रीत कौर, अनुष्का शर्मा, ऋचा घोष, कमलिनी, दीप्ति शर्मा, प्रेमा रावत, श्री चरणी, नंदनी शर्मा, क्रांति गौड़, अरुंधति रेड्डी, जिंतीमणि कलिता और मिन्नू मणि।

टीम में अनुभवी और युवा खिलाड़ियों का मिश्रण दिखता है। हरमनप्रीत कौर कप्तानी छोड़ने के बावजूद टीम का हिस्सा बनी हुई हैं, जो नए कप्तान के लिए बड़ी राहत की बात होगी। मैदान पर उनका अनुभव मंधाना के काम आएगा। ऋचा घोष और दीप्ति शर्मा जैसी खिलाड़ी मध्यक्रम और ऑलराउंड विकल्प के रूप में टीम को मजबूती देंगी। वहीं गेंदबाजी में श्री चरणी, क्रांति गौड़, अरुंधति रेड्डी और नंदनी शर्मा जैसे नाम चयनकर्ताओं की उस सोच को दर्शाते हैं, जिसमें नई प्रतिभाओं को लगातार मौके देने पर जोर है।

 वनडे सीरीज के लिए नई टीम

स्मृति मंधाना (कप्तान), दीप्ति शर्मा (उपकप्तान), शेफाली वर्मा, प्रतीका रावल, हरमनप्रीत कौर, हरलीन देओल, तेजल हसबनीस, ऋचा घोष (विकेटकीपर), यस्तिका भाटिया (विकेटकीपर), वैष्णवी शर्मा, नंदनी शर्मा, श्री चरणी, क्रांति गौड़, सायली सतघरे और रेणुका ठाकुर।

वनडे टीम में बल्लेबाजी की गहराई साफ दिखाई देती है। शीर्ष क्रम में मंधाना, शेफाली और प्रतीका रावल जैसी बल्लेबाज हैं, तो मध्यक्रम में हरमनप्रीत, हरलीन देओल और तेजल हसबनीस जिम्मेदारी संभालेंगी। विकेटकीपिंग के लिए ऋचा घोष और यस्तिका भाटिया के रूप में दो विकल्प रखे गए हैं। गेंदबाजी आक्रमण में तेज गेंदबाज रेणुका ठाकुर और क्रांति गौड़ के साथ स्पिन विभाग में श्री चरणी और अन्य खिलाड़ियों पर नजर रहेगी।

नेतृत्व की नई चुनौती

कप्तानी का बदलाव किसी भी टीम के लिए संवेदनशील मोड़ होता है। मंधाना पहले से ही टीम की सबसे भरोसेमंद बल्लेबाजों में गिनी जाती हैं और ड्रेसिंग रूम में उनका सम्मान है। अब उन पर बल्ले से योगदान देने के साथ-साथ रणनीति बनाने, गेंदबाजों के इस्तेमाल और युवा खिलाड़ियों को आत्मविश्वास देने की दोहरी जिम्मेदारी होगी।

हरमनप्रीत की टीम में मौजूदगी, दीप्ति शर्मा का अनुभव और शेफाली वर्मा की आक्रामकता इस बदलाव को सहज बना सकती है। बोर्ड ने साफ संकेत दिया है कि वह नेतृत्व का एक ऐसा ढांचा खड़ा करना चाहता है जिसमें हर फॉर्मेट के लिए अलग भूमिकाएं तय हों।

अब निगाहें जिम्बाब्वे दौरे पर

अब सबकी नजरें जिम्बाब्वे दौरे पर टिकी हैं, जो मंधाना की कप्तानी का पहला इम्तिहान होगा। टी20 और वनडे दोनों सीरीज में नई कप्तान के फैसले, टीम संयोजन और खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर क्रिकेट प्रेमियों की खास नजर रहेगी। भारतीय महिला क्रिकेट के लिए यह दौरा नए अध्याय की शुरुआत माना जा रहा है, जिसमें अनुभव और युवा जोश के साथ आगे बढ़ने की तैयारी है।

 

इसे भी पढ़ें- अबूधाबी के बजाय दक्षिण अफ्रीका में अभ्यास करेगी इंग्लैंड की महिला क्रिकेट टीम

Related Articles

Back to top button