\n\n\n\n\n \n

Box Office: ‘मिर्जापुर द मूवी’ की बंपर ओपनिंग तय, कुछ घंटों में ही कमा लिए 4 करोड़

ओटीटी की सुपरहिट सीरीज अब बड़े परदे पर मचाएगी धमाल

ओटीटी प्लेटफॉर्म की सबसे लोकप्रिय क्राइम सीरीज में शुमार ‘मिर्जापुर’ अब फिल्म के रूप में सिनेमाघरों में दस्तक दे चुकी है। शुक्रवार, 4 सितंबर यानी आज ‘मिर्जापुर द मूवी’ देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। खास बात यह है कि, फिल्म को लेकर रिलीज से पहले ही दर्शकों में इतना ज्यादा उत्साह और हाईप बन गया था कि, इसकी एडवांस बुकिंग शुरू होते ही धड़ाधड़ टिकट बिकने लगे थे।

इसे भी पढ़ें- गालियां म्यूट, सीन कट, फिर भी मिला ‘Aसर्टिफिकेट ‘मिर्जापुर द मूवी’ पर सेंसर का शिकंजा

सीरीज के फैन्स लंबे समय से इस फिल्म का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे, और अब जब यह सिनेमाघरों में दस्तक दे चुकी है, तो शुरुआती रुझान बता रहे हैं कि, यह फिल्म ओपनिंग डे पर जबरदस्त धमाल मचाने की पूरी तैयारी में है। आइए विस्तार से जानते हैं कि रिलीज के पहले दिन यह फिल्म अब तक कितनी कमाई कर चुकी है और इसकी ऑक्यूपेंसी की स्थिति क्या है।

एडवांस बुकिंग में धमाल

फिल्म ट्रेड से जुड़े आंकड़े जुटाने वाली वेबसाइट सैकनिल्क के मुताबिक, ‘मिर्जापुर द मूवी’ ने रिलीज से पहले ही एडवांस बुकिंग में शानदार आंकड़े दर्ज कर लिए हैं। हिंदी 2डी फॉर्मेट में फिल्म ने रिलीज के पहले दिन के लिए कुल 3 लाख 25 हजार 635 टिकटों की बिक्री की है, जो किसी भी फिल्म के लिए एक मजबूत शुरुआत मानी जाती है। इसके साथ ही तेलुगु भाषा में भी फिल्म को दर्शकों का अच्छा साथ मिला है, जहां 2डी फॉर्मेट में पहले दिन के लिए 2 हजार 492 टिकटों की एडवांस बुकिंग हुई है।

MIRZAPUR THE MOVIE

आंकड़ों पर नजर डालें, तो फिल्म ने बिना ब्लॉक सीटों को गिने ही प्री-सेल में करीब 9.19 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है। वहीं जब इसमें ब्लॉक सीटों को भी जोड़ा गया, तो एडवांस बुकिंग का कुल आंकड़ा 12.55 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। यह आंकड़े साफ तौर पर दिखा रहा है कि फिल्म को लेकर दर्शकों में कितना क्रेज है।

 12 बजे तक ही 4 करोड़ कमाए

रिलीज के दिन ही यानी शुक्रवार को दोपहर 12 बजे तक फिल्म ने हिंदी भाषा में 4.18 करोड़ रुपये की कमाई कर ली, जिसके साथ इसकी ऑक्यूपेंसी 24.0 प्रतिशत दर्ज की गई। वहीं तेलुगु भाषा में सुबह 11 बजे तक फिल्म ने 0.04 करोड़ रुपये कमाए, जहां ऑक्यूपेंसी 18.0 प्रतिशत रही। दोनों भाषाओं को मिलाकर फिल्म का कुल कलेक्शन दोपहर तक 4.22 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका था। यह आंकड़े बताते हैं कि, फिल्म को दिन के पहले हिस्से में ही दर्शकों का जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है, और जैसे-जैसे दिन आगे बढ़ेगा, शाम और रात के शो में कमाई और तेज होने की उम्मीद जताई जा रही है।

कितने करोड़ की हो सकती है ओपनिंग?

फिल्म ट्रेड एनालिस्ट्स और सैकनिल्क के अनुमान के मुताबिक, चूंकि ‘मिर्जापुर द मूवी’ पहले ही एडवांस बुकिंग में 12 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर चुकी है, इसलिए यह तय माना जा रहा है कि फिल्म डबल डिजिट में ओपनिंग करेगी। शुरुआती अनुमानों के अनुसार फिल्म 20 से 25 करोड़ रुपये के कलेक्शन के साथ अपनी शुरुआत कर सकती है। हालांकि अगर फिल्म को दर्शकों और क्रिटिक्स की ओर से पॉजिटिव वर्ड ऑफ माउथ मिलता है, तो यह आंकड़ा 30 करोड़ रुपये तक भी पहुंच सकता है। बहरहाल, फिल्म के पहले दिन के सटीक और अंतिम आंकड़े रात करीब 10:30 बजे के बाद ही सामने आ पाएंगे, जब सभी शो के कलेक्शन की गणना पूरी हो जाएगी।

ये है स्टार कास्ट

‘मिर्जापुर द मूवी’ की सबसे बड़ी खासियत यह है कि, इसमें वेब सीरीज के दौरान लोकप्रिय हुए कई जाने-पहचाने चेहरों ने एक बार फिर कमबैक किया है। फिल्म में पंकज त्रिपाठी, अली फजल, दिव्येंदु, रसिका दुग्गल, श्रिया पिलगांवकर, श्वेता त्रिपाठी और अभिषेक बनर्जी जैसे कलाकार नजर आएंगे, जिन्होंने सीरिज के दौरान ही दर्शकों के दिलों पर खास जगह बना चुकी है। इन कलाकारों की मौजूदगी ने फिल्म को लेकर उत्सुकता को और बढ़ा दिया है, क्योंकि फैंस बड़े पर्दे पर अपने पसंदीदा किरदारों को दोबारा देखने के लिए बेताब थे।

MIRZAPUR THE MOVIE

इसके साथ ही फिल्म में कुछ नए चेहरों की भी एंट्री हुई है, जो इस फ्रेंचाइजी के लिए बिल्कुल नए हैं। इनमें रवि किशन, जितेंद्र कुमार और सोनल चौहान जैसे कलाकार शामिल हैं। इन नए कलाकारों की मौजूदगी से फिल्म की कहानी में नए आयाम जुड़ने की उम्मीद जताई जा रही है, साथ ही यह भी देखने लायक होगा कि, पुराने और नए कलाकारों की यह जोड़ी दर्शकों के दिलों पर किस तरह का असर छोड़ती है।

दर्शकों में क्रेज 

सिनेमाघरों में उमड़ रही भीड़ और एडवांस बुकिंग के आंकड़े इस बात के स्पष्ट संकेत हैं कि, ‘मिर्जापुर’ ब्रांड को लेकर दर्शकों में आज भी उतना ही जोश और क्रेज बरकरार है, जितना वेब सीरीज के दौरान था। सीरीज के चार सफल सीजन के बाद अब फैंस बड़े पर्दे पर इस कहानी का अगला अध्याय देखने के लिए उत्सुक हैं। ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि, अगर फिल्म को शुरुआती दिनों में अच्छा रिस्पॉन्स मिलता रहा, तो यह इस साल की सबसे बड़ी हिंदी फिल्मों में शुमार हो सकती है।

अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि, दिन ढलने के साथ-साथ फिल्म का कलेक्शन किस रफ्तार से आगे बढ़ता है और रात तक के आंकड़े क्या तस्वीर पेश करते हैं। साथ ही, यह भी देखना दिलचस्प होगा कि, फिल्म को मिलने वाला वर्ड ऑफ माउथ इसे किस दिशा में ले जाता है, क्या यह 20-25 करोड़ के अनुमानित आंकड़े तक सीमित रहती है, या फिर पॉजिटिव रिस्पॉन्स के दम पर 30 करोड़ के आंकड़े को भी पार कर जाती है। बहरहाल, पहले दिन के शुरुआती रुझान यह साफ इशारा कर रहे हैं कि ‘मिर्जापुर द मूवी’ बॉक्स ऑफिस पर एक दमदार शुरुआत करेगी।

 

इसे भी पढ़ें- मिर्जापुर द मूवी: OTT की सबसे बड़ी सीरीज अब बड़े पर्दे पर मचाएगी धमाल, इस डेट को होगी रिलीज

Related Articles

Back to top button