ओटीटी जगत की सबसे चर्चित और सबसे ज़्यादा देखी जाने वाली क्राइम थ्रिलर सीरीज़ ‘ मिर्जापुर‘ अब एक बिल्कुल नए और बड़े अवतार में दर्शकों के सामने आने के लिए तैयार है। जी हां, वह मिर्ज़ापुर जिसने अपने तीखे डायलॉग्स, दमदार किरदारों और रोंगटे खड़े कर देने वाले ट्विस्ट से करोड़ों दर्शकों का दिल जीता, वह अब छोटी स्क्रीन की सीमाओं को तोड़कर सिनेमाघरों की बड़ी स्क्रीन पर धमाकेदार एंट्री करने वाला है। ‘मिर्ज़ापुर द मूवी’ के ऐलान के बाद से ही फैंस में जबर्दस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। सोशल मीडिया से लेकर गली-मोहल्लों तक, हर जगह बस एक ही चर्चा है मिर्ज़ापुर का भौकाल अब थिएटर में भी गूंजेगा।
इसे भी पढ़ें- थियेटर के बाद अब ओटीटी पर धमाल मचाएगी अक्षय कुमार की ‘भूत बंगला’
पोस्टर में दिखा दबदबा
फिल्म की रिलीज़ से पहले मेकर्स ने एक नया और शानदार पोस्टर जारी किया है, जिसने फैंस के बीच उत्सुकता की आग में घी का काम किया है। इस पोस्टर को देखते ही पुरानी यादें एकदम ताज़ा हो जाती हैं। पोस्टर के ठीक बीचोबीच वह मशहूर ‘गद्दी’ नज़र आ रही है, वही गद्दी जो मिर्ज़ापुर की सत्ता, शक्ति और दबदबे का प्रतीक रही है। उसके दोनों तरफ़ रखी बंदूकें यह बताने के लिए काफी हैं कि मिर्ज़ापुर की दुनिया में कुछ भी नहीं बदला, यहां आज भी ताकत की भाषा बोली जाती है और गद्दी के लिए खून बहाया जाता है।

हालांकि, इस पोस्टर में फिल्म की कहानी या किरदारों को लेकर कोई बड़ा खुलासा नहीं किया गया है, लेकिन इसका संदेश बिल्कुल साफ है, मिर्ज़ापुर की दुनिया एक बार फिर बहुत बड़े स्तर पर वापसी करने के लिए पूरी तरह तैयार है। पोस्टर का यह अंदाज़ दर्शकों को सोचने पर मजबूर करता है कि इस बार गद्दी पर कौन बैठेगा और सत्ता की यह जंग किस मोड़ पर जाकर खत्म होगी।
टीजर की रिलीज डेट का ऐलान
नए पोस्टर के साथ-साथ मेकर्स ने फिल्म के टीजर की रिलीज़ डेट का भी ऐलान किया है, जिससे फैंस की खुशी दोगुनी हो गई है। पोस्ट के कैप्शन में लिखा गया है, ‘गद्दी है तो हम हैं। यह छोटा-सा डायलॉग मिर्ज़ापुर की पूरी फिलॉसफी को बयान कर देता है। साथ ही यह भी बताया गया है कि ‘मिर्ज़ापुर द मूवी’ का टीजर दोपहर 12 बजे रिलीज़ होगा। टीजर से दर्शकों को पहली बार फिल्म की झलक देखने को मिलेगी, नए किरदार, नई कहानी और वही पुराना मिर्ज़ापुर का खौफ़नाक माहौल। यह टीजर उन तमाम सवालों के जवाब देने की शुरुआत करेगा, जो फैंस के मन में सीरीज़ के आखिरी एपिसोड के बाद से उठ रहे थे।
फिल्म कब और कहां होगी रिलीज़
अब बात करते हैं उस तारीख की जिसका फैंस बेसब्री से इंतज़ार कर रहे हैं। ‘मिर्ज़ापुर द मूवी’ 4 सितंबर को दुनिया भर के सिनेमाघरों में बड़े पैमाने पर रिलीज़ की जाएगी। यह फिल्म केवल हिंदी और तेलुगु भाषाओं में सिनेमाघरों में देखने को मिलेगी, जिससे साफ होता है कि मेकर्स इस फिल्म को उत्तर भारत के साथ-साथ दक्षिण भारत के दर्शकों तक भी पहुंचाना चाहते हैं।
View this post on Instagram
‘मिर्ज़ापुर द मूवी’ को अमेज़न एमजीएम स्टूडियो और एक्सेल एंटरटेनमेंट मिलकर प्रस्तुत कर रहे हैं। फिल्म का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है, जो पहले भी मिर्ज़ापुर सीरीज़ के साथ जुड़े रह चुके हैं, इसलिए उनसे यह उम्मीद की जा सकती है कि, वह मिर्ज़ापुर के असली मिज़ाज को बड़े पर्दे पर भी जीवंत रखेंगे। फिल्म की पटकथा पुनीत कृष्णा ने लिखी है।
ये कलाकार आएंगे नजर
निर्माण की ज़िम्मेदारी रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर के कंधों पर है, जो एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले इसे प्रोड्यूस कर रहे हैं। फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी की जोड़ी ने पहले भी कई बेहतरीन प्रोजेक्ट्स दिए हैं और मिर्ज़ापुर सीरीज़ को भी इन्हीं के बैनर ने तैयार किया था। फिल्म के को-प्रोड्यूसर कासिम जगमगिया और विशाल रामचंदानी हैं।

‘मिर्ज़ापुर द मूवी’ की स्टार कास्ट बेहद दमदार है। इसमें जितेंद्र कुमार, रवि किशन, अभिषेक बनर्जी, रसिका दुग्गल, श्वेता त्रिपाठी, श्रिया पिलगांवकर, हर्षिता गौर, सुशांत सिंह, मोहित मलिक, शीबा चड्ढा, राजेश तैलंग, कुलभूषण खरबंदा, सोनल चौहान, प्रमोद पाठक और अनंगशा बिस्वास जैसे कई प्रतिभाशाली कलाकार शामिल हैं। इस कास्ट को देखकर यह अंदाज़ा लगाया जा सकता है कि फिल्म में नए और पुराने किरदारों का एक दिलचस्प मिश्रण होगा। सीरीज़ के जाने-पहचाने चेहरे जहां पुराने फैंस को नॉस्टैल्जिया का अहसास दिलाएंगे, वहीं नए किरदार कहानी में ताज़गी और नया मोड़ लाएंगे।
2018 में शुरू हुआ था सफर
मिर्ज़ापुर सीरीज़ का सफर 2018 में शुरू हुआ था और तब से यह भारतीय ओटीटी की सबसे बड़ी सफलताओं में से एक बन गई है। इसकी कहानी पूर्वांचल क्षेत्र पर आधारित है, जहां सत्ता, राजनीति और अपराध एक-दूसरे में इस कदर घुले-मिले हैं कि, इन्हें अलग करना नामुमकिन लगता है।

पंकज त्रिपाठी, अली फ़ज़ल और श्वेता त्रिपाठी जैसे कलाकारों ने अपने किरदारों में जान फूंककर इस सीरीज़ को एक अलग ही मुकाम पर पहुंचा दिया। सीरीज़ की ज़बरदस्त कहानी, यादगार संवाद और चौंकाने वाले ट्विस्ट ने इसे सिर्फ एक वेब सीरीज़ नहीं, बल्कि एक सांस्कृतिक घटना बना दिया। स्ट्रीमिंग के दौर में शायद ही कोई ऐसी भारतीय सीरीज़ हो जिसने मिर्ज़ापुर जितनी बड़ी फैन फॉलोइंग हासिल की हो।
अब जब यही दुनिया बड़े पर्दे पर उतरने वाली है, तो दर्शकों की उम्मीदें भी उतनी ही बड़ी हैं। 4 सितंबर का इंतज़ार हर मिर्ज़ापुर फैन के लिए उतना ही बेसब्री भरा है जितना कभी नए सीज़न का हुआ करता था। गद्दी तैयार है, बंदूकें लोड हैं, मिर्ज़ापुर का भौकाल अब सिनेमाघरों में गूंजने वाला है।
इसे भी पढ़ें- इस हफ्ते थियेटर और ओटीटी पर मचेगा तहलका, रिलीज होने जा रही है भूत बंगला’ से ‘मटका किंग’ तक



